प्रथम भाग — 10. विश्वासघात और निराशा

मन में ऐसा भाव रहने पर भी विप्लव की तैयारियाँ होने लगीं। बंगाल के भिन्न-भिन्न केन्द्रों में काम करनेवाले विप्लववादियों के लिए हाफपैंट सिलवाये गए। पंजाब में भारत की राष्ट्रीय पताका बना ली गई। उस पताका के रंगों में अपनी विशेषता सूचित करनेवाले खास रंग को स्थान दिलाने के लिए सिक्खों ने बड़ा आग्रह किया। इसलिए हिन्दू, मुसलमान, सिक्ख और भारत की अन्यान्य जातियों के चिह्न-स्वरूप भारत की जातीय पताका चार रंगों की हुई। कहीं रसद का बन्दोबस्त हुआ, कहीं-कहीं पर स्थानीय मोटर-लारी प्रभृति सवारियों की फेहरिस्तें बनाई जाने लगीं। उत्तर भारत के समग्र विप्लवपन्थ्री बड़े ही उद्वेग से पंजाब की ओर देखकर दिन गिनने लगे, मानो पंजाब से इशारा मिलते ही क्षणभर में ज्वालामुखी पर्वत भीषण आग उगलने लगा। सुना गया था कि कदाचित् श्री श्रीमहाप्रभु जगबन्धु¹ ने कहा था कि वारह वर्ष की तपस्या के पश्चात् जिस दिन वे अपनी गुफा से बाहर निकलेंगे उसी दिन से भारत की स्वाधीनता का युग प्रारम्भ हो जायगा। सो वे भी, शायद, इसी 1915 ई० के फरवरी में अपनी गुफा के बाहर आ गए। इस विप्लव का हाल उन्हें रत्तीभर भी मालूम न था। किन्तु गुफा में बाहर आने पर उन्होंने संकेत से बतलाया कि अभी तो कुछ देर है, यह कहकर वे फिर अपनी गुफा में चले गए। भगवान् का अभिप्राय हर वक्त ठीक-ठीक समझ में नहीं आता। हजारों वर्ष से भारत का सारा पुरुषार्थ जिस तरह बार-बार व्यर्थ होता रहा है

  1. ये बंगाल के एक पहुँचे हुए महात्मा हैं। बाल्यावस्था से ही ये साधना कर रहे हैं।

उसी तरह इस बार भी समग्र उत्तर भारत की विप्लव की इतनी बड़ी इमारत भरभराकर गिर पड़ी । कुसुमकली को खिलने के पहले ही मानो वृत्त से तोड़कर देवता की पूजा में चढ़ा दिया गया । सुनिये यह क्योंकर हुआ ।

पंजाब के खुफिया पुलिस महकमे के एक मुसलमान डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ने कृपालसिंह नाम के एक सिक्ख को विप्लव दल में भर्ती करा दिया । यह उक्त अफसर का जासूस था । एक व्यक्ति जो रिश्ते में कृपालसिंह का एक भाई होता था अंग्रेजों की फौज में नौकर था और इस दल में भी शामिल था । प्रधानतया इसी सैनिक की सहायता से कृपालसिंह का सम्भवतः फरवरी महोने में इस दल में प्रवेश हुआ था । किन्तु इसके कुछ हो दिन बाद कृपालसिंह की गतिविधि पर बहुत लोगों को सन्देह हो गया । तब कुछ नेताओं की सलाह हुई कि उस पर हरदम नज़र रहनी चाहिए । इसका फल यह हुआ कि दो-चार दिन में ही इसका पुलिस के हाकिमों के पास प्रतिदिन एक निर्धारित समय पर आना-जाना देख लिया गया । इधर विप्लव का झण्डा खड़ा करने को दो-चार दिन की देर रह गई थी, इसलिए सोचा गया कि इस दशा में यदि इसे दुनिया से हटा दिया जाय तो ऐसी विकट गड़बड़ मच सकती है जिससे कि शायद हमारे अन्तिम मनोरथ की सिद्धि में बेढब विघ्न आ पड़े । इस आशंका के मारे इस कांटे को निकालने का कुछ भी उद्योग नहीं किया गया । ऐसी दशा में पूर्व बंगाल वाले उसे दुनिया के झंझटों से छुड़ाये बिना कभी न मानते । अस्तु, बाद में पता चला कि विप्लव के लिए जो दिन मुकर्रर किया गया था उसकी खबर पुलिस को लग चुकी है, क्योंकि कृपालसिंह से वह दिन छिपाया नहीं गया था । अतएव निश्चय हुआ कि कृपालसिंह अब घर से बाहर न जाने पावे और विप्लव की तारीख इक्कीस फरवरी के बदले उन्नीस फरवरी - यानी दो दिन पहले - कर दी गई । किन्तु दुर्भाग्य से हो या होनहार के कारण हो - कुछ भी कहिए - इस नई तारीख की सूचना छावनी में दे आने का काम जिन्हें सौंपा गया था उन्होंने उक्त संवाद छावनी में पहुंचकर जब रासबिहारी से कहा, "छावनी में उन्नीस फरवरी की इत्तिला दे आया" तब कृपालसिंह वहीं बैठा हुआ था । कृपालसिंहका हाल सब लोगों को मालूम न था । शायद यह घटना अठारह फरवरी की है। उसी दिन दोपहर के समय जब भोजन करने के लिए सब लोग इधर-उधर चले गए तब कृपालसिंह ने वहां से सरक जाना चाहा । किन्तु उस पर नज़र रखने के लिए जिनकी नियुक्ति कर दी गई थी उन्होंने उसका हाथ पकड़कर

सोच-तान नहीं को, बल्कि हर वक्त उसके साथ बने रहे। कृपालसिंह ने मकान के बाहर आते ही देखा कि भेड़िया पुलिस का एक आदमी साइकिल पर उसी ओर आ रहा है। उससे कृपालसिंह की मुलाकात होते ही उन्नीस फरवरी की इत्तला पुलिस को मिल गई और इसके कुछ घण्टे बाद घर-पकड़ गुरु हो गई। जिस मकान में कृपालसिंह था उसमें सात-आठ गिरफ्तारियाँ हुईं। इममें कुछ मुत्तिया भी थे। जिस मकान में रासबिहारी रहते थे उसका पता दो-एक मुत्तियों के सिवा और किसीको मालूम न था, क्योंकि जिनमे मिलने-जुलने की जरूरत होती थी उनमे रासबिहारी प्रम्यान्त्य मकानों में ही मिलते थे। इघर मेगजीन पर देशी सिपाहियों के बदले गोरों का पहरा हो गया। शहर के अंग्रेज वालण्टियर फौजी तैयारी से लैस कर दिये गए। उन सय को कैम्प बनाकर रहने का हुक्म हो गया। युद्ध के समय चौकन्ने होकर रहने की जिस प्रणाली को 'पिकेट' करना कहते हैं, उस प्रणाली मे गोरे सिपाही और वालण्टियर लोग पहरा देने लगे। हथियारबन्द गोरे सिपाहियों की टोलियाँ फौजी ढंग मे वस्ती भर मे चक्कर लगाने लगीं। लाहौर, दिल्ली, फिरोजपुर सभी जगह ऐसा ही हुआ। लोगों ने समझा कि इस फौजी तैयारी का कारण यूरोपीय युद्ध का कोई खटका होगा। देशी सिपाहियों के मन में घबराहट छा गई (उन्हीं के जो कि गुप्त योजना में थे) इघर विप्लव की तारीख दो दिन पहले कर देने से देहात के सब लोग अपने-अपने निर्दिष्ट स्थानों में एकत्र नहीं हो सके। सिर्फ करतारसिंह सत्तर-अस्सी आदमियों के साथ फिरोजपुर की छावनी में, जसा कि पहले निश्चय हो चुका था, पहुँच गए। उस समय यहाँ भी वही हास था जैसा लाहौर में हो रहा था--मेगजीन देशी सिपाहियों को हटाकर गोरों के अधिकार में दे दी गई थी और उस पर गोरे सिपाही बड़ी मुस्तैदी से पहरा दे रहे थे। किन्तु करतारसिंह को लाहौर की नई घटना का कोई समाचार नहीं मिला था।

बारकों में ऐसी चौकसी रहने पर भी करतारसिंह धाकर काले पलटन के हवलदार से मिले। हवलदार ने कहा कि अब कुछ दिन तक इन्तिजार किये विना हम लोग कुछ भी नहीं कर सकते, क्योंकि ऐसी दशा में यदि कुछ किया जायगा तो सत्यानाश हो जायगा, इससे करतारसिंह ने समझ लिया कि इस बार भव कुछ होने की आशा नहीं। उन्होंने ताड़ लिया कि दो-चार दिन में कैसी दशा हो जाने वाली है। उन्होंने कई तरह सैनिकों को समझाने का असफल उद्योग किया कि

यदि आज इसी दम कुछ न किया जायगा तो फिर और कुछ होने का नहीं, यही पहला और आख़िरी मौक़ा है। परन्तु सिपाहियों ने अंगरेज पहरेदारों की ओर उंगली से इशारा करके कहा कि इस समय कुछ कर गुज़रने की कोशिश बिलकुल बेकार होगी। आँखों देखते मला मक्खी कैसे निगली जा सकती है, जान-बूझकर कैसे आग में कूदा जाय ? उस दिन भारतवासियों के हाथ में यदि उपयुक्त परिमाण में अस्त्र-शस्त्र होते तो ऐसा विश्वासघात हो जाने पर भी भारत में विप्लव किसी के रोके न रुक सकता था। अथवा यदि पहले से ही शिक्षित और उपयुक्त मनुष्य विप्लव की दीक्षा लेकर फ़ौजों में भर्ती होते तो भी उस समय की विप्लव की तैयारी व्यर्थ न जाती। उस दिन लाचार होकर करतारसिंह को खाली हाथ लौट जाना पड़ा। देहाव के आदमी अपने-अपने घर को चले गए। करतारसिंह लाहौर पहुँचे। अब सारे पंजाब में धड़ाधड़ गिरफ़्तारियाँ होने लगीं। जो लोग पकड़े जाते थे उनमें से कोई-कोई भंडाफोड़ करके और भी दस-पाँच साथियों का नाम-धाम प्रकट करने लगे। इस प्रकार कभी-कभी गोरी फ़ौज किसी गाँव को जा घेरती और तब बहुत-से आदमी एक ही जगह गिरफ़्तार कर लिए जाते। भारतीय सिपाहियों के मन में एक तरह की बेचैनी देख पड़ी। रावलपिंडी की एक काली पलटन बरखास्त कर दी गई। लाहौर में जहाँ-जहाँ ज्ञानातलाशियाीं और गिरफ़्तारियाँ होने लगीं। किसी सिक्ल पर जरा-सा भी सन्देह होते ही उसे सीधा थाने में पहुँचाया जाता था। इसी तरह पकड़-धकड़ होने में कभी-कभी दोनों तरफ़ से गोली चल जाती थी। दो ही चार दिन में मामला इस तरह संगीन हो गया। अब दल में परस्पर एक-दूसरे पर विश्वास करना कठिन हो गया।—करतारसिंह बुद्धिमान युवक थे। लाहौर आते ही वे सीधे रासबिहारी के डेरे पर पहुँचे और किसी भी स्थान पर नहीं गए। क्योंकि रासबिहारीवाले मकान को बहुत कम आदमी जानते थे, इसलिए वह सबसे अधिक सुरक्षित था। उस समय रासबिहारी बड़ी उदासी से एक खाट पर मुर्दे की तरह पड़े थे। करतारसिंह भी चुपचाप उनकी बगल में पड़ी हुई एक खाट पर लेट रहे। थकावट के मारे उनका शरीर शिथिल हो रहा था। दोनों ही चुप थे। उनके उस म्लान मौन से मर्म की बड़ी ही निदारुण पीड़ा प्रकट होने लगी। हम में से कितने लोगों को जीवन में उतनी बड़ी चाट सहनी पड़ी है ? जिस की कल्पना जितनी अधिक बड़ी होती है, भाव की सघनता और गम्भीरता जिसकी जितनी ही अधिक होती है, उसको जीवन में उतनी ही

भारी चोट भी लगती है। उनकी कितनी बड़ी आशा छिन्न-भिन्न हो गई ? उनका विराट् आयोजन बात की बात में धूल में मिल गया। ऐसी दशा में शिक्षित मन का भाव भी बहुत-कुछ बदल जाता है, फिर सिपाहियों के मन पर यदि विगम आतंक का भाव अपना अधिकार जमा ले तो इसमें विचित्रता कुछ भी नहीं। दोनों नेताओं ने सोचा कि यूरोपीय महासमर की उलझन के दिनों में भी—ऐसा बढ़िया सुमीता रहने पर भी, विप्लव दल सारी तैयारी करके भी कुछ नहीं कर सका। कौन जाने अब फिर कब ऐसा मौका मिलेगा !—किन्तु यह भयंकर चोट खाकर भी वे फिर कमर कसकर काम में लग गए। उनके हृदय की असीम आशा, हृदय का बल मानो घटना चाहता ही नहीं था। इसी से वे फिर नये उत्साह से घोर अन्धकारवृत्त भारत-आकाश के एकान्त कोने में अपने वक्षःस्थल की दीप-शिखा के ही बल और भरोसे पर उस हताशाच्छन्न जीवन-मार्ग पर फिर आगे बढ़े। उनके दिल में बड़ी गहरी चोट लगी थी किन्तु इससे उनके हाथ-पैर फूल नहीं गए। इतने बड़े मानसिक बल की मर्यादा को समझने वाले हममें कितने मनुष्य हैं ? वीर की इज्जत करना वीर ही जानता है, इसी से भारत के विप्लवकारी दल को अंग्रेज जिस दृष्टि से देखते थे, या देखते हैं, उस दृष्टि से उस दल को कितने भारतवासी देख सकते हैं ? भारतीय विप्लवपन्थी दल को भारतवासियों ने सदा उपेक्षा की दृष्टि से देखा है। यह लापरवाही भारतीय विप्लवकारी दल की छाती को, एक बड़ी वजनदार चट्टान की तरह, बड़ी बेदर्दी से दबाया करती थी। उक्त दल की ऐसी अवशा और किसी ने भी नहीं की। इस दल को जिनसे सबसे अधिक सहानुभूति की आशा थी उन्हीं ने उसकी लानत-मलामत की है, किन्तु इतने पर भी दल ने हिम्मत नहीं छोड़ी। इस दलवालों के प्राण मानो किसी स्वप्नलोक की कल्पना से भरपूर थे; अपने प्राणों की पूंजी के सिवा इन्हें और किसी का भरोसा न था—विप्लव की यह तैयारी बेकार तो हो गई थी किन्तु सफलता-निष्फलता की कसौटी से किसी भी आन्दोलन पर विचार करना ठीक नहीं। इस आन्दोलन पर विचार करने के लिए यह देखना चाहिए कि इस आन्दोलन के पीछे कितने बड़े आदर्श की कल्पना थी और इस आदर्श को प्राप्त करने के लिए कितने व्यक्तियों ने प्राणों की बाजी लगाकर कहाँ तक त्याग अंगीकार किया था। ऐसी-ऐसी बातों पर ध्यान देकर ही इस आन्दोलन पर विचार किया जाना चाहिए। किस आदर्श की प्रेरणा से जाग्रत होकर भारत के युवकों ने हथेली में जान लेकर यह खेल खेला

तथा यूरोपीय महायुद्ध छिड़ने से पहले भारत में विप्लव करने की इच्छा रखने वाला दल इसके लिए कैसी तैयारी कर रहा था, और पंजाब में गदर का उद्योग निष्फल हो जाने के पश्चात् भारत के इस विप्लवपन्थी दल का क्या स्वरूप हो गया था, इन बातों पर इस पुस्तक के अगले भागों में विचार करने की इच्छा है।