प्रथम भाग — 5. काशी में पुलिस के साथ सम्बन्ध
काशी में पंजाबमेल तीन बजे पहुँची। मेरे ऊपर पुलिस की खास नजर रहती थी। सवेरे से लेकर नौ-दस बजे तक पुलिस या तो मेरे घर के दरवाजे के सामने ही अथवा वहीं-कहीं बगल-बगल में बैठी रहती थी और घर से बाहर पैर रखते ही मेरी गतिविधि पर नजर रखने के लिए यह परछाई की तरह मेरा पीछा करती थी। घर में रहने पर भी मुझसे मिलना-जुलना लोगों के लिए सहज काम न था। क्योंकि पुलिस जिसके साथ मेरा मेल-मेल देखती उसकी भी निगरानी उसी तरह करने लगती, जैसी कि मेरी करती थी। इस कारण उन दिनों मेरे-जैसे लोगों के साथ मामूली ढंग पर लोगों का मिलना-जुलना भी जुर्म समझा जाता था। ऐसा सख्त पहरा रहने पर भी मैं इस प्रकार के काम करता रहता था। बंगाल से काशी विभाग में बम के गोले और रिवल्वर इत्यादि ले आता और फिर वहाँ से पंजाब के विभिन्न प्रदेशों में इन चीजों को पहुँचाता था, सभी काम इस सख्त पहरे के बीच होते रहते थे। पुलिस की आँखों में धूल झोंकना हम लोगों के लिए साधारण-सी बात थी। आगे की बातें लिखने से पहले यहाँ मैं कुछ वे लटके लिखता हूँ, जिनसे मालूम होगा कि किस प्रकार हम लोग पुलिस के पहरेवाले को छकाते थे।
पुलिस की नजर से बचने के लिए हमारी सबसे बढ़िया हिकमत यह थी कि पहनने तो घर से निकलते समय ही होशियारी से किसी तरह पहरेवाले को धोखा दिया। यदि घर से रवाना होते समय पहरेदार की नजर न बचा सके तो यह किया कि उस बार न तो दल का कुछ काम किया और न दल के किसी व्यक्ति से
ही भेंट की। उस समय या तो अपने किसी सहपाठी के घर चले गए या हाट-बाजार में जाकर जरूरी सौदा-सुलुफ में ऐसा चित्त लगा दिया कि घरवाले समझते कि “आज तो शचीन्द्र का ध्यान गृहस्थी के कामों की ओर बेतरह लगा हुआ है।” अथवा कारमाइकल लाइब्रेरी में जाकर मासिकपत्रों और समाचारपत्रों को सैर करके फिर जहाँ-के-तहाँ अपने घर आ गए। आखिरी हिकमत यह थी कि यदि गर्मी का मौसम हुआ तो घर लौटकर थोड़ी-सी मालिश की और जाह्नवी के पवित्र जल तथा मन को शीतल करके पहरेवाले को सहज ही छुट्टी दे दी, सहज इसलिए कि किसी-किसी दिन बेचारे को हमारा पीछा करते-करते नाकों चने चबाने पड़ते थे। इन पहरेवालों मे से प्रायः किसी के भी साथ मेरा व्यक्तिगत विरोध न था। आँख से आँख मिलते ही मैं मुसकरा देता था। कभी तिमंजिले की खिड़की से झाँकर मैने देखना चाहा कि देखें पहरेदार किस ओर क्या कर रहा है और ठीक इसी समय उसकी भी नजर मुझ पर पड़ गई तब मैने जंगले को खोल दिया। हजरत नीची निगाह करके टहलते हुए, घर के सामने से, मुसकराकर कुछ आगे बढ़ गए। ऐसा अवसर होता ही रहता था। इन पहरेदारों को धोखा देने में भी मजा आता था और धोखा देने में विफल हो जाने से भी हँसी-मजाक का मसाला हाथ लगता था। किन्तु किसी-किसी दिन इस तेज निगाह की बदौलत काम में गड़बड़ हो जाने से इन लोगो पर क्रोध भी कम न होता था। इन्हें हम लोग जब-तय समझाया करते कि ‘भैया, किसी तरह नौकरी सँभाले रहो, भला इस तरह दिन-भर दरवाजे पर डटे रहना कहाँ की भलमनसी है? घरवाले और टोले-मुहल्लेवाले भला क्या कहेंगे? सरकार समझती है कि हम लोग न जाने कौन-सा खतरनाक काम कर रहे हैं, सो यह उसकी गलती है। जो हो, तुम अपनी नौकरी करो किन्तु नाहक हम लोगोंकिस तरह मत सताओ।’ इन जासूसों मे भी बहुतेरे भलेआदमी थे। वे लोग हम से इतनी नम्रता और सभ्यता से बातचीत करते कि उन पर हमें तनिक-सी भी कुढ़ न थी, यहाँ तक कि उनको देखने से सहानुभूति का भाव मन में आ जाता था। वे लोग भी अवसर सिर्फ नौकरी के लिहाज से शाम, सवेरे या दोपहर के वक्त चक्कर लगाकर या तो मेरे घर के पास ही किसी गली में आराम से बैठे रहते या सड़क पर किसी दुकान में बैठकर गप-शप किया करते थे। वे सिर्फ एक बार इतना ही पता लगा लेते थे कि मैं काशी में ही हूँ न। किन्तु जो हम लोगों को कही जाते देख लेते तो पीछा करने से भी बाज न आते थे। फिर कोई-कोई तो
इस तरह हमारे पीछे पड़ता मानो हम उसके जन्म-जन्मान्तर के बैरी हैं। तब हम लोग भी इन्हें छकाए बिना न रहते। कभी-कभी क्या करते कि यों ही चक्कर काटकर एक गली से दूसरी में जाकर एकाएक भीड़ में घुस जाते और फुर्ती से निकलकर न जाने किस ओर गायब हो जाते। यदि खुफिया पुलिस का कोई दारोगा हम लोगों को इस प्रकार—बिना पिछलग्गू के—घूमते-फिरते देख लेता तो उस दिन हम पर नजर रखने को जो सिपाही तैनात होता उसे सख्त-सुस्त का सोसा मज़ा चखना पड़ता।
लगातार जासूसों के साथ यह आँख-मिचौनी का-सा खेल खेलते-खेलते हम लोगों में यह खासियत पैदा हो गई थी कि इन लोगों को देखते ही भाँप लेते थे कि यह जासूस है। अब तो सभी बातें प्रकट हो गई हैं, इसलिए अब साफ मालूम हो गया है कि हम कभी पुलिस के चकमे में नहीं आए; सिर्फ हमारा पीछा करके ही पुलिस एक भी नए आदमी का पता लगाने में समर्थ नहीं हुई। हम पर जिस समय यम का-सा कड़ा पहरा रहता था उसी समय हम लोग बम के गोले और रिवाल्वर लेकर काशी के विभिन्न स्थानों में आते-जाते रहे हैं और इन चीजों को बाहर से काशी में लाये भी, फिर वहाँ से बाहर भेज भी दिया। मैं एक दिन सवेरे घर जा रहा था। घर के पास आते ही एकदम भेदिया विभाग के दारोगा के सामने आ पड़ा। दारोगा अकेला न था, उसके साथ उसका एक अनुचर भी था। मुझपर नजर पड़ते ही वह मुसकराकर आगे बढ़ा और मेरे पास आ खड़ा हुआ। मैं भी उसी तरह हँस-हँसकर उससे बातचीत करने लगा। "क्या मॉर्निंग वाक करने तशरीफले गए थे?" मैंने भी कहा, "जी हाँ, जरा घूम-धाम आया हूँ।" "यह क्या है?" कहकर मेरे बुक-पॉकेट की एक छोटी-सी किताब की ओर उसने अंगुली से इशारा किया। मैंने उसी दम किताब निकालकर दारोगा को दे दी। उसमें नैपोलियन की कुछ उक्तियाँ और ऐसे ही दो-एक अन्य विश्रुत पुरुषों के जीवन की कोई-कोई विशेष घटना लिखी हुई थी। उसने खूब देख-भालकर मुझे किताब लौटा दी। फिर मुसकराकर हम लोग अपनी-अपनी राह से लगे। उस दिन और उसी समय मेरे कोट के नीचेवाले पॉकेट में गनकाटन (इस कपास से बम चलाने की बत्ती का पलीता बनता है) और इसी किस्म के अन्यान्य भीषण पदार्थ भरे हुए थे।
दूर से नजर पड़ते ही हम लोग ताड़ लेते थे कि यह पुलिस का आदमी है।
मामूली पहरेदारों को तो उनकी जूतियों से ही पहचान लिया जाता था। फिर ज्यादातर उनके सिर की टोपी, चलने का ढंग और हाथ में छड़ी लेने की रीति—अपनी विशेषता के कारण—हमारी दृष्टि को धोखे से बचा लेती थी। कभी-कभी अपने साथियों के कारण ये लोग पहचान लिए जाते थे। सड़क पर चलते समय हम लोगों को कुछ ऐसी आदत पड़ गई थी जो किजेल से लौट आने पर भी बहुत दिन तक बनी रही। वह यह कि सड़क पर चलते समय एकाएक किसी जगह ठहरकर किसी व्यक्ति से बातचीत करने लगे और उसी अवसर पर आगे-पीछे नजर डालकर एक बार भलीभाँति देख लिया कि कोई पीछा तो नहीं कर रहा है। सड़क के मोड़ पर जाकर पीछे मेदभरी निगाह डालने की जो आदत मुझे पड़ गई थी उसके लिए अभी उस दिन लोगों ने खूब मजाक किया। अथवा कोई चीज मोल लेने के बहाने किसी दूकान पर ठहरकर या किसी और ढंग से चलते-चलते एकदम रुककर आगे-पीछे देखे बिना मैं रास्ता चलता ही न था। मैं इस बात का ध्यान हमेशा रखता था कि मेरी तनिक-सी भी ग़फ़लत से समूचा दल तहस-नहस हो सकता है। किन्तु चलते-चलते ठहरे बिना कभी पीछे मुड़कर न देखता था। यदि एक ही चेहरे पर कई बार नजर पड़ती तो उस पर तुरन्त सन्देह हो जाता और मैं अपने सन्देह को जाँचने के लिए किसी सुनसान गली में जा निकलता। उस समय या तो पीछा करनेवाला पकड़ लिया जाता यानी विश्वास हो जाता कि यह जासूस है अथवा उसे लाचार होकर पीछा छोड़ देना पड़ता। अपना पीछा करनेवाले को जब इस तरह हम चंगुल में फाँस लेते थे तब किसी तरह उसे धोखा देना ही हमारा पहला काम होता था। ऐसे मौके पर चकमा देने का खास ढंग था, सुनसान रास्ते पर चलते-चलते एकाएक किसी भीड़-भाड़ की जगह में जाकर गायब हो जाना। इसके सिवा घर से चलने के पहले ही मैं खूब चौकन्ना हो जाता था और जिस दिन खास काम होता उस दिन तो बड़े तड़के घर से चल देता था। जब लौटकर घर आता तो देखता कि मेरा पीछा करने के लिए तैनात किये गए पहरेदारजी घर को घेरे हुए इस तरह बैठे हैं गोया मैं घर के भीतर ही हूँ। पुलिस के साथ मेरा ऐसा ही सम्बन्ध था। ऐसी ही दशा में तीन बजे दिन का मैं काशी आ पहुँचा। पुलिस को नजर बचाकर घर गया और फिर वहाँ से दादा के डेरे पर। रासबिहारी उस समय काशी में ही थे। किन्तु पुलिस को उस समय स्वप्न में भी हमारी गतिविधि की कुछ भी जानकारी न थी।
दादा से सलाह करने पर निश्चय हुआ कि युक्त प्रान्त के सैनिकों में भी विप्लव के विचार फैला देने चाहिएँ। और बंगाल को पंजाब के विद्रोह की खबर बहुत जल्द दे देनी चाहिए। पाँचवीं दिसम्बर की बाट जोही जाने लगी, क्योंकि पृथ्वीसिंह से बातचीत हो जाने पर बंगाल को मेरा जाना निश्चित किया गया था। इस बीच अय मैं इस ताक में लगा कि काशी की छावनी में - बारकों में - किस प्रकार मेरी रसाई हो। दो-एक दिन के बाद अखबार में पढ़ा कि अमेरिका से लौटे हुए कुछ सिक्ख, ताँगे में सवार हो, एक गाँव में जा रहे थे। सन्देह करके पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने गई तो उनके पास से रिवॉल्वर इत्यादि शस्त्र बरामद हुए। फिर पुलिस जब उन्हें गिरफ्तार करने को तैयार हुई तब सिक्खों ने गोली चलाई जिससे एक सिपाही बहुत घायल हो गया। बाद को मालूम हुआ कि ये किसी खजाने को लूटने गए थे। किन्तु इनकी 'होशियारी' की 'तारीफ़' करनी पड़ती है कि इन पर नजर पड़ते ही पुलिस को शक हो गया !
ध्यान देने की बात है कि इस मौक़े पर गाँववालों ने पुलिस को सहायता दी थी। गाँववालों ने समझा कि पुलिस मामूली उचक्कों और चोरों को गिरफ़्तार कर रही है। बस, इसी धोखे में आकर उन्होंने पुलिस को मदद दी थी। इससे कुछ दिन बाद की एक घटना का हाल सुनिए। उस समय विप्लव की तैयारी का भण्डा फूट चुका था। सारे पंजाब में घर-पकड़ की धूम से विचित्र कोलाहल मचा हुआ था। पुलिस भाई प्यारासिंह नामक एक सिक्ख युवक को गिरफ़्तार करने की फ़िक्र में थी। एक दिन ऐसा हुआ कि पुलिस का एक घुड़सवार एक युवक के पीछे बेतहाशा घोड़ा दौड़ाए जा रहा था। इस दशा में वह युवक तीन मील के लगभग दौड़ा। घोड़े की दौड़ से बाज़ी मारने में वह असमर्थ होने पर या कि उसी के गाँव-वालों ने आकर उसका रास्ता रोक लिया। पलभर में पुलिस के सवार ने आकर बहुत दिनों से भागे हुए अपराधी भाई प्यारासिंह को गिरफ़्तार कर लिया। गाँव-वालों को जब यह मालूम हुआ कि उन्होंने जिन्हें गिरफ़्तार कराया है वह उन्हीं के गाँव के सुपरिचित और सभी के परमप्रिय भाई प्यारासिंह हैं, तब उनके पछतावे का अन्त न रहा। जो लोग कभी इन भाई प्यारासिंह से मिले हैं वे इनके चरित्र की मधुरता से अवश्य मुग्ध हुए हैं, और उन सभी को स्वीकार करना पड़ेगा कि इनका 'प्यारा' नाम सोलहों आने ठीक है। जैसे ये स्वभाव से नम्र थे वैसे ही इनके चरित्र से एक शान्त, समाहित संयत तेज का आभास मिलता था। गाँववाले
सचमुच इनके गुणों पर लट्टू थे और विधाता की मर्जी देखिए कि उन्हीं गुण-मुग्ध गांववालों ने मानो अपने हाथों अपने प्यारे को पुलिस के पंजे में फँसा दिया ।
अस्तु, पंजाब में गिरफ्तारियाँ होने की खबर पढ़कर हम लोग किंचित् विचलित हुए, क्योंकि हम लोग हरदम यही सोचते रहते थे कि ऐसा बढ़िया मौका तनिक-सी भूल से कहीं हाथ से न निकल जाय। इधर अपने दल के उपर्युक्त दो-एक लड़कों से हमने अपने निश्चित कार्य की बातें कही। इस समय से हम लोगों ने और सब कामों से ध्यान हटाकर अपना सारा सामर्थ्य सैनिकों का मन परिवर्तन करने की चेष्टा करने में लगा दिया। मैं एक दिन अपने एक महाराष्ट्री मित्र के साथ फौज की बारकों की ओर गया। हम लोग सीधे बारकों में नहीं गए, पहले छावनी स्टेशन पर पहुँचे। यह इसलिए किया कि यदि कोई हमारा पीछा कर रहा हो तो, स्टेशन पर जाने से, बारकों में जाने की हमारी इच्छा उसे न मालूम हो। स्टेशन पर पहुँचने के बाद हम लोग रेल की पटरी के किनारे-किनारे बारकों की ओर बढ़े। स्टेशन पर पहुँचने और वहाँ के लम्बे प्लेटफार्म को तय करने में साफ मालूम हो सकता था कि हमारा पीछा तो नहीं किया जा रहा है। और जब मैं रेल की पटरी के किनारे-किनारे चलने लगता था तब तो कुछ छिप ही न सकता था। फौज की बारकों में जाते-जाते समय किसी भी दिन हमारा पीछा नहीं किया गया। रेल की लाइन, फौज की बारक के पास से, ग्रैण्डट्रंक रोड को काटती हुई चली गई है। ग्रैण्डट्रंक रोड के मोड़ पर आकर हमने देखा कि दो युवा सिख, बारक से निकलकर, शायद बाजार की ओर जा रहे थे। हमको अपनी ओर आते देखकर वे लोग खड़े हो गए। मैंने इन लोगों से कितनी ही बातें पूछीं। कुछ प्रश्न ये हैं—"आप कहाँ जा रहे हैं ? आपकी पलटन का क्या नाम है ? आपका हवलदार कौन है ? इस समय पलटन में कितने जवान हैं ? इससे पहले आप लोग कहाँ थे ? यहाँ से कहीं जल्दी बदली तो नहीं होनेवाली है? गोरों की बारकों में कितने सिपाही हैं? और यहाँ की छावनी में आपको आए कितना समय हुआ है?" इत्यादि। सभी प्रश्नों के उत्तर देकर उन्होंने मुसकाराकर पूछा—"ये बातें आप क्यों पूछते हैं ? हम पर हमला तो न कीजिएगा ?" तब हम लोग भी इसलिए खिलखिलाकर हँस पड़े कि जिसमें इस उच्च हास्य के अनन्तर इन लोगों के मन में हमारे किये हुए प्रश्नों के सम्बन्ध में कुछ खटका न रहे। वे लोग अपने रास्ते लगे और हम धीरे-धीरे सड़क पर, बारकों के पास से होकर जाने लगे। बारकों में जाने की हमे हिम्मत
न हुई। इतने में देखा कि एक और सिख सड़क की तरफ आ रहा है। उससे हवलदार की बाबत पूछा तो वह वारक के एक स्थान की ओर अंगुली से इशारा करके हमसे यहीं जाने को कहकर चला गया। अब हमने सोचा कि शायद वारकों में बाहरी आदमियों के आने-जाने की रोक-टोक नहीं है। किन्तु फिर भी वारक में किसी से कुछ भी परिचय न होने के कारण उस दिन वहाँ जाने की हिम्मत न हुई। हिन्दुस्तानी और अंग्रेजी फौज की कुछ बातें मालूम करके हम लोग उस दिन घर की ओर लौट पड़े। काशी में सिक्खों की पलटन देखने से मुझे उस दिन बहुत ही उत्साह हुआ क्योंकि पंजाब में जाकर मैंने देख लिया था कि सिक्खों को बड़ी सरलता से उत्तेजित किया जा सकता है। इसके सिवा यह भी सोचा कि यदि यह पलटन यहाँ कुछ दिन तक बनी रहे तो पंजाब से सिख नेताओं को यहाँ बुलाकर सहज ही काम कर लिया जाएगा। उस दिन मेरी एक यही कामना थी कि यह सिक्खों की टुकड़ी कुछ दिन तक और यहीं बनी रहे। इन दिनों कोई भी सेना की टुकड़ी एक स्थान पर बहुत दिनों तक न रहने पाती थी। यह टुकड़ी भी थोड़े ही समय में, कितनी ही छावनियों की सैर कर आई थी और कुछ भरोसा न था कि न जाने किस दिन यहाँ से कूच करने का हुक्म हो जाय।
इधर दिसम्बर की पाँचवीं तारीख आ गई। यथासमय स्टेशन पर जाकर देखा कि पंजाब मेल छक-छक करती हुई प्लेटफार्म पर आ गई। मन में तरंग उठी कि हमारे विप्लव की तैयारी के साथ इंजन का बहुत घना सम्बन्ध है, इसी से उसका प्रचंड वेग देखकर मैंने सोचा कि मानो पंजाब के विप्लव का समाचार लेकर वह पागल की तरह दौड़ता आ रहा है। अब पंजाब की चिनगारियाँ इसी दर्जे बात की बात में इस प्रान्त में भी फैल जाएँगी। किन्तु गाड़ी में पृथ्वीसिंह के दर्शन न हुए। उनको बहुत ढूँढा, किन्तु कहीं न देख पड़े। तब पंजाबियों पर बहुत क्रोध हुआ कि इन्हें वक्त की कद्र मालूम नहीं। अब क्या किया जाय ? उन लोगों को ढूँढना सहज काम नहीं है। जाकर दादा को सब समाचार सुनाया। यह अनुमान किया गया कि किसी कारण से पृथ्वीसिंह आज यहाँ न पहुँच सके होंगे, इसलिए मैं अगले दिन फिर स्टेशन पर गया किन्तु आज का जाना भी व्यर्थ हुमा। तीसरे दिन जाने पर भी भेंट न हुई।
दादा से सलाह करके अब मैं बंगाल को चला गया। वास्तव में देखा जाय तो दादा ही सारे उत्तर-भारतीय विप्लव-पन्थ के नेता थे। तथापि, दल की पुरानी पद्धति के अनुसार, उन्हें अपना कार्यकलाप और भी दो-एक व्यक्तियों पर प्रकट करना पड़ता था। रासबिहारी पहले अन्यान्य सदस्यों की भाँति दल के एक साधारण कार्यकर्ता ही थे। लेकिन वह धीरे-धीरे अपनी अद्भुत कार्यकुशलता से सबकी जानकारी से बाहर आश्चर्यजनक रीति से संगठन करते रहे और एक दिन बहुत-से कामों का भार अपने ऊपर लेकर वह नेताओं के सम्मुख अकस्मात् प्रकट हुए। अस्तु, अब पंजाब का पर्व समाप्त करने के पहले बंगाल की चर्चा न छेड़ूँगा।