तृतीय खंड — 2. कालेपानी से विदाई
जहाज की इन्तजारी करते-करते वे बीस दिन भी बीत गए। जहाज में चढ़ने के दिन जितने क़रीब आए, उतने ही एक आनन्द के साथ एक उतनी ही काली छाया भी मन को घेरे रहती थी। हर घड़ी मेरे मन में यही ख्याल बना रहता था कि कैसे मैं अपने साथियों को इस संकटपूर्ण स्थान में असहाय अवस्था में छोड़कर जाऊँ! सब से मैंने यह वादा किया कि देश में पहुँचते ही उन लोगों को छुड़ाने के लिए मैं मरसक प्रयत्न करूँगा। मानो, मेरे पास यही एक बात थी जिससे मैं अपने साथियों को सांत्वना दे सकता था।
इस समय भाई परमानन्द एकाएक कोठरी में बन्द कर दिये गए थे। यह वही परमानन्द हैं, जो आजकल हिन्दू महासभा के महा कट्टर नेता हैं। सुनने में आया था कि पंजाब के अखबारों में परमानन्दजी की धर्मपत्नी ने परमानन्दजी के बारे में कुछ छपवाया था। इसी कारण से उन्हें कालेपानी में दिन-रात कोठरी में बन्द कर दिया गया था। अपने साथियों से मैंने यह भी वादा किया कि भाई परमानन्दजी के बारे में भी देश वापस लौटकर मैं जो कुछ कर सकूँगा, करूँगा।
एक दिन प्रातःकाल जाने की तैयारी होने लगी। मैंने यह अच्छी तरह से देखा कि पंजाब के मार्शल-लॉ के अठारह बन्दी एवं वारीन्द्र और हेमचन्द्र तथा उपेन्द्र खुशी से फूले नहीं समा रहे थे। मुझे तो अपने आँसू पीकर हट जाना पड़ा। मानो बादल उमड़ रहे हों, पानी गिरने ही वाला है। जेल से छूटने पर जो कपड़े दिए जाते हैं, वे हमें दिये गए। वारीन्द्र ने अपने छूटने की आशा में पहले ही कुछ कपड़े मंगा लिये थे। उसमें से मुझे उन्होंने एक धोती और एक कोट दिया। मेरा ख्याल
कि उन्होंने मुझे तीन रुपये भी दिए थे। बाकी खर्चे तो सरकार का ही था। छूटते समय भी दो-दो करके हम सब छूटनेवालों को कतार में खड़ा कर दिया गया। छूटने के दिन भी डिसिप्लिन के साथ फाटक की तरफ चले। जिस दिन मैं काले-पानी आया था, उस दिन भी मुँह पर हँसी थी, जी में रुआँसा था। आज छूटने के दिन भी मुँह पर हँसी थी, जी में रुआँसा था। मुझे खूब याद है जिस दिन सर्वप्रथम मैं कालेपानी पहुँचा उस दिन मेरे मन में क्या भावनाएँ थीं। एक तो मुझे दृढ़ विश्वास था कि मैं जल्दी छूट जाऊँगा, इसलिए मेरे दिल में वेदना का असर ज़्यादा न था। दूसरी बात यह थी कि मेरे मन में यह आशा थी कि वारिन्द्र, उपेन्द्र इत्यादि जो बहुत-से राजबन्दी पहले ही से कालेपानी में हैं, वे अवश्य ही दूसरे आनेवाले राजबन्दियों के लिए रास्ता साफ़ कर रहे होंगे। इसलिए मुसीबत को सामने देखते हुए भी उस दिन मन ज़्यादा चंचल नहीं हुआ था। लेकिन दो-चार दिन में ही मेरा यह माया-जाल छिन्न-भिन्न हो गया। जितने दिन बीतते गए, रुआँस भी बढ़ती गई। आज छूटने के दिन रोने की तबीयत हो रही थी, और हर्ष जी में छिपा हुआ था। जैसे-जैसे समय बीतता गया, वैसे ही हर्ष की मात्रा बढ़ती गई और निरासन्द का भाव लुप्त होता गया। लेकिन छूटने के दिन सचमुच आँसुओं को रोकना एक मुसीबत हो गई।
फाटक के बाहर आते ही पंजाब के सिख राजबन्दीगण गगनभेदी निनाद से दस दिशा कम्पित करके 'सत्य श्री अकाल' के नारे लगाने लगे। एक ने कहा—'जो बोले सो निहाल' और सबों ने प्रत्युत्तर में एक स्वर से कहा—'सत्य श्री अकाल'। फाटक के अन्दर तक कठिन डिसिप्लिन था। फाटक के बाहर भी एक प्रकार से जेलखाना ही था। लेकिन जब ये नारे लगने लगे, तो जेलखाने के अधिकारीगण ताकते ही रह गए। लेकिन जितने जोरों से यह नारे लगने लगे उतने ही तीव्र रूप से मेरे हृदय को यह आघात लगने लगा कि जेल के अन्दर जितने राजबन्दी इस घड़ी बन्द हैं और जो कोठरियों में पड़े हुए हैं उनके हृदयों पर इस निनाद का क्या असर पड़ता होगा! हरएक नारे के साथ मेरे रोंएँ-रोंएँ खड़े हो जाते थे। सुबह का समय था, चारों दिशा में शान्ति विराज रही थी। दिग्दिगन्त-व्यापी समुद्र फैला हुआ था और उसके बीच में छोटी-छोटी पहाड़ियाँ हरे पेड़ और पौधे से भरी हुई अपूर्व शोभा दे रही थीं। सिख लोगों के लगाये हुए नारे चारों दिशाओं में गूँज रहे थे। लेकिन कतार अभी बनी हुई थी और वैसे ही पूर्ववत् हम लोग जोड़े-जोड़े से
खड़े हुए थे। जब कई बार नारे लग गए तो हम लोग आगे बढ़े। नारों की जगह अब पंजाबी भाषा में गाने होने लगे। उसकी एक कड़ी मुझे आज भी याद है—'चिड़ियों से मैं बाज लड़ाकूँ, तभी गोविन्दसिंह नाम धराकूँ।' पहले की ही तरह से दो-तीन आदमी इस गाने की एक कड़ी को शुरू करते; बाद को तमाम आदमी उसे दुहराते। अब तो मेरी आँखों में आँसू भर आए। अभी तक एक भावना दिल में दबी हुई थी, अब वह उमड़ पड़ी। अण्डमान में रहते हुए प्रत्येक दिन मैंने जी-जान लड़ाकर यह प्रयत्न किया था कि छूटने के बाद फिर से राजनीति में काम करने के लिए अपने को सब प्रकार से उपयुक्त बनाऊँगा। जिस दिन मुझे मुक्ति का संवाद मिला, उस दिन एक क्षण के लिए मेरे दिल में यह ख्याल हुआ कि जिसके लिए मैंने आज तक तैयारी की है वह समय आज आ गया। क्या मैं अब उस दिन के लिए तैयार हूँ ? सिखों के ये गाने सुनकर कल्पना के नेत्रों से हम मुगल-जमाने के दृश्य देखने लगे। गुरु गोविन्दसिंह ने चिड़ियों से बाज को परास्त किया था। आज इस नवीन युग में एक नवीन गुरु गोविन्दसिंह की आवश्यकता है। मैंने मन-ही-मन यह सोचा कि जो नई जिम्मेदारी मेरे सिर पर आ रही है, क्या मैं उसके लिए तैयार हूँ ? मेरा जीवन तो खतम हो ही गया; इस पुनर्जन्म के बाद से क्या अपनी जिन्दगी पर मेरा व्यक्तिगत अधिकार है ? क्या मेरा जीवन अब समाज के कामों में ही न्योछावर न होना चाहिए ? इस भावना ने मुझे उस घड़ी उतावला कर दिया। हम लोग समुद्र के किनारे आ पहुँचे। समुद्र के पानी को स्पर्श करते ही मैंने ऐसा समझा कि यही पानी मेरी प्रिय मातृभूमि का भी स्पर्श कर रहा है। उसे स्पर्श करके मानो मैंने मातृभूमि का भी स्पर्श कर लिया। मैंने ऐसी कल्पना की कि मानो इस समुद्र का पानी आँचल की तरह बिछा हुआ है। उसका एक छोर भारत-वर्ष को और दूसरा छोर मुझे स्पर्श कर रहा है। नाव पर सवार होकर कुछ दूर जाने के बाद जहाज मिला। बारोन्द्र बर्माहरु के कुछ पुराने मिलनेवाले केला आदि फल-मूल भेंट करने के लिए ले आए थे। जब कालेपानी आए थे, तो जहाज में जिस जगह माल इत्यादि लादा जाता है, उसी सबसे नीचे की तह में हम मनुष्यों को बे-जानदार वस्तुओं की तरह लादा गया था; तिस पर भी पैरों में बेड़ियाँ भी पड़ी थीं और संगीन लिये हुए सिपाहियों का पहरा था। आज मुक्ति के दिन ऐसा नहीं हुआ। हम लोग जाकर डेक पर बैठे। पैरों में बेड़ियाँ न थी, न कोई पहरे का इन्तजाम। अब मालूम होने
लगा कि हम लोग सचमुच छूट रहे हैं। दिल में आया, क्या इधर-उधर जा सकते हैं, घूम-घामकर कुछ देख सकते हैं ? तो देखा कि कोई मना करनेवाला नहीं है। स्वाधीनता पाने की यह प्रथम अनुभूति थी। जहाज में इधर-उधर जाकर मैं घूमने लगा। इधर देखा, उधर देखा, कहाँ पर कैसे आदमी सवार हैं, इंजन किधर है, खाना पकाने की जगह कहाँ है और कहाँ स्नानागार और शौचागार है। आनन्द की मात्रा बढ़ने लगी और सोचा, अब छूट गए। अब खाने-पीने की फिक्र हुई। हिन्दुओं के लिए खाने का कोई इन्तजाम न था। या तो चना-चबेना चबाकर रहो 'या जहाज के मुसलमान खलासियों के हाथ का पका हुआ भोजन खाओ। बारीन्द्र घूम-घामकर जहाज के स्टुअर्ड के साथ खाने-पीने का कुछ बन्दोबस्त कर आए। इस इन्तजाम में हम चार आदमी शामिल थे--बारीन्द्र, उपेन्द्र, हेमचन्द्र और मैं। यहाँ पर यह बतला देना आवश्यक है कि खाने-पीने की छुआछूत में हम लोगों ने कभी भी कोई परहेज नहीं किया। हाँ, अवश्य ही गो-मांस आज तक नहीं खाया। लेकिन जब विचार करने बैठते हैं तो कबूतर के मांस में और बछड़े के मांस में क्या अन्तर होगा, यह समझ में नहीं आता। यह तो समझ में आता है कि नीति की दृष्टि से किसी भी प्रकार के मांस का खाना अनुचित है, अन्याय है, अशोभन है और सम्भव है कि बहुत-से अवसरों पर हानिकारक भी है। लोभ के वश में आकर आजन्म के अभ्यास के कारण एवं संग-सोहबत की वजह से अक्सर मांस खा लेता हूँ। और कभी-कभी दूसरे प्रकार के संग-सोहबत के कारण मैंने कई दफा मांस खाना छोड़ भी दिया और फिर शुरू भी कर दिया।
जब कालेपानी को आए थे तो बरसात का मौसम था। चार दिन और तीन रात जहाज में रहना पड़ा था। अब वापस जाने के वक्त भी चार दिन और तीन रात जहाज पर रहना पड़ा। आकाश साफ था। नभ-मण्डल में कोई चंचलता न थी। जहाँ तक मुझे याद है पंजाब के मार्शल-लॉ के कैदियों को हम लोगों से अलग रखा गया था और सम्भवतः उनके पैरों में बेड़ियाँ भी थीं और शायद उनसे यह भी कहा गया था कि पंजाब में ले जाए जाकर ही वे लोग छोड़े जाएंगे। लेकिन मुझे ये सब बातें अब ठीक याद नहीं हैं। सम्भव है, मैं कुछ गलती कर रहा होऊँ। यह ठीक याद है कि हम चार आदमी एक तरफ थे और मार्शल-लॉ के कैदी दूसरी तरफ थे। हम लोगों की रिहाई के सर्टीफेकेटों में चाल-चलन के कॉलम में 'फेयर' लिखा हुआ था, यानी न ज्यादा अच्छा और न ज्यादा खराब। और रिहाई के
कारण के कॉलम में यह लिखा था कि 'बादशाह के ऐलान के सिलसिले में रिहा किए जा रहे हैं।' एक और लक्ष्य करने की बात यह थी कि रिहाई के सिलसिले में यह लिखा था, 'कारसपांडेन्स एण्डिंग इन ए टेलीग्राम' अर्थात् चिट्ठी-पत्र व्यवहार के बाद आखिर में तार आया तब छूटे। मेरे जीवन की यह एक खूबी है कि आज तक जीवन-भर मेरा कोई काम निर्विघ्न रूप से सहज सरल तरीके से कभी भी नहीं हुआ। मुझे हमेशा कठिन-से-कठिन बाधाओं का सामना करना पड़ा है। छूटते वक़्त भी आखिरकार तार आया तब छूटे। आखिर शादी के सिलसिले में भी मुझे कोसों पैदल चलना पड़ा, तब जाकर कहीं लड़की को देखना नसीब हुआ। इसी तरह से इस जीते-जी पुनर्जन्म के बाद फिर जब मैंने यात्रा प्रारम्भ की तो पग-पग पर मुझे कठिन बाधाओं का सामना करना पड़ा।
अंग्रेजों के बच्चों को मैंने जहाज पर इधर-उधर निस्संकोच घूमते हुए देखा। जहाज के बिलकुल एक किनारे से ऊपर के डेक से नीचे की डेक में जाने की एक सीढ़ी थी। थोड़ी-सी ही असावधानी के कारण बच्चे इस सीढ़ी से गिरकर अथाह समुद्र में जा गिर सकते थे, लेकिन निस्संकोच ये बच्चे नीचे से ऊपर और ऊपर से नीचे आया-जाया करते थे, कूदा-फाँदा करते थे। इनकी देखभाल के लिए कोई साथ न रहता था। इस दृश्य ने मेरे मन पर अपनी गम्भीर छाप लगा दी। मैं हैरान रह गया कि कैसे इनके माँ-बाप निश्चिन्त होकर चैन से अलग बैठे होंगे। क्या हम भारतवासी इस प्रकार ऐसे अवसर पर बेफ़िक्र बैठे रह सकते हैं ? मैं अपने को काफ़ी हिम्मत वाला समझता हूँ, लेकिन मेरे लिए आज भी ऐसा सम्भव नहीं है। एक और भी दृश्य आज भी मुझे याद है। मैं उस वक़्त छात्र था। बनारस के क्वीन्स कॉलेज में पढ़ता था। करीब तीन-चार बजे शाम को कॉलेज के प्रांगण में होता हुआ कहीं जा था। सामने देखा कि कॉलेज के प्रिंसिपल मिन्सेण्ट साहब एक प्रोफेसर के साथ जा रहे हैं। प्रिंसिपल साहब का एक शिशु-सन्तान जमीन पर खेल रहा था। पास ही आया बैठी थी। वह शिशु पेड़ पर चढ़ने को गया। आया ने रोका तो प्रिंसिपल साहब ने आया को समझाया कि बच्चों को उनकी गतिविधि में कभी रोका न करो। पेड़ पर चढ़ना चाहता है, तो चढ़ने दो। तुम देखती रहो कि वह गिर न पड़े।
जिनके साथ मुझे चार दिन तीन रात हर घड़ी एक साथ रहना पड़ा, उनकी मनोवृत्ति एवं मानसिक झुकाव के साथ मेरा कोई ऐक्य न था। सम्भवतः
हमारे हरएक की दुनिया अलग-अलग थी। हम अपनी दुनिया में विचरण कर रहे थे, वे किसी और दुनिया में विचरण कर रहे होंगे। आपस में मौखिक बातचीत तो होती रही, हँसते भी थे लेकिन एक-दूसरे के हृदय को स्पर्श नहीं कर पा रहे थे। यह अनैक्य की बात एक-दूसरे से छिपी हुई भी न थी; मानो हरएक के दिल के सामने एक पर्दा पड़ा हुआ था और उसी पर्दे की आड़ में रहकर हम लोग एक-दूसरे से बातचीत कर रहे थे।
ऐसी परिस्थिति से ऊबकर मैं कभी-कभी सिस-भाइयों के पास जाता था। लेकिन वहाँ भी दिल को तसल्ली नहीं मिलती थी; क्योंकि हम लोगों का मानसिक विकास विभिन्न मार्ग से अपनी-अपनी प्रकृति के अनुसार विभिन्न ध्येय को लेते हुए हुआ है। इतने आदमियों के साथ रहते हुए भी मैं यह अनुभव करता था कि मैं कितना अकेला हूँ। क्या करता, मजबूरी थी। पाठक यह महसूस कर सकते हैं कि मैं इस आनन्द के दिन कितना निरानन्द रहा!
इसी जहाज पर अण्डमान टापू के अंग्रेज डिप्टी-कमिशनर एवं कई एक बंगाली médical ऑफीसर हिन्दुस्तान वापस लौट रहे थे। बारिन्द्र वगैरह से इन लोगों का परिचय था। इन लोगों से मिलने के बाद एक दफे बारिन्द्र हम लोगों के पास आकर कहने लगे कि हिन्दुस्तान की हालत बहुत नाजुक है। अब यह नहीं चल सकता कि कौन मित्र है और कौन शत्रु। स्कूल के हेड-मास्टर, टीचर, डॉक्टर और छात्र इन में सब खुफिया पुलिस के आदमी भरे पड़े हैं। पड़ोस में जो रहते हैं उनमें कौन खुफिया पुलिस के हैं और कौन नहीं, यह कहना बहुत मुश्किल है। दूसरे मौके पर डिप्टी-कमिशनर लुइस साहब से मिलकर लौटने के बाद बारिन्द्र यह कहने लगे : 'भई, लुइस साहब बड़े भलेमानुष हैं। उनसे बहुत देर तक बातचीत की। सुख-दुःख की बातें पूछीं। कहाँ रहेंगे इत्यादि बातें होते-होते उल्लासकर की बात आई। लुइस साहब ने झकपट हृदय से यह कहा कि 'उल्लासकर का गन बड़े ऊँचे स्वर से बँधा हुआ था!' इसी प्रकार से सिख राजवन्दियों के बारे में बातचीत हुई। सिखों के साहस एवं उनकी विरोधी पक्ष के सामने खड़े होने की शक्ति की बहुत प्रशंसा की।' ऐसा कहते हुए बारिन्द्र ने इस शुभ मुहूर्त में यह स्वीकार किया कि जो राज-वंशीगण जेल-अधिकारियों के विरोध में सिर ऊँचा रखते हुए आत्म-सम्मान के लिए हमेशा लड़ा करते थे, वे यथार्थ में वीर थे और सराहनीय थे। उनके मुकाबले में बारिन्द्र ने अपनी कमजोरी स्वीकार की।
यहाँ पर उल्लसकर का कुछ परिचय दे देना आवश्यक है। इनके पिता शिवपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रोफेसर थे। वारीन्द्र वगैरह के दल में शामिल होने के पहले ही उल्लसकर ने अपने घर में ही एक रसायनागार बना लिया था और वहाँ पर वह विस्फोटक पदार्थ के विषयों में परीक्षण किया करते थे। उल्लसकर बड़े विचारशील और आध्यात्मिक प्रकृति के मनुष्य थे। वारीन्द्र का दल इनके दल में शामिल होने से बहुत पुष्ट हो गया था। मुकदमे के दौरान में बयान देते समय उल्लसकर ने यह कहकर गौरव अनुभव किया था कि 'अमुक धर्म ने अमुक स्थान पर जो भैरव-लीला दिखाई थी, वह मेरे ही हाथ का बना हुआ था।' एक अदालत के कमरे में एक राष्ट्रीय संगीत गाकर उल्लसकर ने सबको को मुग्ध कर दिया था। प्रसिद्ध राष्ट्रीय नेता स्व० विपिनचन्द्र की एक कन्या के साथ उनका प्रणय हो गया था और विवाह की बात स्थिर हो चुकी थी, परन्तु इस बीच में अलीपुर षड्यन्त्र के मामले में उल्लसकर गिरफ्तार हो गए और उन्हें सजा हो गई। विपिनपाल की लड़की ने आज तक शादी नहीं की। जब तक उल्लसकर जेल में थे तब तक तो कोई बात ही नहीं थी। जेल में उल्लसकर का मस्तिष्क विकृत हो गया है, यह जानकर तब उसने शादी न करना ही उचित समझा। जहाँ तक मुझे मालूम है, उस लड़की ने फिर शादी नहीं की।
अण्डमान के जेल में रहते हुए उल्लसकर एक दिन कहने लगे कि आखिर क्यों मैं जेल की मशक्कत करूँ। एक बागी के लिए जेल में भी बगावत का रास्ता इख्तियार करना ही मुनासिव और इज्जत का रास्ता है। इस तरह से जेल में कई बार कानून तोड़कर उल्लसकर ने तरह-तरह की सजायें पाईं। एक दफे जेल के बाहर कड़ी धूप में ईंट की भट्टी में काम करते समय पहले की तरह काम करने से इनकार कर दिया। उल्लसकर और उनके कुछ साथियों को जेल में ले जाया गया और तनहा कोठरी में दीवाल में लगे हुए लोहे के छल्ले से हथकड़ी में बाँधकर इन्हें खड़ा कर दिया गया। इसे जेल में सड़ी हथकड़ी कहा करते हैं। कानूनन यह एक दिन में आठ घण्टे तक ही लगाई जाती है एवं लगातार सात दिन से अधिक ऐसी सड़ी हथकड़ी लगाने का हुक्म नहीं है। लेकिन जेल के अधिकारी-गण जब किसी कैदी को सताना चाहते हैं तो इन सब कानूनों की पाबन्दी नहीं की जाती। दफ्तर के कागजात में कार्रवाई कानून के हिसाब से सही तौर से रखी जाती है, लेकिन अमल में कुछ और ही होता है। अगर कोई कैदी अदालत के सामने
यह सब बातें साबित करना चाहे तो यह ग़ैरमुमकिन-सी बात है, क्योंकि जेल के अधिकारियों के खिलाफ कोई गवाह नहीं मिल सकता। खैर, जो कुछ हो, उल्लासकर को खड़ी हथकड़ी ही हालत में ही एकसौ तीन या एकसौ चार डिग्री बुखार आ गया। फिर भी वे खड़ी हथकड़ी में ही रखे गए। इस हालत में वे बेहोश हो गये। बेहोशी की हालत में वे अस्पताल भेजे गए एवं जब उन्हें होश आया तो देखा गया कि वे पागल हो गए हैं। यही उल्लासकर कहा करते थे कि भाई अब ऐसे आदमियों के पाले पड़े हैं कि ये हाड़ खाएंगे, मांस खाएंगे चमड़ी से डुपहुगी बजाएंगे। अण्डमन के डिप्टी-कमिशनर लुइस साहब उल्लासकर के विषय में बहुत ऊँचे खयाल रखते थे।
जब वारीन्द्र ने आकर लुइस साहब की बातें सुनाई और इस सिलसिले में उल्लासकर का जिक्र आया तो मुझे उल्लासकर के बारे में ऊपर लिखी बातें मालूम हुईं। ये सब बातें सुनकर पिछले दिनों के वे नजारे आँखों के सामने घूमने लगे और मैं सहम-सा गया। उस समय के इतने अत्याचारों की रोमांचकारी कहानी मैंने सुनी जिसे यहाँ पर लिखने की हिम्मत मुझमें नहीं है, क्योंकि अदालत के सामने इन सब बातों का सबूत मैं नहीं दे सकता।
जब मैं कालेपानी आया था तो प्रकृति विरूप थी। अगस्त का महीना था। आँधी-पानी और बादल का गरजना, जहाज के नीचे की तह में बैठे-बैठे ऐसा मालूम हो रहा था, मानो एक प्रलयकारी बाढ़ में दुनिया डूब रही है। अब लौटते वक्त प्रकृति शान्त थी, मानो हम सबके छूटने से चारों दिशाओं में प्रफुल्लता छा रही हो। रात में तय हुआ कि प्रातःकाल यह देखना है कि समुद्र के छोर से सूर्योदय कैसे होता है! सोते-सोते जब पहले आँख खुली तो देखा कि चारों दिशा में उषा की लाली हिमंत ज्योति से उद्भासित हो रही थी। मैं उठ खड़ा हुआ। समझा कि वक्त आ गया है, सूर्योदय अब होने ही वाला है। देखा कि हेमचन्द्र भी उठ बैठे हैं। मैंने औरों को भी जगाना चाहा, लेकिन हेमचन्द्र ने कहा, अभी थोड़ा और देख लें कि सूर्योदय में कितनी देर है। हम दोनों डेक के किनारे जाकर खड़े हो गए। रेलिंग को पकड़कर क्षितिजों की ओर टकटकी लगाये ताकते रहे। नीचे समुद्र का पानी उच्छलित हो रहा था। हम लोगों में से किसी के पास घड़ी तो थी ही नहीं। पता नहीं चल रहा था कि वक्त कितना हुआ। खड़े-खड़े हम लोग थक गए, लेकिन उषा के प्रकाश में कुछ अन्तर नहीं हुआ। अब भी हमारे साथियों में से कोई जगा
न था। मैं और हेमचन्द्र जहाज में इधर-उधर घूमने लगे ताकि किसी मूरत से पता चले कि वक़्त क्या है। शायद स्टुअर्ड के पास से पता चला कि अभी तो तीन ही बजा है। दिल में आया अभी थोड़ा और लेटे रहें, लेकिन हेमचन्द्र ने मुझे रोक लिया और दोनों डेक चेयर में या शायद किसी और चीज़ पर बैठ गए। तीन बजे से करीब साढ़े पाँच बजे तक यों ही बैठे रहे। आश्चर्य की बात तो यह थी कि समुद्र में उपा की स्थिति तीन-तीन घण्टे तक करीब-करीब एक-सी रही। साढ़े चार या पाँच बजे से मेरे दूसरे साथी भी पास आ गए। चारों दिशाओं में तो उजाला छा गया, लेकिन जिस केन्द्र से चारों दिशा में यह ज्योति विकीर्ण हो रही थी उसका अभी भी कोई पता न था। हम सब अस्थिर हो गए। केवल हर घड़ी यही सोचते रहे जाने समुद्र में सूर्योदय कैसा होता है। यह इन्तजारी अब बुरी लगने लगी। लेकिन जिस दृश्य को देखने के लिए घण्टों से बैठे हैं अब उस दृश्य को बिना देखे जायें कैसे ? एकाएक सबका मन चंचल हो उठा और हाथ फैलाकर सबों ने इशारा किया कि वह सूर्योदय का प्रारम्भ था। सबों ने देखा एक ज्योतिपुंज समुद्र से धीरे-धीरे उग रहा है। चारों दिशा में अथाह पानी और पानी। अनन्त का आभास कुछ मिलने लगा। एक तरफ सूर्योदय हो रहा है दूसरी तरफ अनन्त मानव मूर्त होकर दर्शनीय हो रहा है। मानो शान्त और अनन्त का मिलन हो रहा हो। मस्तक के ऊपर अनन्त आकाश, नीचे अनन्त घटा के बीच एक हमारा ही जहाज इच्छापूर्वक एक विशेष दिशा की तरफ असाध्य साधन करने की भाँति इस अनन्त दिशा को पार करने की अदम्य चेष्टा कर रहा है और दूसरी तरफ ज्योतिपुंज की गति से भी यह प्रतीत होता था कि अनन्त के साथ शान्त का मिलन है। और हम नितान्त दिशाहीन होकर भटक नहीं रहे हैं। सूर्य का उदय अब प्रत्यक्ष हो रहा था। अर्धगोलाकार ज्योतिपुंज समुद्र के ऊपर दिखाई दे रहा है। लेकिन स्थल देश में सूर्यास्त के समय जैसे मनोहर रूप में अवर्णनीय लालित्य के साथ सूर्य दिखाई देता है, समुद्र के बीच सूर्योदय के समय वह लालित्य न था। उस दिन आकाश में एकदम मेघ न थे। सम्भव है, इसीलिए सूर्य की किरणों से कोई रंग बिखर नहीं रहा था। समुद्र के बीच सूर्योदय के समय एकमात्र विचित्र बात हम लोगों ने यह देखी थी कि अचानक वह ज्योतिपिंड जो अभी तक वृत्ताकार पानी के ऊपर दिखाई दे रहा था, मानो एकाएक पानी से कूद-कर अलग हो गया और आकाश में सूर्य के रूप में दिखाई देने लगा। इस विचित्र
कूदने को छोड़कर समुद्र में सूर्योदय के वक्त और कोई ऑब्जेक्टिव ब्यूटो हम लोगों ने नहीं दिख पाई। कुछ ने तो कहा कि यही रामपुर में सूर्योदय की ब्यूटी है। वृथा तीन घंटे बर्बाद हुए। हम सब अपनी जगह पर चले आए और हँसी-दिल्लगी में वक्त बिताने लगे। खाने-पीने को कोई खास चीज तो मिलने की थी नहीं और न पल्ले पैसा ही था। आकाश की तरफ या क्षितिज की तरफ देखने से यह पता नहीं चलता था कि हमारा जहाज किसी तरफ अग्रसर हो रहा है या नहीं। लेकिन नीचे पानी की तरफ देखने से प्रतीत होता था कि किसी अज्ञात दिशा की तरफ हमारा जहाज आगे बढ़ रहा है। अनन्त समुद्र में एकमात्र अपने ही जहाज को पानी के ऊपर तैरते देखकर जैसे एक ओर अनन्त का धैर्य अनुभव करते थे, वैसे ही दूसरी ओर मेरे मन में एक असहायता की भावना एक प्रकार की अव्यक्त आशंका की सृष्टि करती थी। मैं जहाज के पीछे की तरफ चला गया। उस निर्जन स्थान में अकेले खड़े होकर मैं देखता था कि कैसे हमारा जहाज अथाह समुद्र पर तुच्छ-सा विक्षोभ पैदा करके समुद्र पर पानी का रास्ता बनाता चला जा रहा है। मन में आया कि यदि हम गिर जाएँ तो क्या कोई सहायता हमें मिल सकती है! थोड़ी देर में फिर वही बात याद आई कि मेरा जीवन तो समाप्त हो चुका था, मेरी इस नई जिन्दगी पर मेरा क्या अधिकार है? दिवा-स्वप्न देखने लगा। क्या फिर देश-सेवा के कार्य में निर्भीकता के साथ अपने जीवन को लगा पाऊँगा? मुझे याद आया कि मेरी माता विधवा हैं और मैं आज तक किसी भी प्रकार से जननी को मौखिक दृष्टि से सुखी नहीं कर पाया। क्या अब लौटकर अपनी माता के लिए कुछ कर पाऊँगा? अब तो माताजी शादी के लिए अवश्य कहेंगी। शादी मैं अवश्य करूँगा, लेकिन शादी करने के बाद क्या मैं फिर त्याग के रास्ते को ग्रहण कर सकूँगा? इन्हीं सब भावनाओं में मैं तल्लीन था। जब मैंने एकाएक सिर उठाया तो देखा कि हेमचन्द्र मेरे पास खड़े हुए हैं। उनके आग्रह करने से मैंने अपने मन की सब बातें बताईं। हेमचन्द्र कानूनगो एक प्रति श्रद्धेय सज्जन थे। जब जेल में आए होंगे तब वह अवश्य जवान रहे होंगे। लेकिन जिस दिन मैंने प्रथम बार अण्डमान की जेल में कदम रखा था उस दिन जब मैंने दूर से हेमचन्द्र को एक स्टूल पर बैठे देखा उस दिन का दृश्य मैं कभी नहीं भूल सकता। दाढ़ी के बाल धागे से ज्यादा सफेद हो गए हैं, छाती तक बाल लटक रहे हैं, आँख में चश्मा है और रंग मंदुर्मा है। मैं यह सोचते
लगा कि भारत के स्वाधीनता संग्राम में इन सज्जन ने अपने बाल सफेद कर लिये, सालों से जेल में पड़े हुए हैं, मुखमंडल चिन्तनशील गम्भीरता-मंडित दिखाई दे रहा है, एकाग्र चित्त से कोई किताब पढ़ रहे है।
कालेपानी में आकर एक नवीन युवक दत्तचित्त होकर उन्हें इस तरह से टकटकी लगाकर देख रहा है. हेमचन्द्र को इस बात की कोई खबर नहीं। अपने देश से सहस्रों मील की दूरी पर समुद्र-परिवेष्टित एक छोटे-से टापू के कारागार में एक प्रौढ़ के साथ एक नौजवान का इस परिस्थिति में मिलना आज भी मुझे याद है। ये वही हेमचन्द्र है जो अपनी जायदाद बेचकर फ्रांस चले गए थे बम इत्यादि बनाना सीखने के लिए। जिस समय हेमचन्द्र इस वैप्लविक मनोवृत्ति को लेकर फ्रांस गए थे उस समय भारत के राष्ट्रीय क्षेत्र में किसी नेता ने भी यह कल्पना नहीं कर पाई थी कि भारत के नौजवानों में देश को स्वाधीन करने की इतनी प्रवल आग्रहपूर्ण क्रांतिकारी भावनाएँ तीवरूप से फैल रही हैं।
आज वही हेमचन्द्र बारह साल जेल-जीवन व्यतीत करने के बाद घर वापस जा रहे है। घर में उनके स्त्री है एवं एक पुत्र। बारह साल में अण्डमन में उन्होंने जितनी पुस्तकें एकत्रित की थीं अपने पुत्र के लिए आज वे सब पुस्तकें अपने साथ लिये जा रहे हैं। जो युवक काले पानी में कदम रखते ही उनको देखकर दंग रह गया था, आज मुक्ति पाने के दिन जहाज में वे उसके ही पास आकर मित्र की तरह खड़े हुए हैं और भविष्य की आशा और आकांक्षाओं की बातें पूछ रहे हैं।
दिन योंही बीत गया। आज जहाज पर आखिरी रात थी। हम सब मातृ-भूमि के करीब आ गए हैं। बहुवांछित तटभूमि अभी दिखलाई नहीं दी है। सम्भव है, कल दिखलाई दे। जहाज में बिजली की बत्तियाँ काफ़ी जल रही थीं। चारों दिशाओं में अंधकार छा रहा था। आकाश में नक्षत्र चमक रहे थे। क्षितिज स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा था। अनन्त गगन-मण्डल अतल समुद्र में समा गया था। या यों कहिए कि सीमाहीन समुद्र असीम गगन में समा गया था। इस असोमृता के बीच में जल के बुद्बुदों की तरह हमारा जहाज समुद्र की लहरों के ऊपर भासमान था। तारों की वजह से अंधकार समुद्र के बीच भयानक मालूम हो रहा था। मैं डेक पर रेलिंग के किनारे खड़ा था। नीचे समुद्र की लहरें उमड़ रही थीं। अगर जहाज पर बिजली की बत्तियाँ न होतीं तो नीचे की लहरें बिलकुल न दिखाई देतीं लेकिन बिजली की बत्तियों की रोशनी के कारण नीचे लहरों का भीषण रूप मैंने
देखा। यह दृश्य भी भूलना सम्भव नहीं। भयानां भयं भीषणं भोषणानाम् इस श्लोक की पंक्तियां सुनी ही थीं। अब यह दृश्य आंखों देखने का अवसर आया। छोटी-सी बत्ती के सहारे गहन अंधकार ने मानो आंखों के सामने रूप ग्रहण किया हो। अंधकार का भी रूप होता है, यह पहले-पहल ही अनुभव किया। लहरें उमड़ रही हैं, लेकिन वह पानी नहीं मालूम हो रहा है। यदि हम अचानक पानी में गिर पड़ें तो किस अनिर्देश्य अज्ञात कराल लोक में जा पहुंचेंगे इसका कोई ठीक-ठिकाना नहीं है। काल की कराल छाया मानो उन लहरों के रूप में उमड़ रही है। अंधकार को भी देखा जा सकता है। जिन्होंने देखा है वे ही स्वीकार कर सकते हैं, दूसरे नहीं।
सम्भव है रात को किसी समय पाइलट हमारे जहाज में सवार हो गया हो। प्रात:काल सुदूर में एक रेखा की तरह स्वदेश भूमि को देख पाता था, ऐसा मुझे खयाल है। नदी और समुद्र के संगम-स्थल को किस समय मैंने पार किया था, यह मुझे ठीक याद नहीं। अभी भी समुद्र था या नदी आ गई थी, मैं इसको भी ठीक नहीं कह सकता था।
चौथे दिन समुद्री पक्षियों को समुद्र में मछली का शिकार करते हुए देखा। एकाध बार मछलियों को भी थोड़ी दूर तक उड़ते हुए देखा था। ये समुद्री पक्षी जिन्हें अंग्रेजी में सीराज्ज कहते हैं, अण्डमन टापू से दो सौ मील की दूरी तक दिखाई दिए, और इधर भी भारत की तटभूमि से सौ मील की दूरी पर दिखाई दिए होंगे। अब मुझे ठीक-ठीक याद नहीं है लेकिन जहां तक मैं स्मरण कर सकता हूं, ये समुद्री पक्षी बीच समुद्र में नहीं दिखाई दिए थे। यूरोपियन पुरुष और स्त्रियां इन पक्षियों के खाने के लिए कुछ फेंक दिया करते थे। समुद्री पक्षी इसलिए जहाज के आस-पास खूब उड़ा करते थे। इन साहबों की बदौलत इन पक्षियों की लीलाएं देखकर हम भी आनन्द-उपभोग करते थे।
हेमचन्द्र ने कहा कि हम लोग रात में गंगासागर संगम पार कर चुके हैं। प्रातकाल में भी बहुत दूर पर जो क्षीण रेखा दिखाई दे रही थी, इसमें सन्देह है कि यथार्थ में वह रेखा तटभूमि को द्योतक थी या नहीं। हम लोगों में बात छिड़ी कि जाने कितने दिनों में हमें में जहाज चलानेवाले आदमियों पाइलट इत्यादि पैदा होंगे। जितना दिन चढ़ता गया उतनी ही तटभूमि की रेखा निकटवर्ती होती गई। वह दृश्य बड़ा मनोहर था। अब स्पष्ट रूप से तटभूमि दिखाई देने लगी थी,
लेकिन इधर पानी का प्रसार समुद्रवत् ही था। एक तरफ जल का अनन्त प्रसार, दूसरी तरफ तटभूमि का इंगित; यह सान्त और अनन्त का सम्मेलन बहुत ही हृदयग्राही होता है। केवल अनन्त से हमारा काम नहीं चलता और न केवल सान्त से ही हम तृप्त रह सकते हैं। अनन्त समुद्र में भी आसमान व जहाज मेरे साथी थे; जहाज के निवासी भी साथी थे, सम्भव है इसलिए वहाँ पर सान्त और अनन्त का मिलन रहा। लेकिन निरे अनन्त में जी घबरा जाता है। सम्भव है मुझमें अभी भी वासनाएँ प्रबल हैं इसलिए अभी केवल अनन्त से जी घबराता है। एक दफा श्री रामकृष्ण परमहंस ने स्वामी विवेकानन्द को कुछ अनुभव कराया था। स्वामी विवेकानन्द घबराकर कहने लगे थे, "अभी मेरे माता-पिता हैं, भाई-बहनें हैं!"
दिन चढ़ता गया, श्यामल तटभूमि क्रमशः हमारे करीब आती गई। उस दयामलता के बीच मनुष्यों को काम करते देखकर हमने एक अनोखे आनन्द का अनुभव किया। इन मनुष्यों को देखते ही मानो इनके परिवार-वर्ग को भी मैंने देखा! उनके गृहस्थ-जीवन के सुख-दुःख को इनकी कर्म-प्रचेष्टा के साथ जड़ित देखा। क्रमशः पुरुष के साथ नारी को भी चलते-फिरते देखा। छोटे-छोटे नद और नदियाँ इस समुद्रगामी नदी में आकर सम्मिलित हुई हैं। इसके किनारे-किनारे तटभूमि के प्रान्त में खेती दिखाई देने लगी। इन खेतों के बीच ग्राम बसे हुए थे। अब भी नदी बहुत प्रसारित थी। तटभूमि घने वृक्षों से शोभायमान थी। नदी के दोनों ओर हरियाली और बीच में पानी—यह दृश्य बड़ा मनोहर था। इस नद-नदी-हरियाली-परिवेषित ग्राम-जीवन को देखकर मन में अजीब प्रसन्नता होती थी। कुछ दिनों से पारिवारिक जीवन से अलग होने के कारण मन में—अन्तःस्तल में पारिवारिक जीवन के प्रति स्पृहा बनी हुई थी। इसके कारण, या सम्भव है जन्म-जन्मांतर के संस्कार के कारण, पाँच साल के बाद जब मैंने स्त्री-पुत्र परिवेषित पुरुष को घर-गृहस्थी के काम में लगा हुआ देखा तो हृदय में एक उल्लास-सा पैदा हुआ। सम्भव है, कौमार्य-जीवन व्यतीत करते-करते दाम्पत्य-जीवन के प्रेमास्वादन की अनिर्देश लिप्सा के कारण ही मैं चारों ओर की प्रकृति में इतना अनुभव कर रहा था।
दोपहर के बाद जब दिन ढलने को हुआ तो हमारा जहाज लोगों से भरपूर तटभूमि से घिरी संकीर्ण नदी के भीतर से गुजर रहा था। मैं और हेमचन्द्र पास-
पास खड़े थे। कारवार के सिलसिले में माल से लदी हुई बड़ी-बड़ी नौकाएँ इधर-उधर आ-जा रही थीं। अर्धग्नम मल्ल्लाह इन नावों को खे रहे थे। कमर के नीचे और घुटने के ऊपर तक ही वे कुछ कपड़े लपेटे हुए थे। सुबह से शाम तक कठिन परिश्रम किया करते थे। इन्हें धूप और पानी की समान रूप से अवहेलना करनी पड़ती थी।
इन अर्धग्नम मल्ल्लाहों को देखकर हेमचन्द्र ने मुसकराते हुए कहा कि देखो, जेल में कैदियों को फिर भी कपड़ा तो पहनने को मिलता है, जेल के अन्दर धूप और पानी में कैदियों से तो काम नहीं लिया जाता। काम करने की एक सीमा तो है। लेकिन ये हमारे आजाद देशवासी अर्धग्नम अवस्था में किन कठिन परिश्रमों का सामना कर रहे हैं। बात तो सच थी, लेकिन मुझे वह पसन्द नहीं आई। मुझे ऐसा लगा कि जेल के अधिकारीगणों के पक्ष में यह दलील दी जा रही है। अण्डमान जेल के क्रूर एवं निलज्ज अधिकारीगणों के पक्ष में कोई बात सुन सकना मेरे लिए सहज न था। मेरे दिल की बेचैनी ने मेरे चेहरे को अवश्य विकृत कर दिया होगा, मानो मैंने अपने उस विकृत चेहरे को अपनी आँखों से देखा। मैंने उत्तर में हेमचन्द्र से कहा कि अपनी स्वाधीन इच्छानुसार चाहे कितनी भी मुसीबत हम बर्दाश्त कर लें, यह सब गवारा है, लेकिन जिस मुसीबत को झेलने के लिए मुझे मजबूर किया जाए वह चाहे कितनी भी थोड़ी हो, वह पहाड़-सी भारी मालूम होती है। मालूम नहीं हेमचन्द्र ने इसके उत्तर में क्या कहा था। दिन ढलने लगा, नदी धीरे-धीरे संकीर्ण होने लगी। मालूम होने लगा कि अब कलकत्ता निकट है। जन कोलाहल से भरी विशाल नगरी की याद आते ही मन में एक अजीब चंचलता पैदा हुई। कहाँ शत्रु से घिरे अण्डमान के कारागार का जीवन और कहाँ लोगों से भरी-पूरी बस्ती के बीच विशाल राजधानी, जहाँ की मधुर स्मृति कारागार की काल-कोठरियों में हमें निरन्तर प्रलुब्ध करती रहती थी! मुक्ति का पूरा आस्वादन पाने के लिए मन व्यग्र हो उठा। यह हम जानते थे कि भारत में किसी को पता भी नहीं है कि अण्डमान के राजबन्दी मुक्त होकर वापस आ रहे हैं। कलकत्ता के बन्दरगाह में किसी भी सुपरिचित स्नेहातुर कमनीय मुख के देखने की आशा न थी। मुहुत के बाद घर लौट रहे हैं। असीम दुःख को झेलने के बाद स्नेहीजन परिबेष्टित संसार में लौट रहे हैं। ऐसे अवसर पर दिल चाहता था कि स्वदेश की भूमि पर सर्वप्रथम कदम रखते समय किसी स्नेही से मुलाकात हो जाए, लेकिन यह दुराशा
मात्र थी। जेल में रहते समय जब हम दिल बहलाने के लिए बातें किया करते थे, तो एक दिन उपेन्द्रनाथ ने यह दृश्य खीचकर हम लोगों का मन बहलाया था कि मानो हम लोग छूट रहे है। श्वेत ऐरावत आकर सूँड़ उठाकर गंध पुष्प-माल्य उठा रहा है और देवबालाएँ वस्त्रालंकार से सुशोभित होकर शंख-निनाद से हम लोगों का स्वागत करने के लिए चारो दिशाओं में खड़ी है। कल्पना ही से जब काम लेना है तो फिर कमी भला किसी भी बात की क्यों रखें। वंचित जन इसी तरह से दिल बहलाव करते है। आज जब जीते-जी दूसरे जन्म के आस्वादन का समय आया एवं बहुवांछित कलकत्ता महानगरी समीपवर्ती हो आई तो उल्लाम के साथ मन में एक विषाद की छाया भी थी। मनमें तीव्र वासना थी कि जहाज से उतरते वक़्त किसी स्नेही से मुलाकात हो, लेकिन हम जानते थे यह नही होने का।