प्रथम भाग — 6. भाव और कर्म
नोट: स्रोत में इस अध्याय का शीर्षक अलग पंक्ति में नहीं था / स्पष्ट नहीं था; सीमा पैराग्राफ़/पृष्ठ-विराम पर अनुमानित है — पाठ में कोई कटौती नहीं की गई।
इस समय हमारे दल का विस्तार पूर्वी बंगाल की अन्तिम सीमा से लेकर अब पंजाब में प्रवेश करने की सूचना दे रहा था। अपने प्रधान नेता और पूर्वी बंगाल के कुछ नेताओं को पंजाब का नया समाचार सुनाने के लिए मैं बंगाल को भेजा गया। किन्तु कलकत्ता में उस समय पूर्वी बंगाल का कोई भी व्यक्ति न मिला। अतएव मैंने उचित स्थान पर खबर कर दी कि जितनी जल्दी हो सके, पूर्वी बंगाल का कोई व्यक्ति काशी आ जाय। फिर केन्द्र के नेताओं के पास जाकर मैंने पंजाब का सारा समाचार विस्तार के साथ कह सुनाया। उन लोगों में एक नए उत्साह की तरंग मैंने देखी सही, किन्तु पूरे समाचार पर वे लोग उस समय विश्वास नहीं कर सके। बहुत रात तक बातचीत होती रही। यदि सचमुच विद्रोह हो जाय और फिर यदि ऐसी दशा हो कि सामने-सामने युद्ध न करके हमे पीछे हटना पड़े तो उस समय हम लोगों को कहाँ आश्रय मिलेगा? हम लोगों को रसद किस प्रकार मिलेगी और परस्पर सम्बन्ध-सूत्र किस प्रकार से रक्षित रहेगा?—इत्यादि अनेक विषयों
पर जो बातचीत हुई थी उसका यहाँ पर उल्लेख करने से कुछ लाभ नहीं। उस समय भी सिक्खों के दल विदेश से भारत में चले आ रहे थे और उनमें बहुतेरे लोग कलकत्ता में कुछ दिन तक विश्राम करके पंजाब को चले जाते थे। मैंने नेताओं से कहा कि इन विदेशों से आये हुए सिक्खों से संयोग स्थापित करने की विशेष रूप से चेष्टा कीजिए। इस बात पर भी विचार किया गया कि अब बहुतजल्द बम के गोले बहुत अधिक बनाने पड़ेंगे और उसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।
अन्त में हम लोगों के बहुत पुराने - किन्तु फिर भी 'नित-नए' - 'आत्म-समर्पण योग' की चर्चा निकली। जब एक बार इसकी चर्चा निकल पड़ती थी तब फिर जल्द समाप्त न होती थी। मार्ग भले ही एक हो, और सब लोग एक ही आदर्श से प्रनोदित हों, तो भी वही एक बात, एक ही भाव, भिन्न-भिन्न व्यक्तियों में कितनी ही नई रीतियों से विकसित होने की चेष्टा करता है। इसलिए एक भाव के उपासक होकर भी, उसी एक मार्ग के पथिक होने पर भी, हम लोगों के बीच परस्पर असंख्य स्थानों में मतभेद रहता था। गानेवाला तो एक ही है, किन्तु वही एक स्वरलहरी पाँच श्रोताओं के लिए कितने प्रकार की मूच्छर्ना उत्पन्न नहीं कर देती ! मेल तो काफ़ी रहता है, किन्तु बेमेल भी क्या कुछ कम रहता है ? जिस आदर्श से प्रनोदित होकर हम लोग अपने व्यक्तिगत और समष्टिगत जीवन को नियन्त्रित कर रहे थे उस भाव-स्रोतः की तरंग यद्यपि एक ही स्थान से आती थी तथापि उसने विभिन्न आधारों में अपनी विचित्रता की महिमा को स्थिर रखा था। हमारे आदर्श सम्बन्धी छोटी-मोटी बातों के झगड़ों में कितनी ही रातें बीत गई हैं, फिर भी उलझनें सुलझती नहीं हैं; एक व्यक्ति दूसरे को कुछ-कुछ समझकर जब घर से बाहर निकल आता तब उषा की लालिमा, अधखिले फूल की तरह, पूर्व क्षितिज में देख पड़ती थी। रास्ता चलते-चलते जब नींद से अलसाई हुई आँखों पर पलकें गिरने लगती तभी मालूम होता था कि इतनी थकावट हुई है। रात बीतने से पहले ही इन केन्द्रों से हट जाना पड़ता था और सबेरा होने पर अनेक काम करते हुए भी रात की आलोचना का प्रसंग दुवारा बातचीत करने के लिए मानो प्रतिक्षण अवसर ढूँढता रहता था; और कभी-कभी दिन को काम-काज करते समय न जाने कव योग की वह भावना आकर हम पर प्रभाव जमा लेती थी। इस प्रकार भाव और कर्म के मोहक आवेश में हमारा विचित्र जीवन व्यतीत और गठित होता जाता था।