निवेदन

आज भूतकाल की बातें लिखने बैठा हूँ। वह समय आज बहुत ही महिमामय जान पड़ता है। जान पड़ता है कि जिस प्रकार समय अनन्त है उसी प्रकार उसकी महिमा भी अनन्त-अपार है। ऐसा लगता है कि समय मानो उसे भी सुन्दर बना देता है जो कि सुन्दर नहीं है, वह असंगति में भी संगति मिला देता है, उसे बेढंगी नहीं रहने देता। समय की महिमा विचित्र है, उसकी कृपा से अप्रिय की स्मृति भी प्रिय हो जाती है।

वास्तव में अतीत—गुजरे हुए—की स्मृति बड़ी मीठी होती है, वह वीणा के तार में सोई हुई झंकार की तरह तार पर आघात करते ही मधुर भाव से झंकृत हो उठती है।

कई बार पिछली बातों की याद दुःख भी कम नहीं देती। किन्तु उस दुःख-दर्द के बीच भी मानो सुख रहता है। उस समय चित्त का मर्मस्थल तक खुल जाता है, मानो उस अवसर पर अपने आपके साथ बिलकुल निर्जन में, बहुत ही गुप्त रूप से, बातचीत होती है।

आशा और निराशा, सुख और दुःख, मानो जिन्दगी भर हमारे साथ खिलवाड़ करते हैं, किन्तु बहुत दिनों तक इनमें से कोई भी नहीं टिकता। सभी दो दिन दर्शन देकर—हँसाकर या रुलाकर—चले जाते हैं, सिर्फ उनकी याद रह जाती है।

स्मृति-पट पर बहुतेरी बड़ी चीजें छोटी हो जाती हैं और छोटी चीजें बड़ा रूप धारण कर लेती हैं—कुछ चीजें ऐसी भी हैं जो मन में ऐसी जा छिपती हैं कि फिर उनको ढूँढ़ निकालना कठिन हो जाता है।

बनारस षड्यन्त्र में मुझे सजा हुई थी। सन् 1915 की 26वीं जून को मैं गिरफ्तार हुआ और 14 फरवरी सन् 1916 को आजन्म कालेपानी की तथा सारी सम्पत्ति जब्त होने का दण्ड मिला। इसके अनन्तर कुछ दिन तक तो काशी के कारागार में ही रहा, फिर अगस्त महीने में अंडमान द्वीप को रवाना कर दिया गया। अगस्त की 18वीं तारीख को मैं उस द्वीप के जेलखाने में दाखिल किया गया। फिर इच्छामय की इच्छा के अनुसार फरवरी सन् 1920 में सम्राट् के घोषणापत्र के कारण रिहा किया गया।

बस, सन् 15 से लेकर सन् 20 के प्रारम्भ तक मेरा प्रथम बार का बन्दी जीवन रहा। इस 'बन्दी जीवन' का अवलम्ब ग्रहण करके मैं बतलाना चाहता हूँ कि आखिर मैं कैद क्यों किया गया था। यह पुस्तक आज मैं इसलिए लिख रहा हूँ जिससे कि भारत के भविष्यत् इतिहास के कुछ अध्याय ठीक-ठीक लिखे जा सकें।

भारत का भाग्य एक महान् युग-सन्धि के बीच होकर दौड़ता जा रहा है। भारत के भीतर और बाहर क्रान्ति की भयंकर आग, भगवान् की गुप्त प्रेरणा से अपने निर्दिष्ट मार्ग पर—और वह भी मानो अपने लिए अनुकूल बवंडर बनाकर—फैलती जा रही है, ऐसे ही एक बवंडर में उसी विधाता की मर्जी से मैं भी पड़ गया था।

मेरी ही तरह और भी कुछ युवा पुरुष, अपने मर्मस्थल की अव्यक्त वेदना से अधीर होकर, जान बूझकर या बे-समझे-बूझ्रे विधाता का अभीष्ट सिद्ध करने के लिए ही दलबद्ध हो गए थे। मुद्दत से मैं चाहता था कि उस दल के भीतरी मर्म का, जो कि काम-काज के बाहरी आडम्बर में छिप गया था, एक संक्षिप्त इतिहास लिखूँ। आज उसी मर्म व्यापी इच्छा को चरितार्थ करने की चेष्टा कर रहा हूँ।

हम लोग अक्सर घटना को ही महत्त्व दे देते हैं—उसी को बड़े आकार में देखते हैं; किन्तु यह नहीं समझते कि घटना की ओट में—फिर वह घटना कितनी ही क्षुद्र क्यों न हो—महाशक्ति की लीला रहती है, और वही असल में घटना की अपेक्षा कहीं अधिक मूल्यवान होती है। सफलता का मोह हम लोगों को प्रति पद पर घेरता है। विचार के द्वारा उस मोह का छेदन हो जाने पर भी प्राण उस मोहा-वेष्टन को काटकर अलग कर देने में समर्थ नहीं होते। किन्तु बड़े-बड़े घटनाओं के मुकाबले में जीवन-यापन की मामूली बातें भी कुछ कम महत्त्व की नहीं होतीं। [...] का आरम्भ विचार-जगत् में ही हुआ करता है।

इस सन्दर्भ में व्यक्तिगत चरित्र की आलोचना होने पर भी वह व्यक्तिगत रूप में न की जाएगी। व्यक्ति से परिचय हुए बिना समष्टि से परिचय नहीं हो सकता। इसलिए तो व्यक्तिगत चरित्र की आलोचना आवश्यक हो जाती है।

यह परिचय देने में मेरे अपने और अपने दल के बहुतेरे छिद्र प्रकट हो जाएँगे। तो इसलिए क्या मैं उन दुर्बलताओं और संकीर्णताओं को छिपाने की व्यर्थ चेष्टा करूँ जिन्होंने कि हमें भीतर ही भीतर पंगु बना दिया है? ऐसी चेष्टा व्यर्थ तो होगी ही क्योंकि एक-न-एक दिन सत्य प्रकट होगा और जरूर होगा, और साथ ही छिपाने का उद्योग करने से न सिर्फ सत्य का अपलाप ही होगा अपितु उससे हमारा पंगुत्व—निकम्मापन-सी और अधिक बढ़ जाएगा। इतिहास के पृष्ठों में 'सत्यम् ब्रूयात् प्रियम् ब्रूयात् मा ब्रूयात् सत्यमप्रियम्' सार्थक नहीं।