तृतीय खंड — 3. मातृभूमि की गोद में
हम उम्मीद किए थे कि शाम से पहले ही कलकत्ता पहुँच जायेंगे। लेकिन कलकत्ता पहुँचने में संध्या बीत गई। अभी भी दुःख का अन्त न हुआ था। जहाज से उतरते-उतरते एक घंटा से भी अधिक समय लग गया। उतरने के बाद फिर वही जोड़े-जोड़े खड़े कर दिये गए। और फिर दो-तीन मील दूर एक थाने में पैदल जाना पड़ा। अच्छाबन जाते वक्त भी इसी तरह सुबह प्रेजीडेंसी जेल से जहाज तक जोड़े-जोड़े बेड़ियाँ पहने मार्च करके जाना पड़ा था। टॉलस्टाय के रिसरेक्शन ग्रन्थ में कैदियों के दल का पैदल सफर करने का एक ऐसा ही हृदय-विदारक दृश्य आया है। आज छूटने के दिन भी फिर जहाज से थाने की तरफ जोड़े-जोड़े से जाना पड़ा। उधर सौभाग्य से नारीन्द्र, उपेन्द्र और हेमचन्द्र अर्थात् भारत के सर्वप्रथम बम केस के राजबन्दियों से मिलने के लिए सी० आई० टी० के अफसर आये हुए थे। उन्होंने इन्हें सीधे घर जाने की अनुमति दे दी। हमेशा की तरह मेरे दुर्भाग्य ने मेरा पीछा नहीं छोड़ा। मिटिया बुर्ज के थाने के विशाल प्रांगण में हम सब मुक्त बंदी एकत्र किये गए। तब फिर शक होने लगा कि हम सचमुच मुक्त हुए हैं या नहीं। लेकिन किसी ने कोई रोक-टोक नहीं की। इसमे हमने अनुमान किया कि यह सब मामूली अनुशासन की कार्रवाई है। थाने के बाहर बढ़े तो किसी ने रोका नहीं। आगे और बढ़े, इस तरह से बढ़ते-बढ़ते थोड़ी दूर तक और चले गए, सोचा अब कुछ खाएं। पुलिस की तरफ से कोई व्यवस्था दिखलाई नहीं दी। वारीन्द्र ने मुझे तीन रुपये दिए थे, उसीमें से कुछ खर्च करके खाया-पिया। कलकत्ता पास जाकर भी कलकत्ता में नहीं जाने पाए। खाने के लिए बहुत रही चीज
मिली। मन में लग रहा था कि दौड़कर कलकत्ता चले जाएँ। लेकिन फिर डर यह हो रहा था कि कहीं आसमान से गिरकर खजूर पर न अटक जाएँ। रात तो किसी सूरत से बिताई। मालूम हुआ दूसरे दिन लाल दिग्घी थाने में जाकर रेलवे इत्यादि का खर्च मिलेगा, तब कही जाकर पुलिस के पंजे से ठीक-ठीक छुटकारा मिलेगा।
प्रातःकाल होते ही बहुवांछित जनकोलाहलपूर्ण भारतवर्ष की राजधानी महा-नगरी कलकत्ता में प्रवेश करने की प्रबल इच्छा हुई। पूछताछ करने पर मालूम हुआ कि मिटियाबुर्ज के थाने से लालदिग्घी थाने में जाना पड़ेगा। अभी जाने में कम-से-कम दो-तीन घंटे की देरी है। यह जानकर कि यदि मैं फिलहाल मिटियाबुर्ज थाने से चला जाऊँ और सीधा लालदिग्घी थाने में जाकर वहाँ फिर मुफ़्त कैदियों के दल में सम्मिलित हो जाऊँ तो पुलिस को आपत्ति न होगी, मैंने सीधा ट्राम का रास्ता लिया। ट्राम में चढ़कर कालीघाट आ पहुँचा। कालीघाट में मेरे चचेरे भाई रहते थे। लेकिन मैंने सबसे पहले बी० सी० चटर्जी बैरिस्टर के यहाँ जाने का निश्चय किया।
बंगाल एवं यू० पी० में चटर्जी साहब ने बहुत-से राजनीतिक षड्यंत्रों के मामले में पैरवी की थी। आप प्रसिद्ध नेता सुरेन्द्रनाथ बनर्जी के दामाद थे। क्रांतिकारियों के साथ आप विशेष सहानुभूति रखते थे। बनारस षड्यंत्र केस में भी आपने पैरवी की थी। इस सिलसिले में चटर्जी साहब को घनिष्ठ रूप में जानने का मौका मिला था। राजनैतिक क्षेत्र में आप अरविन्द की नीति के पक्षपाती थे। बंग-विच्छेद के बाद बंगाल में जो अग्रिममय युग आया था उस जमाने में अरविन्द एवं विपिनचन्द्र पाल के संचालन में ‘वन्देमातरम्’ नाम का एक प्रसिद्ध दैनिक पत्र निकला करता था। हमारे राष्ट्रीय आन्दोलन के इतिहास में इस पत्र का विशेष स्थान है। इस पत्र में अरविन्द के सहयोगी के रूप में श्री बी० सी० चटर्जी भी लिखा करते थे। कलकत्ता हाईकोर्ट में जितने वकील-बैरिस्टर थे उनमें सी० आर० दास, बी० सी० चटर्जी एवं एस० एन० हलदार प्रमुख थे। बी० सी० चटर्जी साहब ने हम लोगों से अनुरोध किया था कि हम लोग डकैती करना छोड़ दें। हम लोगों के लिए जितने रुपयों की आवश्यकता होगी, सब वे संग्रह करके देंगे। लेकिन थोड़े ही दिनों बाद आपने हमसे कह दिया था कि ‘भाई, तुम लोग जो चाहो सो करो, रुपया कोई देता नहीं है।’ हमने आशा की थी कि हम काफ़ी रुपयों की मदद तुम्हें दे सकेंगे, लेकिन हम निराश हो गए हैं। अब तुम्हें अधिकार है जो ठीक समझो,
रो करो।' क्रांतिकारियों के साथ ये इतनी गहरी सहानुभूति रखते थे, अतः मुक्ति पाने पर कलकत्ते में कदम रखते ही आज सीधा मैं उन्हीं बी० सी० चटर्जी के मकान की तरफ रवाना हो गया। मुझे उनके स्थान का ठीक पता नहीं था। कालीघाट में ट्राम से उतरकर मैंने एक युवक से बी० सी० चटर्जी का पता पूछा। सौभाग्य से इस युवक ने मेरे साथ बहुत सहानुभूति दिखाई। लेकिन जितनी आशा थी उतनी सहानुभूति नहीं मिली। पहले तो इस युवक ने मुझे टालना चाहा कि अमुक रास्ते पर जाने पर गन्तव्य स्थान को पहुँच जाऊँगा। लेकिन जब मैंने बतलाया कि मैं अभी सीधा कालेपानी से आ रहा हूँ, यदि आप कृपापूर्वक मेरे साथ हो लें और बी० सी० चटर्जी साहब का मकान दिखला दें तो मैं बहुत अनुगृहीत होऊँगा। इसपर पहले तो वह युवक हिचकिचाया, लेकिन मेरे अनुरोध करने पर वह मेरे साथ हो लिया। कालीघाट से बालीगंज तक एवं पुनः बालीगंज से कालीघाट तक इस बेचारे ने मेरा साथ नहीं छोड़ा। कालीघाट से बालीगंज काफ़ी दूर था।
प्रथम साक्षात में चटर्जी साहब ने मुझे नहीं पहचाना, लेकिन एक दो क्षणों के बाद ही वे कुर्सी से कूदकर खड़े हो गए और दौड़कर मेरे गले से लग गए। फिर हमें प्रेम और आदर के साथ अपने पास बैठाया और टेबल पर से मेरी ही लिखित एक चिट्ठी उठाकर मुझे दिखलाई। यह चिट्ठी मैंने अण्डमान से अपने भाई को लिखी थी। मैंने देखा कि इस चिट्ठी में कई स्थान पर स्याही से कुछ लाइनें इस प्रकार लीप-पोत दी गई थीं कि पढ़ी नहीं जा सकती थीं। इस चिट्ठी में और बातों के साथ मैंने यह भी लिखा था कि भारत में अब नया शासन-विधान प्रचलित होने वाला है। अधिकारीगण यह कह रहे हैं कि भारत को अपनी राजनीतिक उन्नति के लिए पर्याप्त अवसर दिया जाएगा। यदि यह बात सच है, यदि इंग्लैण्ड एवं फ्रांस की तरह हमें भी अपनी उन्नति के लिए उचित मौका मिले तो ऐसा कौन पागल होगा जो कि खामखा खून-खराबी के रास्ते को ही ग्रहण करेगा और मौज ही अपनी जान को जोखिम में डालकर बन्दूक और तलवार के रास्ते को इख्तियार करेगा। क्रान्तिकारीगण सचमुच पागल तो हैं नही। यदि अधिकारीगणों का कहना दिली हक़ीक़त है तो उन्हें अवश्य राजवन्दियों को छोड़ देना चाहिए। इस चिट्ठी को मेरे भाईसाहब ने बी० सी० चटर्जी के पास भेज दिया था। बी० सी० चटर्जी साहब ने यह चिट्ठी दिखलाकर मुझसे यह कहा कि उन्होंने इस चिट्ठी को अपने समुर श्री सुरेन्द्रनाथ बनर्जी को दे दिया था। उन्होंने असेम्बली में इस चिट्ठी
के आधार पर राजबन्दियों को छोड़ने के लिए जोरदार अपील की थी एवं अनेक राज-पुरुषों को यह चिट्ठी दिखलाई भी थी। बी० सी० चटर्जी ने यह भी कहा कि वे स्वयं मोंटेग्यू साहब से इस सम्बन्ध में मिले भी थे। उनके मुंह से मैंने यह भी सुना कि जिस समय वे मैनपुरी केस की पैरवी कर रहे थे, उसी समय सम्राट की घोषणा का पत्र प्रकाशित हुआ, जिसमें राजबन्दियों को छोड़ने की इच्छा प्रकट की गई थी। सी० आई० डी० के डिफ्टी-इन्स्पेक्टर जनरल सैण्डूस साहब भी उस समय चटर्जी साहब के पास ही थे। सैण्डूम साहब ने चटर्जी साहब से कहा कि शचीन्द्र की माता से माफी की दरखास्त दिलवा दें और इसपर उन्होंने स्वयं सिफारिश कर देने को कहा। चटर्जी साहब ने तार से मेरे मामा को इस बात की इत्तिला दी। मामा ने माताजी के मार्फत दरखास्त दिलवाई। सैण्डूस साहब ने इस दरखास्त पर सिफारिश लिख दी। यह इसी सबका परिणाम हुआ कि मैं कारावास से मुक्त हो गया और बी० सी० चटर्जी से यह सब सुनने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ।
बी० सी० चटर्जी ने मुझे तेईस साल की अवस्था में देखा था। अब जब मैं लौटकर आया तो मेरी अवस्था अट्ठाईस साल की थी। बाल बहुत बड़े-बड़े हो रहे थे। बकरे की दाढ़ी की तरह मेरी दाढ़ी भी बढ़ी हुई थी। इसीलिए प्रथम दर्शन में तो चटर्जी साहब मुझे पहचान नहीं पाए थे। चटर्जी साहब ने चाहा कि मेरे भाई को तार द्वारा मेरी रिहाई का संवाद भेज दें। मैंने मना किया। मैंने चाहा कि अचानक घर में जाकर खड़ा हो जाऊँ। बहुत हर्ष के साथ चटर्जी साहब से विदाई ली। एक मुक्त डेनेट्यू भी चटर्जी साहब के पास बैठे थे, उनसे भी विदाई ली। पुनः अपने उस अपरिचित युवक के साथ कालीघाट में वापस लौट आए। रास्ते में मैंने इस युवक के साथ राजनैतिक मामलों पर बातचीत की। कलकत्ता में कदम रखने के बाद रंगरूट भरती करने की मेरी यह सर्वप्रथम चेष्टा थी। कालीघाट में मेरे चचेरे भाई रहते थे। मुझे पता था कि वह कहाँ रहते थे। चटर्जी साहब के यहाँ से लौटने के बाद मैं सीधा भाई के पास नहीं आया। मैं तो सबसे पहले इस युवक का ही घर देखने चला गया, तब कहीं बाद को भाई के पास आया। लेकिन दुःख के साथ बताना पड़ता है कि रंगरूटो का मेरा यह प्रथमप्रयत्न विफल रहा। यह युवक मेरे काम में शामिल नहीं हुआ। इस वक्त तो मैंने सिर्फ इस युवक का केवल घर ही देख लिया एवं थोड़ी-बहुत राजनीतिक आलोचनाएँ कीं। बाद को मैं जब कलकत्ता आया तो मैंने फिर इनका पीछा किया एवं कुछ दिनों तक यह प्रयत्न करता रहा।
कि यह युवक मेरे प्रभाव के अंदर आ जाय। लेकिन मैं जैसा पहले कह चुका हूँ, इस प्रयत्न में मैं असफल ही रहा।
इस युवक के घर होते हुए भाईसाहब के घर गया। दरवाजे पर खड़े होकर मैं यह पूछ रहा था कि अब भी मेरे भाईसाहब उसी मकान में रहते हैं या नहीं। जंगेले से उचककर भाईसाहब ने मुझे देखा एवं देखकर बोल पड़े, “शचीन्द्र ! आ गए हो ! आओ, भीतर आओ।” भाईसाहब बार-बार मेरे मुँह की तरफ ताकने लग गए। हँसकर मैंने कहा, “हजामत बहुत दिनों से नहीं बनी है।” नाई आया, हजामत बनी। भाईसाहब ने कहा कि बनारस से मेरे छोटे भाई मुझे ले जाने के लिए कलकत्ता आए थे। उन्हें पता ही नहीं चला कि जहाज कहाँ पर आया था। बेचारे माउट्म्मेद होकर वापस चले गए। नहाया-धोया। अब कुछ मालूम पड़ा कि मैं छूट गया हूँ। क़ैद होने के बाद आज सर्वप्रथम मैंने घर का भोजन किया। पाँच साल लगातार क़ैद का भोजन करते हुए भी रुचि नहीं बदली। निश्चय प्रतिदिन खाते खाते भी यह आदत नहीं पड़ी कि जेनखाने के भोजन के प्रति भी रुचि हो जाय। इससे यह प्रमाणित होता है कि स्थूल रूप से किसी काम को बराबर करने ही से कहीं आदत नहीं बना करती, अच्छे भोजन के लिए हर घड़ी जी में चाह बनी रहती थी। इसलिए वासना की तृप्ति न होने के कारण स्थूल व्यवहार का कोई असर स्वभाव पर नहीं पड़ा। यथार्थ में वासना-जगत् में कोई परिवर्तन हुए बिना शारीरिक या स्थूल व्यवहार का कोई असर मनुष्य-जीवन पर नहीं होता। इस प्रकार हम यह थोड़ा-बहुत अनुभव कर सकते हैं कि जगत् प्रधानतः वासनात्मक है। पाँच साल के बाद आज महत् तृप्तिपूर्वक भोजन किया। भाई ने कहा कि घर को तार द्वारा मेरे छूटने का संवाद दे दूँ। इस वक़्त ठीक याद नहीं है कि तार किसने भेजा था—चटर्जी साहब ने या इन्हीं भाईसाहब ने। सम्भव है कि भाईसाहब ने ही भेजा हो, क्योंकि शायद ऐसा हुआ हो कि मेरे छोटे भाई का कलकत्ता आना और अकेले वापस चले जाने का असर मेरे ऊपर हुआ था। भाईसाहब ने मुझे समझाया कि जो कुछ होना था सो हो गया, अब मैं दत्तचित्त होकर गृहस्थी के काम में लग जाऊँ। उम्र काफ़ी हो चुकी है। इस वक़्त की अवहेलना से बाद में पछताना पड़ेगा।
खाने-पीने के बाद कुछ आराम करके सातदिंगी पहुँच गए। इतने में एक मोटरकार थाने के प्रांगण में आई। इसमें कलकत्ता के सुपरिचित बैरिस्टर भाई० बी० सेन एवं बी० के० लाहिड़ी थे। ये आए थे बारोन्द्र वगैरह की खोज में।
संवाद-पत्र में पढ़ा होगा कि वारीन्द्र वगैरह छूट गए हैं। मैंने इनको बतलाया कि वे तो कल रात ही अपने-अपने ठिकाने पहुँच गए होंगे। मुझे इस वक़्त याद नहीं है कि आई० बी० सेन आए थे कि जे० एम० सेन गुप्ता। बी० के० लाहिडी ने मेरे परिवार के साथ अपना कुछ रिश्ता बतलाया। वारीन्द्र को न पाकर इन्होंने मुझसे ही अनुरोध किया कि कलकत्ता में एक खिलाफ़त काँफ्रेंस हो रही है और मुझे वहाँ चलना होगा। मैं जी में ज़रा-सा घबराया, सोचा कि आज ही तो कलकत्ता में पहले दिन कदम रखा है! अभी भी पुलिस के पंजे से छुटकारा नहीं पाया है और लालदिग्घी थाने के प्रांगण के अन्दर ही राजनीतिक काँफ्रेंस में जाने का यह साग्रह अनुरोध! यह सब है कि बिना किसी प्रकार की शर्त लगाये हुए ही मुझे छोड़ दिया गया था। मुक्ति पाने का जो सर्टिफिकेट मुझे मिला था उसमें एक स्थान पर ऐसा लिखा था कि अपने स्थान पर पहुँचते ही जिला-कलेक्टर को हम इत्तिला दे दें कि कालेपानी से लौट आए हैं। अतः मैंने बैरिस्टर साहबों से कहा कि अभी हम थाने में ही है, ऐसी हालत में काँफ्रेंस में जाने से कोई हर्ज तो नहीं है ? काँफ्रेंस मे मेरे लिए जाना क्या कोई विशेष आवश्यक बात है ? परन्तु गुप्ता साहब तथा लाहिडी साहब ने इस पर भी विशेष आग्रह किया कि मैं काँफ्रेंस में अवश्य चलूँ, तो मैं तैयार हो गया। मुझे उन्होंने मोटर में बैठा लिया और काँफ्रेंस के पंडाल में हाजिर कर दिया। काँफ्रेंस के बाद में मौलाना शौकतअली से मिलने गया । गिरफ़्तार होने के पहले मेरे आदमी मौलाना शौकतअली एवं मौलाना मोहम्मदअली के पास क्रान्तिकारी उद्योग के सम्बन्ध में पहुँचे थे। इसलिए मौलाना मोहम्मदअली तथा मौलाना शौकतअली साहब मुझे जानते थे । शौकतअली साहब ने मुझसे अनुरोध किया कि अब मैं खुले मैदान कूद पडूँ। चोरी छिपकर काम का अब प्रयोजन नहीं है। मैंने शान्तिपूर्वक सब सुन लिया। यहाँ से विदा होकर पंजाब-कैंप में आए। विशेष अनुरोध पर मुझे यहाँ कुछ खाना पड़ा। अच्छी-अच्छी चीजें देखकर लोभ तो बहुत हो रहा था, लेकिन जी में डर रहा था कि ऐसा खाना खा लूँ तो सम्भव है, हजम कर पाऊँ। अभी तक एक प्रकार का भोजन खाते आए थे जिसमें तेल तो नाम के लिए होता भी था परन्तु घी की तो सुगन्ध भी न होती थी। इस चहल-पहल से लौटकर फिर वही निरानन्दमय घुघुम थाने के प्रांगण में लौट आया। अब भी नाम वगैरह लिखे जाने एवं राहु के खर्चे मिटने में काफी देर थी। ये घड़ियाँ मुझे बहुत ही नागवार गुजरीं। पुलिस की
परछाई से भी मुझे घिन थी। पुलिस के द्वारा जीवन में बहुत-कुछ दुख पाया था, सम्भवतः इसीलिए पुलिसवालों की हवा से भी चिढ़ पैदा हो गई थी। कालेपानी के पांच साल काटने में जितनी भी पीड़ा मालूम हुई हो उसके मुकाबले में लाल-दिग्घी के पांच घंटे बहुत भारी प्रतीत हुए। आखिर इसका भी अन्त हुआ। पुलिस वाले हमें फिर हावड़ा स्टेशन ले गए। खैरियत यह थी कि अब की जोड़ा-जोड़ा नहीं जाना पड़ा। चालीस-पचास मुक्त बन्दियो के लिए कागजात के आधार पर पुलिसवालों ने टिकट कटवाया। स्टेशन पर टिकट देनेवाली एंग्लो-इण्डियन मैम-साहिबा टिकट देते-देते चिढ़ गई और अपशब्द कहने लगी। मैं सामने ही खड़ा था। सम्भव है, मुस्कुराता रहा होऊँ। दिल में तो मैं हंसता ही था और सोच रहा था चलो मेरी भी गिनती बदमाशों में हो गई। मैं डर रहा था कि कहीं पुलिस घर तक मेरे साथ न चले। लेकिन जब टिकट मेरे हाथ में देकर पुलिसवाले चले गए तो मानो मनौं बोझ सिर से उतर गया। रेल के छोटे-से डिब्बे में तो अवश्य रहे, लेकिन मैंने यही सर्वप्रथम यथार्थ स्वतन्त्रता अनुभव की। मानो मैं जहाँ-तहाँ विचरने लग गया हूँ। रेल की रफ्तार मुझे धीमी मालूम पड़ी। तुफान में सवार होकर यदि मैं घर पहुँच सकता तो मानो जी को कुछ तसल्ली होती। रात कैसे बीती, मुझे याद नहीं। जाड़े के दिन थे। मेरे पास न कोई बिछ्तरा था न पहनने के गर्म कपड़े। बारीन्द्र का दिया हुआ एक कोट और एक धोती और कुछ पैसे मेरे पास थे। जेल के दिये हुए कुछ कपड़े भी साथ थे।
मुझे खूब याद है, भोर होते ही मैं बनारस पहुंचा। असल में छूटने का जो आनन्द है वह मुझे बनारस पहुँचने पर ही मिला। मेरे लिए बनारस से प्रिय भूमि संसार में और कोई नही है। मेरी यह जन्मभूमि है; शिशु-अवस्था मैंने यहीं पर कैसे बिताई, मुझे यह याद नहीं और बाल्यावस्था मैंने यहाँ बिताई नहीं, लेकिन जीवन का जो श्रेष्ठ अंश है, जो मधुरतम भाग है, अपनी वही किशोरावस्था मैंने बनारस ही में बितायी है। इसलिए मेरे जीवन की मधुरतम स्मृति बनारस के वायुमण्डल में, बनारस की भूमि के प्रति रज-कण में अनन्तकाल के लिए विजड़ित है। स्टेशन से जब घर की तरफ चला तो प्रति क्षण आनन्द की मात्रा बढ़ती गई। लेकिन जिस क्षण मैंने इक्के से उतरकर गली के भीतर कदम रखा तो मुझे ऐसा मालूम पड़ा कि कदम के नीचे की भूमि को मानो कठिन एवं स्थिर नहीं है मानो वह भूमि भी आनन्द के स्पर्श से चंचल हो रही थी, हिल-डुल रही थी। मैं
चलकर घर नहीं आया बल्कि दौड़ता हुआ घर पहुँचा। क्या हृदयावेग की आकर्षण शक्ति धरित्री की मध्याकर्षण शक्ति ही की तरह है कि अण्डमन से जब चले तब से लेकर घर पहुँचने तक यह आकर्षण का वेग बढ़ता ही गया और घर के पास आकर आख़िर मुझे दौड़ना ही पड़ा। मकान के नीचे के कमरे का जंगला खुला हुआ था। मैं मुहूर्त-भर जंगले के सामने आकर खड़ा हो गया। कई एक युवक वहाँ लेटे हुए थे। इनमें मेरे दो भाई रवीन्द्र और जितेन्द्र भी थे। रवीन्द्र मुझे देखते ही हर्षोत्फुल्ल स्वर से नाति-उच्च कण्ठ से चिल्ला उठे, "अरे, दादा है।" रवीन्द्र बिस्तरे से ऐसे उचक पड़े मानो नीचे से किसीने जोर का धक्का देकर उन्हें ऊपर फेंक दिया हो। घूमकर दरवाजे होते हुए अन्दर आये एवं हरएक को मैंने छाती से जोर से लिपटा लिया। मेरी यह नई ज़िन्दगी थी। मेरा यह नया जन्म प्रारम्भ हुआ।
जिस रोज़ मैं घर पहुँचा उसके पहले दिन ही मेरे कनिष्ठ भ्राता का उपनयन-संस्कार हो चुका था। घर में यह किसी को पता न था कि आज यहाँ आ पहुँचूँगा। मैंने सबसे पूछा, माताजी कहाँ हैं? माताजी बगल के मकान में कुछ काम से गई हुई थीं। मैं पूछताछ कर ही रहा था कि इतने में वे आ गईं। मुझे देखते ही आनन्द के मारे रो पड़ीं और कहने लगीं, "बेटा मेरा, आ गए हो, मेरा बेटा आ गए हो।" और मेरे सिर पर, मेरे बदन पर, मेरे कन्धे पर और हाथ-पर-हाथ फेरने लग गईं। कहने लगीं, "जाने कितनी मुसीबत तुमने झेली!"
मैंने जब सबसे छोटे भाई को देखा तो मुझे एक अजीब-सा धक्का पहुँचा। इस कनिष्ठ भ्राता को आठ साल की उम्र में घर पर छोड़ आया था। मेरे मन में अभी तक उसकी वही आठ साल की कमनीय मूर्ति बनी हुई थी। अब जब मैंने इसको देखा तो उस कमनीय मूर्ति के साथ इसका कोई सादृश्य नहीं पाया। मैंने कल्पना नहीं की थी कि भूपेन्द्रनाथ को जब देखूँगा तो उसको किसी ओर मूर्ति में देखूँगा। जीवन का एक अध्याय समाप्त हुआ अब दूसरा प्रारम्भ होगा।