प्रथम भाग — 1. आत्म-समर्पण योग

कलकत्ता के राजा बाजार मुहल्ले में एक छोटा-सा दोमंजिला खपरैल का मकान था। गरीबों का-सा घर जँचता था। इसमें ट्राम-कंडक्टर या इसी श्रेणी के लोग रहते थे। इसी मकान के ऊपरवाले एक कमरे में श्री शशांकमोहन हाजरा नामक एक युवा पुरुष रहते थे। जिस समय वह गिरफ्तार किये गये उस समय उनके कमरे में बम के ऊपरी खोल मिले और ऐसे लेख भी बरामद हुए जिनमें योगाभ्यास की विधि थी। अदालत में मुकदमा चलते समय किसी ने भी इन लेखों को महत्वपूर्ण नहीं समझा; कहा गया कि ये लेख असल में लोगों को फँसाने के लिए हैं। लोगों को गुमराह करने का यह एक जरिया है। लेकिन मैं जानता हूँ कि असल में बात ऐसी थी नहीं। हम लोगों ने सचमुच ही अपने जीवन में इस साधन (योगाभ्यास) को ग्रहण किया था। हम लोग सिर्फ मुँह से ही न कहते थे कि भगवान् सभी कामों के नियन्ता हैं, बल्कि सचमुच हृदय से, गम्भीर श्रद्धा के साथ, इस बात पर हम विश्वास भी करते थे। हम अपनी गरज के लिए, अपना काम साधने के लिए ही कुछ भगवान् को न घसीटते थे, किन्तु भगवान् के अधिनायकत्व की आलोचना और भावना में कितने ही दिन और रात्रियाँ तक हमने बिताईं।

भारत की छाती पर जो यह महान् आन्दोलन हुआ और हो रहा है, यह भगवान् की इच्छा से ही हुआ और हो रहा है; यही हम लोगों का विश्वास है। जिस भाव की अव्ययं प्रेरणा से भारत के सैकड़ों नवयुवक मृत्यु को सहर्ष चुनौती देकर बड़ी-बड़ी कठिन विपत्तियों के मुख में भी बड़ी आन-बान के साथ कूदे थे, और जिस प्रेरणा के बल से उन्होंने अपार दुःखों और लांछनों को पक्के संयमी की भांति सहन किया था, उस भाव के प्लावन को यथा कोई विशेष व्यक्ति उपस्थित कर सकता है ? या इसका स्थायित्व किसी व्यक्ति विशेष के मत, अथवा जीवन-मरण पर अवलम्बित है ?

जब मैं निरा बच्चा ही था तभी से मेरे हृदय में स्वदेश का उद्धार करने का संकल्प जाग्रत रहता था। यह संकल्प मुझे किसी से प्राप्त नहीं हुआ। उस छोटी-सी ही उम्र में किसने मेरे रोम-रोम में इस संकल्प को भर दिया था ? बचपन से ही मैं इस विषय की आलोचना अपने छोटे भाइयों से करता आता हूँ। उस समय तो स्वदेशी आन्दोलन भी उपस्थित न हुआ था। यह केवल मेरे ही मन की दशा न थी। वयस्क होने पर जब मैंने और-और लोगों से बातचीत की तब मुझे पता लगा कि मेरे-जैसे और भी बहुतेरे लोग देश में विद्यमान हैं। मुझे तो यही लगता है कि भगवान् अपने अभीष्ट को सिद्ध करने के लिए पहले ही से तैयारी करते आ रहे हैं।

हमने जो आध्यात्मिक साधना ग्रहण की थी, एक शब्द में उसे आत्मसमर्पण योग कहा जा सकता है। भक्ति-योग अथवा प्रेमसाधन से इसका घनिष्ठ सम्बन्ध है। मैं भगवान् को प्यार करता हूँ, इतना प्यार करता हूँ कि उसके सिवा अन्य किसी वस्तु को अपना नहीं कह सकता। मैं जो कुछ करता हूँ, वास्तव में वह मैं स्वयं नहीं करता, मैं तो केवल निमित्त-मात्र हूँ। भगवान् स्वयं मेरे द्वारा उन कार्यों को सम्पन्न करते हैं। वेदान्त में इस मत का पर्याप्त पोषण किया गया है। जगत् में शक्ति एक ही है, अतएव जो कुछ इस संसार में होता है सब उस शक्ति का ही खेल है। परन्तु जगत् को हम माया नहीं समझते, वरन् उस भगवान् की लीला मानते हैं। हमने निज जीवन में, देश में तथा जगत् में उसी एक शक्ति की लीला देखने तथा अनुभव करने की चेष्टा की थी।