प्रथम भाग — 2. पूर्व परिचय
1906-1907 ईसवी में बंगाल में जो क्रान्ति की लहर चल रही थी वह बंगाल तक ही सीमित न रही। कुछ बंगाल के अनुकरण में, और कुछ बंगाल की प्रेरणा से, इस समय भारत में कई स्थानों पर विप्लव-केन्द्र स्थापित हो गए थे। इसी के फलस्वरूप काशी, दिल्ली और लाहौर में विप्लव-केन्द्रों की सृष्टि हुई।
मैं दिल्ली बम-केस के बाद से ही कहानी प्रारम्भ करूंगा। उससे पूर्व बंगाल के बाहर क्रान्तिकारीयों ने जो कार्य किए, जनसाधारण को उसका कुछ ज्ञान न था। दिल्ली षड्यन्त्र के मुकदमे में लाला हरदयाल और श्री रासविहारी बसु के नाम विख्यात हुए। लाला हरदयाल उस समय अमेरिका में थे किन्तु रासविहारी घोर संकट के समय में भी सन् 1915 तक भारत में ही रहे। वह बंगाल के बाहर के क्रान्तिकारी दल के नेता थे। उनको साधारणतः हम दादा या रासूदा कहते थे।
दिल्ली षड्यन्त्र के मुकदमे के प्रारम्भ होने के पहले से ही रासविहारी फ़रार हो चुके थे। उनको पकड़ने के लिए कई पुरस्कारों की घोषणा हो चुकी थी। प्रत्येक बड़े रेलवे स्टेशन पर उनका फोटो टांगा गया था और उनको पकड़वानेवाले को साढ़े सात हजार रुपया पुरस्कार दिया जायगा, इसकी भी घोषणा प्रकाशित की गई थी। किन्तु पूरा प्रयत्न करने पर भी सरकार उनको किसी तरह पकड़ न सकी।
बहुत सोच-विचार के बाद मेरे परामर्श से रासविहारी ने काशी में रहना निश्चित किया। वह काशी में मेरे साथ प्रायः एक वर्ष तक रहे। उस समय उनके संसर्ग से मैंने जो आनन्द पाया था उसे मैं भूल नहीं सका। इतने अरसे में मैंने उनको शायद कभी भी दुखी नहीं देखा। हाँ, जिस दिन दिल्ली षड्यन्त्र के मुकदमे के फैसले के अनुसार चार व्यक्तियों को फांसी का हुक्म हुआ उस दिन एकान्त में उनको अश्रुपात करते देखा था।
राजूदा जितने दिन काशी में रहे उतने दिन मैंने भारतवर्ष के भिन्न-भिन्न स्थानों के लोगों को उनसे मिलते देखा था। राजपूताना, पंजाब और दिल्ली से लेकर सुदूर पूर्व बंगाल तक के लोग उनके पास आते थे। वह जब तक काशी में रहे तब तक युक्त प्रदेश (उत्तर प्रदेश) तथा पंजाब के भिन्न-भिन्न स्थानों में विप्लव केन्द्रों की स्थापना में लगे रहे। उसी का यह परिणाम हुआ कि एक ही वर्ष में हमारा दल पर्याप्त शक्तिशाली हो गया और उसी का यह फल था कि यूरोपीय महायुद्ध जब प्रारम्भ हुआ तब हम खूब जोर से काम कर सके थे।
सन् 1915 भारत में चिरस्मरणीय रहेगा। इस साल विप्लव की जितनी बड़ी तैयारी अकारथ गई उतनी बड़ी तैयारी सन् 1857 के गदर के पश्चात्, पंजाब में कूका विद्रोह के सिवा, और हुई कि नहीं इसमें सन्देह है। इस षड्यन्त्रकारी दल के गिरफ्तार हो जाने पर 'भारत-रक्षा' कानून गढ़ा गया था। उस समय के होम-मेम्बर फैंडफ साहब ने, भारतीय व्यवस्थापिका सभा में उक्त कानून का प्रस्ताव उपस्थित करते समय जो वक्तृता दी थी, उसमें कहा था— "We had anarchism for a long time in Bengal but the situation in the Punjab was serious; in Bengal it was less so." उस समय सचमुच भारत की दशा बहुत ही नाजुक हो गई थी। हाँ; बंगाल के सम्बन्ध में फैंडफ साहब की अभिज्ञता उस समय बहुत ही कम थी। कुछ दिन के पश्चात् उक्त साहब ने स्वीकार किया था कि पंजाब के विप्लवकारियों के साथ बंगाल के विप्लवपन्थी दल के सम्बन्ध-सूत्र में सरकार की पहले जो धारणा थी उसमें परिवर्तन हो गया है।
उत्तर भारत के विप्लव सम्बन्धी कई मुकदमों में बहुतेरी बातें प्रकट हो चुकी हैं। बहुत लोग समझते हैं कि इन बातों में सच्चाई कम है। बहुतो ने मुझसे कहा भी था कि 'पुलिस ने अपना दिमाग लड़ाकर झूठा मुकदमा बनाकर खड़ा कर दिया है, वास्तव में वैसा कुछ देश में किया ही नहीं गया है।' ऐसे लोगों की बातें सुनने से मैं दिल में जल-भुन जाता था। सोचता था कि देशवासियों का अपनी शक्ति का विश्वास यहाँ तक लुप्त हो गया है कि वे यह समझ ही नहीं सकते कि उनके स्वजातियों में ऐसा कुछ करने का सामर्थ्य है। किन्तु अन्दर के क्षोभ के कारण मन की बातें खुलकर न कह सकता था, इससे जलन और भी अधिक होती थी * | 'कोमागाता मारू' नामक जहाज के सिक्ख यात्रियों को कनाडा की भूमि में पैर न रखने देने के कारण उनके मन मे जो आग प्रज्ज्वलित हुई थी उसकी चिनगारियां जब चारों ओर उड़ रही थी, तब भारत के एक प्रान्त में बैठे हुए हम लोग आशा की वेदना से चंचल होकर असहनशील की भांति ताक रहे थे। पंजाब में जो हमारे दल के लोग थे उनसे कह दिया गया था कि 'कोमागाता मारू' के यात्री ज्योंही देश में आएं उन्हें फौरन दल में भरती कर लिया जाय।
किन्तु 'कोमागाता मारू' के यात्रियों के भारत की वसुन्धरा पर पैर रखते ही एक दुर्घटना हो गई। परन्तु इससे हमारी आशा और भी सबल होने लगी। देखते-देखते कनाडा और कैलिफोर्निया से सिक्खों के दल के दल देश में आने लगे। ये लोग भारत को आते समय रास्ते में, स्थान-स्थान पर उतरकर, पुलिस और फौज में नियुक्त सिक्खों के बीच विप्लवाग्नि भड़का रहे थे। ये लोग बहुत दिन से भारत से बाहर परदेश में थे। इस कारण ये प्रायः यह न जानते थे कि गुप्त रूप से विप्लव योजना किस प्रकार की जाती है। यही कारण है कि ये लोग प्रत्येक जहाज और बन्दर में गदर की आग फैलाते चले आ रहे थे। उसका फल यह हुआ कि भारत सरकार खूब चौकन्नी हो गई। जैसे-जैसे सिक्खों के दल स्वदेश में आकर जहाज से उतरने लगे, तैसे-तैसे सरकार की ओर से उनकी यथारीति अभ्यर्थना होने लगी। इस प्रकार एक दल के कोई तीन सौ यात्रियों को सीधा मुल्तान जेल में भेज दिया गया। इनमें से बहुटों के पास काफी धन था, इन्होंने अमेरिका में लगातार कई वर्ष परिश्रम करके जो उपार्जन किया था उसे ये साथ लाए थे। उनके उस घोर परिश्रम से उपार्जित धन को सरकार ने जब्त कर लिया। बेचारों के घरवाले ताकते ही रह गए कि परदेश से दो पैसे आएंगे तो महीनेभर सुख से पेटभर भोजन कर लेंगे। इनमें से एक सिक्ख के पास कोई तीस हजार रुपए थे। बहुतेरे ऐसे थे जो अपनी सारी गाढ़ी कमाई कैलिफोर्निया-स्थित 'युगान्तर आश्रम' को अर्पण कर आए थे। जितने दल सरकार की तीखी नजर से बच गए थे वे पंजाब जाकर दलवद्ध होने लगे। सिक्खों के धर्म-मन्दिर गुरुद्वारा कहे जाते हैं। इनमें सिक्खों के पुरोहित रहते हैं। सिक्ख लोग इन्हें ग्रन्थीजी कहते हैं। प्रत्येक गुरुद्वारे में एक ग्रन्थीजी रहते हैं। विप्लवपंथी सिक्खों के सम्मेलन केन्द्र ये ही धर्म-मन्दिर थे। मैं ऐसे ही एक गुरुद्वारे में बैठा था कि एक सिक्ख ने आकर खबर दी कि 'अमुक-अमुक व्यक्तियों को गुरुद्वारे में जाते देख मैं उनसे भेंट कर आया हूँ।' थोड़ी ही देर में देखा कि उस जमात के मुख्य-मुख्य व्यक्ति उस गुरुद्वारे में आ गए जहाँ कि मैं बैठा था। रुपए-पैसे की चर्चा निकलते ही उन्होंने तुरन्त सोने की गोल-गोल बड़ी-बड़ी चकतियाँ मेरे आगे रख दीं, ये अमेरिका में प्रचलित सोने के सिक्के थे। हिसाब लगाने पर कोई हजार रुपए के हुए। प्रत्येक दल ने ऐसा ही किया। गदर के कार्य में इन लोगों को जिस प्रकार दिल खोलकर अपनी गाढ़ी कमाई का धन दान करते देखा है, वैसा दृश्य बंगाल में देखने को नहीं मिला। इसमें सन्देह नहीं कि ऐसा उत्साह और आन्तरिकता उन्हीं सिक्खों में थी जो कि अमेरिका की यात्रा कर आए थे। और यह बात भी है कि पंजाब के अधिवासियों ने प्रायः इन लोगों के साथ सहानुभूति प्रकट नहीं की। हाँ, पठान और सिक्ख सैनिकों के साथ इन लोगों का विशेष हेल-मेल था। इसके सिवा सिक्ख जाति में परस्पर एक-दूसरे के प्रति सहानुभूति और समवेदना-जनित एकता भारत की अन्यान्य जातियों की अपेक्षा बहुत अधिक है।
जो लोग अमेरिका से लौटकर आए थे उनमें अधिकतर ऐसे लोग थे जो कि वहाँ कुलीगिरी किया करते थे। इनमें जिनके पास से तीस हजार रुपए जब्त कर लिये गए थे वह कैलिफोर्निया में खेती करके धनवान् हुए थे। इनका नाम था सरदार ज्वालासिंह।
इन लोगों के बहुत-से रिश्तेदार और भाई-बन्धु भारत की फौज में नौकर थे। देश में आते ही इन लोगों ने सैनिकों के साथ गुप्त अभिसंधि करनी शुरू कर दी। उसी समय बंगाल के साथ पंजाब का सम्बन्ध जुड़ गया। अन्य अनेक गुण होने पर भी पंजाब के लोगों में संगठन की वैसी योग्यता न थी जैसीकि बंगाल-वालों में थी। बंगाल के साथ उनका संयोग हो जाने पर बड़े अच्छे ढंग से काम होने लगा। उत्तर भारत की प्रायः सभी छावनियों में हमारे दल के आदमी आने-जाने लगे। उत्तर-पश्चिम अंचल के बन्नू से लेकर दानापुर तक कोई भी छावनी अछूती न रखी गई। प्रायः सभी रेजीमेंटों ने वचन दिया था कि पहले वे लोग कुछ भी न करेंगे; हाँ, गदर शुरू हो जाने पर वे अवश्य ही विप्लवकर्ताओं से मिल जाएँगे। सिर्फ लाहौर और फीरोजपुर की रेजीमेंटों ने सबसे पहले काम शुरू कर देना स्वीकार किया था। आरम्भ में सरकार यह नहीं समझ सकी कि गुप्त विप्लव योजनावाले इतनी गहरी नींव देकर काम कर रहे हैं। यदि ऐसा न होता तो इतना अधिक काम हो ही न सकता। पंजाब के पुलिस विभाग के एक मुसलमान डिप्टी सुपरिन्टेण्डेण्ट ने अपने एक मुखबिर को इस दल में शामिल करा दिया था। अन्त में उस कृपालसिंह ने ही कृपा करके सारी बातें प्रकट कर दीं।
* इस स्थान में पुलिस के कार्यों के सम्बन्ध में दो चार और बातें कह देना उचित है। ऊपर जो कुछ कहा गया है उससे कोई सज्जन यह न समझ लें कि पुलिस जो राजनीतिक मुकदमै करती है वे सब सम्पूर्णतया सत्य होते हैं। पुलिस मुकदमे बनाने के लिए कई मिथ्या कथाएँ गढ़ती है और ऐसे ही कई बार सर्वथा निर्दोष व्यक्तियों को भी मुकदमों में फँसा देती है। काशी षड्यन्त्र में जिन पर मुकदमा चलाया गया था और जिनको सजा दी गई थी उनमें से कई सर्वथा निर्दोष थे। मैं ऐसे कई राजनीतिक मुकदमों के बारे में जानता हूँ जिनमें अभियुक्त व्यक्ति बिलकुल निर्दोष थे। लखनऊ राजनैतिक हत्या के मुकदमे में श्रीयुत सुशीलचन्द्र लोहिडो को फाँसी हुई थी किन्तु कइयों की सम्मति में वह वास्तविक अपराधी नहीं थे।