क्रान्तिकारी शचीन्द्र सान्याल का आत्म-चरित्र — बनारसीदास चतुर्वेदी

क्रान्तिकारी शचीन्द्र सान्याल का आत्म-चरित्र

भारत के सुप्रसिद्ध क्रान्तिकारी श्री शचीन्द्रनाथ सान्याल के 'बन्दी जीवन' का प्रथम भाग अगस्त सन् 1922 में प्रकाशित हुआ था, द्वितीय भाग बंगवाणी, में छपा था, जिसका अनुवाद श्री जयचन्द्र विद्यालंकार ने किया था, और तृतीय भाग के कुछ लेख 'प्रताप' में छपे थे, पर ये पुस्तकाकार में प्रकाशित नहीं हो सके। इन तीनों भागों को एक साथ पढ़ने का सौभाग्य हमें अभी प्राप्त हुआ है और इसके लिए हम श्री शचीन्द्रनाथ सान्याल के अनुज श्री भूपेन्द्रनाथ सान्याल के ऋणी और कृतज्ञ है। हमें इस बात का पछतावा है कि हम ऐसे महत्वपूर्ण आत्म-चरित्र को अब से पहले क्यों नहीं पढ़ सके।

'बन्दी जीवन' को पढ़ते हुए कई बातें आश्चर्यजनक प्रतीत होती हैं। सबसे पहली बात तो यह है कि ग्रन्थ-लेखक की विश्लेषण-शक्ति आश्चर्यजनक थी और दूसरी यह कि यह धार्मिक वृत्ति के पुरुष थे और उनकी भावनाओं का मूल आधार भारतीय धर्म ग्रन्थ तथा भारतीय संस्कृति में था। जयचन्द्रजी ने सान्याल बाबू की गहरी अन्तदृष्टि की, जो एक सच्चे ऐतिहासिक की जन्मसिद्ध पूंजी होती है, दिल खोलकर प्रशंसा की है। उनकी सफलता का कारण बतलाते हुए जयचन्द्रजी ने लिखा है—“वह केवल इतिहास लेखक ही नही, बल्कि जिस इतिहास को वह लिख रहे हैं, उसके बनानेवालों में से भी हैं; उस इतिहास के पात्रों के वह जीवन-मरण के खेल में साथी थे। यदि वह उनके भावों को पहचानते नही, तो उनके नेता ही कैसे बनते ? सच्चे विप्लव-नेता में भी तो ठीक ये ही गुण चाहिएं, जो एक सच्चे इतिहास-लेखक के लिए आवश्यक हैं।”

निस्संदेह यह ग्रन्थ कई दृष्टियों से महत्वपूर्ण है। स्वयं लेखक ने इसके प्रथम खण्ड के विषय में लिखा था—“इस खण्ड में यही लिखने का प्रयत्न किया गया है कि यूरोप के महायुद्ध के समय भारत में क्रान्ति का कैसी घोर क्या तैयारी की गई थी। रौलट-रिपोर्ट में में यद्यपि यह पहलू बिलकुल ही छिपा दिया गया है, तथापि 'टाइम्स हिस्ट्री आब दी ग्रेट वार' नामक पुस्तक में इसका थोड़ा-सा उल्लेख आ गया है। माना कि क्रान्ति की इस तैयारी का उपयोग नहीं किया जा सका, फिर भी सफलता या विफलता के दृष्टिकोण से इसका फैसला करना ठीक नहीं। पितामह भीष्म का महत् चरित्र क्या कुरुक्षेत्र के महा संग्राम में उनकी हार-जीत पर अवलम्बित है?"

सान्याल साहब ने पुस्तक के प्रथम भाग को लीलामय भगवान् के चरण-कमलों में अर्पित किया था और द्वितीय भाग का समर्पण इस प्रकार था—“जिन को जीवन में नाना रूप से दुःख-कष्ट ही देता रहा, उत्कट इच्छा रहने पर भी सांसारिक रीति से जिन को कुछ भी सुखी नहीं बना सका, दिन और रात सुख और दुःख में, सम्पद् और विपद् में, हर घड़ी जिन की याद करके एकदम आनन्द और दुःख से विह्वल-सा हो उठता हूँ, जो मेरे दुखों में साथी होकर केवल दुःख ही दुःख पाती रही, अपनी उन्ही परम स्नेहमयी जननी के श्रीचरणों में यह अपना क्षुद्र ग्रन्थ श्रद्धा और भक्ति-सहित समर्पित करता हूँ।”

हृदय की कोमलता

पुस्तक के इन तीन भागों को पढ़कर यह विश्वास हो जाता है कि शचीन्द्र बाबू बड़ी उच्च कोटि के क्रान्तिकारी थे, जिन्होंने हिंसात्मक प्रवृत्तियों में संलग्न रहने पर भी अपने हृदय की कोमलता को नष्ट नहीं होने दिया। उनके इन ग्रंथों में अनेक महापुरुषों और छोटे-से-छोटे कार्यकर्ताओं के जीवन की झलकियाँ देखने को मिलती हैं। सर्वश्री मालवीयजी, सी॰ आर॰ दास, जवाहरलाल नेहरू, सुरेन्द्रनाथ बनर्जी और रासबिहारी बोस से लगाकर साधारण से साधारण कार्यकर्ता तक को उन्होंने कृतज्ञतापूर्वक याद किया है। जिन दिनों श्री उग्रजी ने अपना साहित्यिक जीवन प्रारम्भ ही किया था, उन दिनों सान्याल बाबू ने उन्हें अपने दल में मिलाने की कोशिश की थी। यद्यपि उसमें वह असफल हुए फिर भी उन्होंने उग्रजी की यथोचित प्रशंसा ही की है। उन्होंने लिखा है—“इस में तो कोई संदेह नहीं कि उनकी लेखनी में अत्यन्त शक्ति है, लेकिन उनकी रुचि में परिवर्तन होने के कारण उनका सृष्ट साहित्य समाज को प्राधानुरुप कल्याणप्रद सिद्ध नहीं हुआ, यह और बात है, परन्तु इसमें कोई संदेह नहीं है कि वह प्रतिभाशाली लेखक हैं। उनकी सहायता से हमारे दल को एक ऐसा महत्वपूर्ण काम हुआ कि जिसके लिए हम सब सदा उनके कृतज्ञ रहेंगे।"

श्री सान्याल बाबू ने क्रान्तिकारी सिखों की उदारता की दिल खोलकर दाद दी है। उन्होंने लिखा है—"रुपए-पैसे की चर्चा निकलते ही उन्होने तुरन्त सोने की गोल-गोल बड़ी-बड़ी चकत्तियां मेरे आगे रख दीं, जो अमेरिका में प्रचलित सोने के सिक्के थे। हिसाब लगाने पर वे कई हजार रुपए के हुए। प्रत्येक दल ने ऐसा बर्ताव किया था। गदर के कार्य में इन लोगों को जिस प्रकार दिल खोलकर अपनी गाढ़ी कमाई का धन दान करते देखा है, वैसा दृश्य बंगाल में देखने को नहीं मिला। इसमें सन्देह नहीं कि ऐसा उत्साह और आन्तरिकता उन्हीं सिखों में थी, जो कि अमेरिका की यात्रा कर आए थे। इसके सिवा पंजाब के निवासियों ने प्रायः इन लोगों के साथ सहानुभूति प्रकट नहीं की। हाँ, पठान और सिख सैनिकों के साथ इन लोगों का विशेष हेल-मेल था। इसके सिवा सिख जाति में परस्पर एक-दूसरे के प्रति सहानुभूति और संवेदना-जनित एकता भारत की अन्यान्य जातियों की अपेक्षा बहुत अधिक है।"

उदारता और आत्म-बलिदान

'बन्दी जीवन' को पढ़ते हुए ऐसा प्रतीत होता है कि मानो हम कोई फिल्म देख रहे हों। सिखों की उदारता तथा आत्म-बलिदान की शक्ति और बंगालियों की संगठन शक्ति का संयोग सोने और सुहागे का मेल था। लेखक ने लिखा है— "उत्तर भारत की प्रायः सभी छावनियों में हमारे दल के आदमी आने-जाने लगे। उत्तर-पश्चिम अंचल के बन्नू से लेकर दानापुर तक कोई भी छावनी अछूती न रखी गई। प्रायः सभी रेजीमेंटों ने वचन दिया था कि पहले वे लोग कुछ भी न करेंगे, हाँ, गदर शुरू हो जाने पर वे अवश्य ही विप्लवकर्ताओं से मिल जाएंगे। सिर्फ लाहौर और फीरोजपुर की रेजीमेंटों ने सबसे पहले काम शुरू कर देना स्वीकार कर लिया था। आरम्भ में सरकार यह नहीं समझ सकी कि षड्यंत्रकारी इतनी गहरी नींव देकर काम कर रहे हैं। यदि ऐसा न होता तो इतना अधिक काम हो ही न सकता। पंजाब के पुलिस विभाग के एक मुसलमान डिप्टी सुपरिन्टेण्डेन्ट ने अपने एक मुसविर को इस दल में शामिल कर दिया था। अन्त में उस कृपालसिंह ने ही कृपा करके सारी बातें प्रकट कर दी।"

'बन्दी जीवन' में शहीद करतारसिंह के स्फूतिमय चरित्र की जो झाँकी दिखाई गई है, वह बड़ी दिव्य है। उन्होंने लिखा है— "मैंने तो करतारसिंह में जैसा आत्म-विश्वास देखा, वैसा आत्म-विश्वास न रहने पर किसी के द्वारा कोई बड़ा काम नहीं हो सकता। बहुओं में अहंकार का भाव रहने पर भी ऐसे आत्म-विश्वास का भाव कम देखा जाता है। अहंकार और आत्म-विश्वास अलग-अलग दो चीजें हैं, अहंकार दूसरे पर चोट करता है, किन्तु जो अहंकार दूसरे पर नोक-झोंक किए बिना ही अपने प्राणों में शक्ति के अनुभव को जाग्रत करता है, वही आत्म-विश्वास है।"

सान्याल बाबू ने पंजाबी लोगों को समझाया था—' हम लोगों से सलाह लिए बिना अचानक कुछ कर न बैठना ! खूब सावधानी से काम करना होगा, जिसमें कि यह शक्ति व्यर्थ न हो जाय। सिर्फ हू-हा करके फिजूल कामों में शक्ति क्षीण न कर दी जाय।"

यह बात ध्यान देने योग्य है कि जिस समय सान्याल बाबू यह परामर्श दे रहे थे, उनकी उम्र कुल जमा बाईस वर्ष की थी ! इस पुस्तक में कहीं-कहीं हास्य का भी अच्छा पुट आ गया है। एक स्टेशन के जलपान-गृह में उन्होंने रोटी और तरकारी माँगी थी, पर वहाँ का आदमी रोटी और मांस से आया। उस समय तक सान्याल बाबू को यह पता न था कि पंजाबी लोग गोश्त को तरकारी कहते हैं ! काशी की पुलिस को चकमा देने के उदाहरण भी बड़े मजेदार बन पड़े हैं।

ऊँचा बौद्धिक स्तर

यदि कोई यह ख्याल करे कि ये क्रान्तिकारी लोग निरे हत्यारे थे, तो उसकी यह बड़ी भारी भूल होगी। वे लोग प्रायः आपस में बड़े ऊँचे धरातल से विचार-विमर्श करते थे। निम्नलिखित वाक्य हमारे इस कथन के प्रमाण हैं—

"अन्त में हम लोगों के बहुत पुराने—किन्तु फिर भी 'नित नये' 'आत्म-समर्पण योग' की चर्चा निकली। जहाँ एक बार इसकी चर्चा निकल पड़ती वहाँ फिर जल्द समाप्त न होती थी। मार्ग भले ही एक हो, और सब लोग एक ही आदर्श से प्रोत्साहित हों, तो भी वही एक बात, एक ही भाव, भिन्न-भिन्न व्यक्तियों में कितनी ही नवीन रीतियों से विकसित होने का प्रयत्न करता है। इसलिए एक भाव के उपासक और उसी एक मार्ग के पथिक होने पर भी हम लोगों के बीच परस्पर असंख्य स्थानों में मतभेद रहता था। मेल तो काफी रहता था, किन्तु बेमेल ही क्या कम था ? जिस आदर्श से प्रेरित होकर हम लोग अपने व्यक्तिगत या समष्टिगत जीवन को नियंत्रित कर रहे थे, उस भाव स्रोत की तरंग यद्यपि एक ही स्थान से आती थी, तथापि विभिन्न आधारों में उसने अपनी विचित्रता की महिमा को स्थिर रखा था। हमारे आदर्श की छोटी-मोटी बातों के झगड़ों में कितनी ही रातें बीत गईं है, फिर भी उलझनें सुलझी नहीं हैं। एक व्यक्ति दूसरे को कुछ-कुछ समझकर जब घर से बाहर निकल आता, तब उषा की लालिमा अधखिले फूल की तरह, पूर्व क्षितिज़ में दीख पड़ती थी। रास्ता चलते-चलते जब नींद से अलसाई हुई आँखों पर पलकें गिरने लगतीं, तब मालूम होता कि कितनी थकान हो गई है! रात बीतने से पहले ही इन केन्द्रों से हट जाना पड़ता था और सवेरा होने पर अनेक काम करते हुए भी रात की आलोचना का प्रसंग दुबारा बातचीत करने के लिए मानो प्रतिक्षण अवसर ढूँढता रहता था और कभी-कभी दिन को काम-काज करते समय न जाने कब उस 'आत्म-समर्पण-योग' की भावना आकर हम पर प्रभाव जमा लेती थी।”

सच्चरित्रों के साथ बुरे भी

इस ग्रन्थ में सान्याल बाबू ने मि० पिंगले, निधानसिंह, गुरमुखसिंह तथा अन्य क्रान्तिकारियों के जीवन पर प्रकाश डाला है। इसमें सन्देह नहीं कि कितने ही अवांछनीय व्यक्ति क्रान्तिकारियों के दल में शामिल हो गए। लेखक ने लिखा है कि सभी बड़े-बड़े आन्दोलनों में सच्चरित्र पुरुषों के साथ-साथ नरपिशाच भी घुस पड़ते है ! लेखक के शब्दों में, “यह आन्दोलनों का दोष नहीं है, यह तो हमारे मनुष्य-चरित्र का ऐब है। शायद लेनिन ने भी कहा था कि प्रत्येक सच्चे बोलशेविक के साथ कम से कम 39 बदमाश और 60 मूर्ख उनके दल में मिल गए थे और मैंने श्रद्धेय शरच्चन्द्र चट्टोपाध्याय से सुना है कि देशबन्धुदास ने भी कदाचित् कहा था कि वकालत करते-करते हम बुड्ढे हो गए और इस बीच में हमको बड़े-बड़े धोखेबाजों से भी साबिका पड़ा, किन्तु असहयोग आन्दोलन में हमने जितने धोखेबाज और दगाबाज आदमी देखे हैं, वैसे जिन्दगीभर मे नहीं
end of page 31

Page 32 and 33 are missing in my pdf book. Will add later

Start of page 34 हिसाब करके चलने से हमेशा सत्य की मर्यादा को अटूट रखना शायद सम्भव नहीं होता। इस सबके अलावा विप्लवियों में और इन सारे समालोचकों में एक और भी बड़ा भेद है। विप्लवियों के नजदीक जो चीज श्रद्धा है, समालोचकों के लिए वह केवल सम्मति है। यह 'सम्मति' प्रायः सफलता का मोह पार नहीं कर सकती, इसीलिए फलाफल पर निर्भर होकर ही बहुधा 'सम्मति' बनती है। किन्तु जो लोग इतिहास-स्रष्टा के आसन पर बैठते हैं वे इस 'सम्मति' की परवाह नहीं करते, वे निष्ठावान् और श्रद्धा-सम्पन्न व्यक्ति होते हैं। विफलता उन्हें श्रद्धाभ्रष्ट नहीं कर पाती। इसी कारण वे इतिहास में विरस्मरणीय हो जाते हैं इसी से श्रद्धा-सम्पन्न व्यक्ति ही जगत् में कुछ स्थायी काम कर जाने में समर्थ होते हैं।"

'बन्दी जीवन' के द्वितीय भाग में सबसे अधिक महत्त्वपूर्ण उसका अंतिम परिच्छेद है, जिसमें उन्होंने इस प्रश्न पर अपने विचार प्रकट किए हैं कि विप्लव का प्रयास व्यर्थ क्यों हुआ ? वह इस परिणाम पर पहुंचे थे कि किसी प्रतिभाशाली नेता का अभाव ही इस व्यर्थता का सबसे बड़ा कारण था। श्री अरविन्द घोष और लाला हरदयाल के विषय में लिखते हुए उन्होंने कहा है—"यदि वे लोग अन्त तक इस दल में रहते तो विप्लव दल का यह दैन्य बहुत कुछ दूर हो जाता, किन्तु वे भी अन्त में इस दल को छोड़ गए। यदि इस प्रकार के चिन्तनशील प्रतिभावान् पुरुषों की बात अलग भी रख दें, तो भी इस विप्लव दल में किसी बड़े साहित्यिक, किसी बड़े समाचारपत्रों के लेखक अथवा किसी बड़े कवि ने भी योग नहीं दिया। एक तरह से कह सकते हैं कि इस विप्लव दल में इन्टेलेक्चुअल (बुद्धि-वादी ) नहीं थे, इस प्रकार के लोगों का खास तौर पर अभाव था, इसी कारण वह विप्लव दल प्रचार-कार्य की ओर प्रायः उदासीन ही रहा। जो कुछ गुप्त पत्रिकाएँ आदि बीच-बीच में प्रचारित होती भी थीं, वे केवल सामायिक उत्तेजनापूर्ण प्रतिहिंसा के उच्छ्वास से भरी होती थीं। इन सब लेखों में विचार-शीलता का कोई भी परिचय नहीं पाया जाता था, और न जीवन का कोई नया आदर्श ही इनसे प्रकट होता था। निस्सन्देह भारतीय साहित्य में इन लेखों का कोई स्थान नहीं रहेगा। भारतीय विप्लवी किसी स्थायी साहित्य की सृष्टि नहीं कर सके। इस प्रकार विप्लव दल का प्रयास व्यर्थ होना ही था।"

अजयचन्द्रजी विद्यालंकार ने सान्याल बाबू की इस विचारधारा का विरोध अपनी भूमिका में किया है। अब भारतीय स्वाधीनता की प्राप्ति के पन्द्रह वर्ष

बाद इस प्रश्न पर गम्भीरतापूर्वक लिखा जा सकता है, पर सबसे बड़े दुर्भाग्य की बात यह है कि स्वयं विप्लववादियों ने उस दूरदर्शिता का परिचय नहीं दिया, जिसका परिचय सान्याल बाबू ने अपना विस्तृत आत्मकचरित लिखकर दिया था। यदि उन सबने अपनी अनुभूतियां लिख दी होतीं तो उनसे उनका उचित मूल्यांकन करने में किसी इतिहास-लेखक को बड़ी मदद मिलती। पर खेद है कि अभी यह कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। इसका मुख्य कारण शायद यह हो सकता है कि विप्लववादी छिन्न-भिन्न अवस्था में अलग-अलग पड़े रहे और उनका कोई धनी-धोरी न रहा। शायद उनमें कोई ऐसा साधन-सम्पन्न भी नहीं, जो एक बार घूम-घूमकर अपने साथी-संगियों से मिल लेता और उनकी अनुभूतियों को लिपिबद्ध करा लेता। क्रान्तिकारी की दिल्ली वाली परिषद् में इस विषय की चर्चा भी हुई थी, पर मामला आगे बढ़ा नहीं।

सान्याल बाबू में बड़ी जबरदस्त लगन थी। एक ओर कभी वह पं० मोतीलाल जी से मिलते तो कभी सी० आर० दास से और कभी बैरिस्टर बी० सी० चटर्जी से और दूसरी ओर कभी वह जयचन्द्रजी को या उग्रजी को या नवीनजी को अथवा किसी विद्यार्थी को ही अपने दल में लाने की कोशिश करते। उनके ग्रन्थ के तृतीय भाग में हमने यह पढ़ा कि उनकी टाक श्री केशवदेवजी मालवीय के नाम आती थी—श्री महावीर त्यागी से उनका परिचय था और त्यागीजी ने ही रामप्रसाद 'बिस्मिल' से उनका परिचय कराया था। सान्याल बाबू को इस बात का खेद रहा रहा कि वे नवीनजी को अपने पथ का पथिक नहीं बना सके। श्री डवलिस से उनका घनिष्ठ सम्बन्ध तो था ही। हमे पता नहीं कि उन साथियों ने जिनका उल्लेख इस आत्मकचरित में आया है, श्री शचीन्द्रनाथ सान्याल के स्वर्गवास पर दो आंसू भी बहाए या नहीं। यदि नहीं, तो अब वे उनके संस्मरण तो लिख ही सकते हैं।

सान्याल बाबू ने पं० जवाहरलाल से जो बातचीत की थी उसे 'बन्दी जीवन' के तृतीय खण्ड में उद्धृत कर दिया है और यह विवरण निस्संदेह महत्त्वपूर्ण है।

विप्लव का प्रयास असफल क्यों ?

हमारा निजी ख्याल है कि विप्लववाद असफल नहीं हुआ। हां, यह बात दूसरी है कि हम लोग उस महान् कार्य को, जो विप्लववादियों ने किया था, भूल गए। त्याग, विचारशीलता और व्यक्तित्व के महत्त्व के ख्याल से विप्लववादियों

में कितने ही ऐसे थे, जिनका मुकाबला हमारे अधिकांश शासनारूढ़ महानुभाव नहीं कर सकते, बल्कि यों कहना चाहिए कि कुछ अंशों में विप्लववादियों के ही बलिदान के परिणामस्वरूप ही वे शासनारूढ़ हैं; और कुछ तो अपने को शहीद आज़ाद आदि का साथी कहने की हिमाकत भी कर बैठते हैं ! यदि भारत का सच्चा इतिहास कभी लिखा जाएगा तो उसमें विप्लववादियों को आज के नेताओं से कहीं अधिक ऊँचा स्थान मिलेगा । वर्तमान नेताओं में से अधिकांश के नाम जब विस्मृति के गर्भ में कभी के विलीन हो चुके होंगे, तब चन्द्रशेखर आज़ाद और भगतसिंह, शचीन्द्र सान्याल और यतीन्द्रनाथ के नाम इतिहास में स्वर्णक्षरों में लिखे जाएँगे ।

इस आत्मकचरित के कई अंश बड़े भावपूर्ण है । अपनी माताजी के बारे में उन्होंने बड़े गावपूर्ण ढंग से लिखा है और अपने भाइयों के बारे में बड़े प्रेम के साथ । श्री सान्याल बाबू को इस बात का खेद था कि देश के अनेक नेता क्रान्तिकारियों को देश का शत्रु समझते थे और उनके हृदय में क्रान्तिकारियों के प्रति बड़ी कटुता भी थी । वह लिखते हैं— "कभी तो ये नेतागण क्रान्तिकारी आन्दोलन को इनफैंटाइल अर्थात् बाल्कोचित कहकर निन्दा करते हैं और कभी क्रान्तिकारी आन्दोलन को फेंसिस्ट कहकर अपनी जलन को शान्त करते हैं, और कभी ऐसा भी कह देते हैं कि क्रान्तिकारी लोगो ने देश की प्रगति को पचास साल पीछे हटा दिया है ! यह भी आक्षेप किया जाता है कि क्रान्तिकारी लोग जबरदस्ती, असहाय, निर्दोष व्यक्तियों को शहीद बना देते हैं ! इस मनोवृत्ति के पीछे शान्त युक्ति नही है और न इसके पीछे कोई ऐतिहासिक प्रेरणा ही है और सर्वोपरि इसके पीछे देश-हित की कोई कल्याणमयी कामना भी नही है । वस्तुतः इस मनोवृत्ति के पीछे अहंकार का एक उग्र रूप विद्यमान है ।"

सान्याल बाबू एक विचारशील व्यक्ति थे । उन्होंने एक जगह लिखा है— "हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन अथवा हिन्दुस्तान प्रजातंत्र संघ के कार्यक्रम को पूर्ण रूप से समझने के लिए दो बातों को जान लेने की विशेष आवश्यकता है । जिसने भारतीय सभ्यता की कर्म-कथा को भली भाँति नही समझा, उसके लिए यह संभव नही कि कम्यूनिजम के दोषों को वह ठीक-ठोक समझ सके । इसलिए भारतीय सभ्यता के प्रति जिसका प्रेम नहीं है, मानव-सभ्यता की उन्नति के लिए भारतीय सभ्यता की विशेष उपयोगिता है, इस बात पर जिसकी श्रद्धा नहीं है,

वह इस कार्यक्रम को ठीक-ठीक नहीं समझ सकता।"

पर शचीन्द्रबाबू बड़े उदार स्वभाव के व्यक्ति थे। वह अपने पुराने साथियों को अपनी-अपनी अन्तरात्मा के अनुकूल पथ ग्रहण करने के लिए प्रेरित करते थे। उनके कितने ही साथी मार्क्सवाद से प्रभावित होकर हृदय से साम्यवादी बन चुके थे। श्री भगवानदास माहौर ने अपने एक पत्र में लिखा है—"मैं कुछ दिनों लखनऊ में रहा था और तब बड़ी श्रद्धा-भक्ति से मैं श्री शचीन्द्रनाथ सान्याल के चरणों में जाकर बैठता था। स्वभावतः देश की राजनीतिक गतिविधि पर ही बातचीत होती थी। इसके पूर्व आठ-नौ साल जेल में रहकर मैं जो कुछ थोड़ा-बहुत अध्ययन कर पाया था उसके फलस्वरूप अन्य सशस्त्र क्रान्तिकारी साथियों की भाँति मेरा भी विश्वास मार्क्सवाद पर जम गया था। अतः सैद्धान्तिक धरातल पर न तो श्री सान्याल की बातें ही मैं पूरी तौर पर ग्रहण कर पाता था और न इतना विद्या-बुद्धियल ही मुझ में था कि मैं अपनी बात ही उन्हें समझा सकता। वह अपनी बातें बड़े उत्साह से कहते थे, बहुत बोलते थे, लेकिन दूसरे को भी बोलने को उत्साहित करते थे और उसकी बात बड़े सत्र से सुनते थे। जो हार्दिक प्रेम और वात्सल्य मुझे उनसे मिला वह मेरे लिए तो अमूल्य निधियों में से है। उसी समय उन्होंने बड़े ही स्वाभाविक और हार्दिक स्नेह से मुझे कहा था—"तुम्हारा और मन्मथ का स्थान स्वभावतः साम्यवादी पार्टी में है, तुम इधर-उधर क्यों भटकते हो?"

अण्डमान से भारतवर्ष लौटने का जो वृत्तान्त सान्याल बाबू ने लिखा है, वह बड़ा हृदयस्पर्शी है। वह लिखते हैं—"मैं चलकर घर नहीं आया, बल्कि दौड़ता हुआ घर पहुँचा। क्या हृदयावेग की आकर्षण शक्ति पृथ्वी की मध्याकर्षण शक्ति की तरह है, कि अण्डमान से जब चले तब से लेकर घर पहुँचने तक इस आकर्षण का वेग बढ़ता ही गया और घर के पास आकर आखिर मुझे दौड़ना ही पड़ा! मकान के नीचे के कमरे का जंगला खुला हुआ था। मैं मुहूर्त-भर जंगले के सामने आकर खड़ा हो गया। कई एक युवक वहाँ लेटे हुए थे। इनमें मेरे दो भाई रवीन्द्र और जितेन्द्र भी थे। रवीन्द्र मुझे देखते ही हर्षोत्फुल्ल स्वर से चिल्ला उठे—"अरे दादा हैं।" रवीन्द्र विस्तरे से ऐसे उठ पड़े, मानो नीचे से किसी ने जोर का धक्का देकर उन्हें ऊपर फेंक दिया हो। घूमकर दरवाजे होते हुए अन्दर आए एवं हरएक को छाती से जोर से लिपटा लिया। मेरी यह नई जिन्दगी थी। मेरे नये जन्म का यह प्रारम्भ था।"

"जिस रोज मैं घर पहुँचा उसके पहले दिन हो मेरे कनिष्ठ भ्राता का उपनयन संस्कार हो चुका था। घर में किसी को पता न था कि मैं आज यहाँ आकर पहुँचूँगा। मैंने सबसे पूछा, “माताजी कहाँ हैं?”

माताजी दूसरे मकान में कुछ काम से गई हुई थीं। मैं पूछताछ कर ही रहा था कि इतने में वह आ गईं। मुझे देखते ही आनन्द के मारे रो पड़ी और कहने लगीं—“बेटा मेरे, आ गए हो। मेरे बेटा, आ गए हो।” और मेरे सिर पर, मेरे कन्धे पर और माथे पर हाथ फेरने लग गईं। फिर कहने लगीं, “जामे कितनी मुसीबत तुमने झेली।”

सान्याल बाबू के आत्मचरित के कितने ही अंश बड़े हृदयवेधक हैं और कितने ही बड़े विचारोत्तेजक। खेद है कि स्थानाभाव से हम उन्हें यहाँ नहीं दे सकते। उन्होंने अपना सर्वस्व भारतीय स्वाधीनता के लिए अर्पित कर दिया यहाँ तक कि अपनी अत्यन्त प्रिय पुस्तकों को भी अण्डमान में अपने साथियों को भेंट कर आए और सिर्फ एक बाइबिल अपने साथ लाए। सान्याल बाबू को इस बात का हार्दिक दुःख रहा कि देश के नेताओं ने विप्लववादियों के कार्य का उचित मूल्यांकन नहीं किया। उनका यह आत्म-चरित स्वयं विप्लववादियों और शासनारूढ़ पार्टी के नेताओं के लिए एक सन्देश है—एक चुनौती है!

विप्लववादियों का इतिहास

विप्लववादियों का यह कर्तव्य है कि बिना किसी की प्रतीक्षा किए अखिल भारतीय पैमाने पर विप्लववादियों के इतिहास का मसाला संग्रह कर दें और केवल देशी भाषाओं में ही नहीं, अंग्रेजी में भी उसे छपा दें। यह कैसे दुर्भाग्य की बात है कि हमारे यहाँ कोई भी ऐसा स्थान नहीं जहाँ यह सब मसाला एकत्र मिल सकें? सुना है कि पूना में श्री जी० वी० केतकर साहब ने बहुत कुछ मसाला संग्रह किया है और नागपुर के श्री बास शास्त्री हरदास ने मराठी और अंग्रेजी में एक महत्त्वपूर्ण ग्रन्थ इस विषय पर लिखा है। अभी हाल में देवनेता स्वरूप भाई परमानन्द के जामाता श्री धर्मवीर ने लाला हरदयालजी का एक खोजपूर्ण जीवन चरित्र लिखा है और बंगाल में तो अनेक महत्त्वपूर्ण ग्रन्थ प्रकाशित हो चुके हैं। दक्षिण भारत के विप्लववादियों का वृत्तान्त यहाँ उत्तर भारत के पाठकों को बहुत ही कम मालूम है। अभी उस दिन एक दक्षिण भारतीय ने हमसे कहा—

"क्या आप लोग यह समझ बैठे हैं कि क्रान्ति का सम्पूर्ण कार्य उत्तर भारत में ही हुआ था ?"

उनके इस कथन में व्यंग्य के साथ सत्य का अंश भी था। हम लोग चम्पाकर्मन पिल्ले और श्री पिंगले को भूल ही गए ! कुछ दिन पूर्व सुप्रसिद्ध क्रान्तिकारी डा० खानखोजे ने हमसे कहा था, "मुझे इस बात से अत्यन्त दुःख है कि सुप्रसिद्ध क्रान्तिकारी आचारीयर का स्वर्गवास बम्बई में अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति में हुआ। वह अपने कमरे में कई दिन तक मरे हुए पड़े रहे और जब उनकी लाश से बदबू निकलने लगी तब लोगों को पता चला कि कोई व्यक्ति मर गया है ! बम्बई कारपोरेशन के नौकर उन्हें वहाँ से घसीट ले गए और इस प्रकार उस महान् क्रान्तिकारी का अन्तिम संस्कार हुआ, जो बर्लिन कमेटी में भी था, रूस की भी जिसने यात्रा की थी और विप्लववादियों के इतिहास के एक अध्याय का जो निर्माता था।"

कितने व्यक्तियों को इस बात का पता है कि श्री रासबिहारी बोस ने जापानी भाषा में सोलह ग्रन्थ लिखे हैं, जिनमें पन्द्रह अब भी उपलब्ध हैं ? हमें यह बात खेदपूर्वक कहनी पड़ती है कि हमारे शासकों ने-हम लोगों ने-इस विषय की ओर यथोचित ध्यान नहीं दिया। पर अब वक्त आ गया है कि हम लोग अपनी नीति पर पुनर्विचार कर लें। स्वार्थ की दृष्टि से भी हमारे लिए यह आवश्यक है कि हम विप्लववादियों के ऋण को स्वीकार करें और उनकी कीर्ति-रक्षा के लिए प्रयत्न भी करें। ईमानदारी का भी यही तकाजा है।

आयरलैंड का उदाहरण अनुकरणीय

आयरलैंड ने अपने शहीदों के लिए जो कुछ किया है क्या उस तरह का कार्य हम लोग अपने देश में नहीं कर सकते ? श्रीयुत चमनलाल पत्रकार ने डबलिन-स्थित शहीदों के अजायबघर का वृत्तान्त नवम्बर सन् 1939 के 'विप्लव' में लिखा था। उनके शब्द सुन लीजिए—"आयरलैंड के राष्ट्रीय वीरों का यह स्मारक आयरलैंड की पार्लमेंट के विशाल भवन में कायम है। इस अजायबघर में मुल्क की आजादी की लड़ाई में भाग लेनेवाले वीरों और उस युद्ध की घटनाओं की स्मृतियों का एक बहुत प्रभावशाली संग्रह है। इसमें उन वीरों की आदमकद मूर्तियाँ हैं, ये वर्दियाँ हैं, जिन्हें पहनकर उन्होंने अपनी लड़ाइयाँ लड़ीं। उनके

हथियार हैं, चिह्न, बैज, झण्डे इत्यादि भी हैं। उनकी लिखी पुस्तकें, उनके व्याख्यान, ऐलान तथा पत्र इत्यादि सब सुरक्षित ढंग से रखे हुए हैं। आयरलैंड के स्त्री-पुरुष, वृद्ध और बच्चे वहाँ पहुंचकर और उन स्मृति-चिह्नों को देखकर राष्ट्रीयता का पाठ पढ़ते हैं। जिन जनरल राजर्स केसमेंट को अंग्रेजों ने फांसी दी थी, उनके जीवन की सम्पूर्ण गाथा आपको यहाँ देखने को मिलेगी। प्रथम महा-युद्ध में उन्होंने जर्मनी की सहायता से एक आयरिश सेना तैयार की थी और जहाज द्वारा यह आ ही रहे थे कि जहाज अंग्रेजों के हाथ पड़ गया। केसमेंट को फाँसी हुई पर राष्ट्रीय अजायब घर में यह अब भी जिन्दा है। 'कीर्तिर्यस्य स जीवति।'

इस अजायब घर में आयरलैंड के प्रसिद्ध शहीद टेरेंस मैकस्विनी का भी चित्र मिलेगा, जिन्होंने 74 दिन का अनशन करके अपने प्राण दिए थे। जनरल माइकल कोलिन्स की भी मूर्ति विद्यमान है। हैरी बोलैण्ड सुप्रसिद्ध वीर सेनापति डी० वेलेरा के सेक्रेटरी थे। एक संकट के समय वह अपने जूते के तले में छिपा कर एक पत्र डी० वेलेरा के लिए ले गए थे। वह मार डाले गए; पर उनका वह जूता अब भी सुरक्षित है। इस संग्रहालय में आपको वीर बालक केषनबेरी का वृत्तान्त मिलेगा, जिसे फांसी दी गई थी। उसकी उम्र 18 वर्ष की थी। कहीं आपको क्रान्तिकारियों द्वारा प्रकाशित ऐलानों का संग्रह मिलेगा, तो कहीं राष्ट्रीय हुंडी। कहीं 'माउण्ट जोय' जेल में भूख हड़ताल करने वालों की मूर्तियाँ खड़ी हैं, तो कहीं आयरिश शहीदों के चित्र के ऐल्बम। और तो और उन शहीदों द्वारा व्यवहार में लाई जाने वाली चीजें भी संग्रह कर ली गई है—यथा उनकी अंगूठियाँ प्याले और पेंसिल इत्यादि। जगह जगह गोलियों से छिदे कपड़े तथा टोपियां, रखी हुई हैं।"

क्या इस प्रकार का कोई संग्रहालय हम लोग दिल्ली में स्थापित नही कर सकते ? उसके लिए सर्वोत्तम स्थान दिल्ली की सेण्ट्रल जेल थी, जहाँ चार क्रान्तिकारियों को फांसी लगी थी, पर अदूरदर्शिता के कारण वह भी नष्ट कर दी गई ! पर सरकार की प्रतीक्षा में बैठे रहने से हम अपने-आपको पंगु ही बना लेंगे, इसलिए हम लोग जो कुछ स्वयं कर सकते है, उसे कर दें।

—बनारसीदास चतुर्वेदी