तृतीय खंड — 12. क्रान्तिकारी दल और कम्यूनिस्ट
अब एक दूसरी विशेष महत्त्वपूर्ण बात का उल्लेख कर रहा हूँ। देहली में एक और व्यक्ति से मेरी मुलाक़ात हुई। आपकी आयु अनुमान से तीस वर्ष की रही होगी। आपसे मेरा पूर्व परिचय न था आपका नाम कुतुबुद्दीन अहमद था। अपना परिचय देते हुए आपने बताया कि वे भी मानवेन्द्रनाथ राय के आदमी हैं। इस परिचय से मेरे मन में बड़ा हर्ष और कुतूहल हुआ। कुतुबुद्दीन साहब ने बड़े प्रेम से कहा मैं बहुत दिनों से आपसे मिलना चाहता था। मानवेन्द्र राय ने आपको मास्को बुलाया है। वहाँ कम्यूनिस्ट इण्टर नेशनल कांग्रेस होने जा रही है। राय साहब की इच्छा है कि आप भी उस समय पर उपस्थित हों। विशेषकर आप ही से मिलने के लिए मैं देहली आया हूँ।" मैंने कहा, "कम्यूनिज्म के बारे में मैं ठीक-ठीक सब बातें नहीं जानता।" कुतुबुद्दीन साहब ने उत्साहपूर्वक कहा, "आपको यह सब बातें समझाना मेरा काम है।"
मैं तो कम्यूनिज्म के बारे में सब बातें पहले ही से अच्छी तरह जानना चाहता था। कुतुबुद्दीन साहब का प्रस्ताव तो मेरे लिए एक सौभाग्य की बात थी। उनके साथ बहुत देर तक मेरी बातचीत हुई। कुतुबुद्दीन साहब से ही मैंने जीवन में सर्व प्रथम कम्यूनिज्म के मूल तत्व को यथार्थ रूप में समझा। मेरे जीवन की यह एक महान् ऐतिहासिक घटना है।
कुतुबुद्दीन साहब ने मुझसे कहा कि कम्यूनिज्म का ध्येय है समाज की ऐसी व्यवस्था करना जिससे समाज की कोई भी सम्पत्ति किसी व्यक्ति के हाथ में न रहकर समाज के हाथ में रहे। यह सुनते ही मेरे मन में हिन्दुओं के संन्यास आश्रम
क्रान्तिकारी दल और कम्युनिस्ट
की बात आई इसलिए उसी क्षण मैंने कहा कि यह तो मनुष्य जीवन की चरम उन्नति पर निर्भर है। मनुष्य जीवन की अन्तिम उन्नति हुए बिना क्या यह सम्भव है कि समाज की सम्पत्ति व्यक्ति के हाथ में न रहकर समाज के हाथ में चली जाय। यह सुनकर कुतुबुद्दीन साहब ने कहा कि नहीं क्रान्ति के मार्ग से भी समाज व्यवस्था ऐसी बनाई जा सकती है जिसके परिणाम में सम्पत्ति व्यक्ति के हाथ से समाज के हाथ में चली जाय एवं उसी अवस्था में शिक्षा-दीक्षा की सहायता से मनुष्य की चरम उन्नति सम्भव होगी। मेरे लिए यह एकदम नई कल्पना थी। मैं थोड़े समय के लिए चकित-सा रह गया। और मुझे ऐसा प्रतीत होने लगा कि बहुत सम्भव है कि कुतुबुद्दीन साहब की बात सत्य हो। क्षणभर में मेरे मानसिक चित्रपट में संन्यास आश्रम के बारे में मुहूर्त-भर के लिए यह प्रश्न उठा कि जीवन-भर की तपस्या के परिणामतः जिस चरम और परम अवस्था को प्राप्त करने के लिए हिन्दू समाज में व्यवस्था है कम्युनिज्म की व्यवस्था में क्या उसी अवस्था को इतने सरल एवं सहज मार्ग से प्राप्त किया जा सकता है? परन्तु यह प्रश्न क्षण भर के लिए ही मन में उदय हुआ था। थोड़े ही समय के अनन्तर मैं समझने लगा कि सम्भव है विप्लव के बाद हिन्दू समाज प्रदर्शित उत्कर्ष के मार्ग को मनुष्य ग्रहण कर सके। कम्युनिज्म को भली प्रकार समझने के लिए मन में उत्सुकता और बढ़ गई। एक समय नियत करके मैं फिर कुतुबुद्दीन साहब से मिला और कम्युनिज्म के सिद्धान्त के बारे में उनसे मेरी घंटों तक बातचीत हुई।
क्वीन गार्डन में बैठकर घंटों तक कुतुबुद्दीन साहब से मेरी बातचीत हुई। कुतुबुद्दीन साहब ने प्राचीन काल से लेकर आज तक के इतिहास का एक खाका खींचकर दिखाने का प्रयत्न किया। उन्होंने एच० जी० वेल्स के इतिहास से दृष्टान्त देकर यह दिखाना चाहा कि कैसे एक समय नारी राज्य का अस्तित्व था और उस समय स्त्री जाति के प्रभुत्व के कारण समाज की रीति व्यवस्था पद्धति आदि सब स्त्रियों की इच्छानुसार होती थी। उस समय पुरुषों के अधिकार स्त्रियों के अनुवर्त्ती होते थे अर्थात् समाज में जो जाति शासन करती है उसी के स्वार्थ के अनुकूल रीति-नीति भी बन जाती है। कुतुबुद्दीन साहब का कहना था कि रीति नीति समाज व्यवस्था इत्यादि सनातन नियमों को मनुष्यों होकर नहीं बनती, प्रत्युत राज-शक्ति जिसके हाथ में रहेगी उसकी इच्छा एवं स्वार्थ के अनुसार ही समाज व्यवस्था बनेगी। सामाजिक उन्नति भी राज-शक्ति पर निर्भर है। राज-शक्ति की
सहायता से समाज में शिक्षा-दीक्षा उद्योग-धन्धों आदि की व्यवस्था अनायास ही एवं ठीक नीति पर हो सकती है। व्यक्ति के लिए उन्नति का मार्ग भी तभी प्रशस्त होगा जब राज-शक्ति की सहायता मिलेगी। व्यक्ति की उन्नति की प्रतीक्षा में यदि हम बैठे रहेंगे तो समाज का कोई काम नहीं चल सकेगा। आज समाज में जितने घोर अनर्थ हो रहे हैं उनके मूल में सबसे बड़ी बात यह है कि समाज के धन उत्पादन के जितने साधन हैं वे सब कुछ थोड़े ही मनुष्यों के हाथ में हैं। वे जैसा चाहते हैं उसी प्रकार समाज व्यवस्था बनाते हैं जिधर चाहते हैं उसी तरफ समाज को ले चलते हैं। राज-शक्ति भी इन्हीं के हाथ में रहती है। एक ओर तो धन की समृद्धि होती है दूसरी ओर दरिद्रता के निष्ठुर दबाव से समाज के असंख्य व्यक्ति हाहाकार करते हैं। प्रजातन्त्रात्मक राज्य में भी पूँजीपति ही जो-जो चाहते हैं वही करते हैं। कहने के लिए तो प्रजा को सब राष्ट्रीय कर्णधार बराबर हैं परन्तु धनी व्यक्ति गरीबों के वोट अपने धन की सहायता से प्राप्त कर लेते हैं। इसलिए यथार्थ प्रजातन्त्रात्मक राज्य तभी बन सकता है जब समाज से गरीब और अमीर का भेद मिट जाय। गरीब और अमीर का भेद तभी मिट सकता है जब धनोत्पादन के साधन व्यक्ति के हाथ में न रहकर समाज के हाथ में रहें। क्रान्ति के ही मार्ग से यह काम बन सकता है अन्यथा नहीं। यदि आर्थिक दृष्टि से समाज में साम्य नहीं रहता तो उस समाज की प्रत्येक व्यवस्था एवं राज्य की नीति दूषित एवं अकल्याणमयी हो जाती है।
क्रान्तिकारी दल और कम्यूनिस्ट
जीवन में एक और नवीन समस्या पैदा हो गई। अभी तक वेदान्त के लपेटे में पड़कर ज्ञान और कर्म की विषम उलझन में पड़ा था। फिर हिंसा और अहिंसा के द्वन्द्व में पड़कर भी कुछ अशान्ति भुगती, गांधीवाद और सत्याग्रह-मार्ग से सशस्त्र क्रान्तिकारी मार्ग की भीषण प्रतिद्वन्दिता के कारण जीवन में बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, अब अन्त में कम्यूनिज्म के भौतिकवाद, इतिहास की आर्थिक व्याख्या एवं राज की नवीन परिकल्पना प्रसूत राजनैतिक एवं दार्शनिक उलझनों में पड़कर जीवन में एक नवीन एवं जटिल समस्या की उत्पत्ति हुई है।
सम्पत्ति व्यक्ति के हाथ में न रहकर समाज के हाथ में रहे इसके मूल में जो महान् आदर्श है उसे मैं अस्वीकार नहीं कर सका। परन्तु धन उत्पादन के साधन ही सम्पत्ति हैं यह मैं देहली में भली भाँति नहीं समझ पाया था। इस सम्बन्ध में सर्वप्रथम मेरे मन में इस भावना की उन्नति हुई कि मैं इस महान् आदर्श का अनुयायी बनने योग्य न था। मेरे मन में वही संन्यासी का आदर्श दिखाई दिया और मैंने यह अनुभव किया कि मैं इसके लिए उपयुक्त न था। इसके साथ-साथ मैं इस बात को भी स्वीकार नहीं कर पाया कि आर्थिक व्यवस्था के कारण ही समाज में हर प्रकार की उन्नति हो सकती है। जब मैंने कुतुबुद्दीन साहब को वेदान्त के मूलतत्त्व के विषय में कुछ समझाना प्रारम्भ किया तो आपने यह स्वीकार किया कि ये सब बातें दार्शनिक विचार-धारा में शोभा पा सकती हैं। एवं सम्भव है इनकी उपयोगिता भी हो लेकिन धर्म के प्रति कम्यूनिज्म का जो आक्रमण है उससे इन दार्शनिक विचारों का विशेष सम्बन्ध नहीं है। आज ये सब बातें स्मरण करते समय मुझे ऐसा सन्देह होता है कि सम्भव है कुतुबुद्दीन साहब वेदान्त के विचारों से भली भाँति परिचित न रहे हों अथवा यह भी हो सकता है कि क्योंकि कुतुबुद्दीन साहब मुझे धीरे-धीरे अपनी ओर खींचना चाहते थे, इसलिए मेरे दृढ़ दार्शनिक विचारों के प्रति सहिष्णुता दिखाकर मुझे यह समझाना चाहते थे कि दार्शनिक विचार धारा एवं धार्मिक भावना ये दो एकदम भिन्न वस्तुएं हैं। कुतुबुद्दीन साहब का यह कहना कि धर्म के कारण संसार में भीषण अनर्थ हुए हैं मुझे बहुत सीमा तक स्वीकार करना पड़ा था। तथापि मैंने इस बात को किंचित मात्र भी स्वीकार नहीं किया कि धर्म का सद्व्यवहार नहीं हुआ इसलिए यथार्थ में धर्म भी स्वयं सद्वस्तु नहीं है। इतिहास में बहुत-से अवसरों पर धर्म का दुरुपयोग हुआ है इसलिए धर्म का सदुपयोग भी नहीं हो सकता है यह बात न युक्तियुक्त है न
ऐतिहासिक दृष्टि से ही सत्य है। फिर निरी आर्थिक दृष्टि से ही इतिहास को समझने की चेष्टा करना यह भी एक युक्ति संगत बात नहीं है। इस प्रकार कम्युनिज्म के संस्पर्श में आकर जीवन में एक महान् नवीन आदर्श की प्रेरणा का मैंने अनुभव किया। परन्तु कम्युनिज्म के सिद्धान्त में एक महान् आदर्श के साथ कुछ ऐसी भी बातें जोड़ दी गई है जिन्हें न मैंने उस दिन ही स्वीकार किया था और न इतने दिनों के मनन और अध्ययन के बाद आज भी कर सकता हूँ। मैं युक्ति, दार्शनिक दृष्टि अथवा मानव अभिज्ञता की दृष्टि से भौतिकवाद को आज भी सत्य नहीं समझता। किसी नवीन आदर्श की परिकल्पना केवल जड़वाद के दृष्टिकोण से उत्पन्न नहीं हो सकती।
विप्लव आन्दोलन की दृष्टि से देहली में कांग्रेस के विशेष अधिवेशन के अवसर पर बहुत महत्वपूर्ण बातें हुईं। इसी अधिवेशन में कांग्रेस ध्येय को बदलने की सर्वप्रथम चेष्टा हुई। उत्तर भारत के विप्लव आन्दोलन पर कम्युनिज्म के आदर्शों का प्रभूत प्रभाव पड़ा। भारतीय विप्लव आन्दोलन के इतिहास में यह एक विशेष महत्वपूर्ण घटना है। देहली में कांग्रेस के अधिवेशन के समय भारत में कम्युनिस्टों का कहने योग्य कोई संगठन नहीं था। सन् 1924 ई० में कानपुर के बोलशेविक षड्यन्त्र के मामले में इने-गिने मनुष्य अभियुक्त थे। हम लोगों के क्रान्तिकारी दल की तुलना में भारतवर्ष भर में दूसरा कोई व्यापक एवं सुसंगठित दल न था। पंजाब में सरदार गुरुमुखसिंह तथा सरदार संतोषसिंह के नेतृत्व में कम्युनिज्म के आदर्श पर एक दल तैयार हो रहा था। लेकिन इस दल की तमाम कर्मचेष्टा पंजाब प्रान्त में ही सीमित थी। बंगाल के अन्य क्रान्तिकारी दलों में कम्युनिज्म के किसी भी प्रभाव का चिह्न नहीं दिखाई दिया था। मैंने उत्तर भारत में जिस विप्लव दल का संगठन किया था भारतीय विप्लव आन्दोलन के इतिहास में इसी दल ने सर्वप्रथम कम्युनिस्ट सिद्धान्त के बहुत अंशों को स्पष्ट शब्दों में ग्रहण कर लिया था। उस सिद्धान्त के जिन अंशों को हमने उस दिन नहीं ग्रहण किया था वह इसलिए नहीं कि वे हम लोगों की समझ में नहीं आए थे, वरन् हम लोगों ने जान-बूझकर सिद्धान्त के विचार से, युक्ति की कसौटी पर उनके निर्बल प्रमाणित होने के कारण ही उन्हें स्वीकार नहीं किया था। यूरोप के आधुनिक इतिहास की पर्यालोचना करने से यह प्रमाणित हो रहा है कि हमारा दृष्टिकोण सत्य है। परानुकण वृत्ति के कारण जो लोग सौ वर्ष से पहले के सिद्धान्त को अपरिवर्तित
रूप में ज्यों का त्यों आज भी देश-काल-पात्र-भेद का विचार न करके जैसे का तैसे ग्रहण करने को लालायित हैं वे भूल जाते हैं कि गत शत वर्ष की प्रबल चेष्टा के बाद भी आज यूरोप अथवा अमेरिका में कोरे मार्क्सवाद को विजय नहीं हुई बल्कि यूरोप के कम्युनिस्टों को अपनी नीति में बहुत परिवर्तन करना पड़ा है। श्रेणी संघर्ष के स्थान पर आज संयुक्त मोर्चा आदि के नारे बुलन्द हो रहे हैं। ध्यान देने योग्य एक और बात यह है कि इंग्लैड, फ्रांस तथा अमेरिका में कम्युनिस्टों के साथ दूसरे प्रगतिशील दलों ने सहयोग करना स्वीकार नहीं किया। कम्युनिस्टों के संयुक्त मोर्चे के प्रयत्न विफल हो रहे हैं।
देहल्ली से लौटकर मैं आगरा, मथुरा इत्यादि होकर कानपुर आया था। कानपुर आकर एक सज्जन के यहाँ ठहरा। इनका नाम श्री सत्यभक्तजी था। आप हिन्दी के एक परिचित लेखक हैं। मुझमें कम्युनिज्म के सिद्धान्त से भली प्रकार परिचित होने की प्रबल इच्छा उत्पन्न हुई थी।
सत्यभक्तजी कम्युनिज्म के सिद्धान्त के आधार पर गुप्त प्रान्त में एक दल संगठित करना चाहते थे। कम्युनिज्म का एक मूल सिद्धान्त है कि विप्लव के ही मार्ग से सफलता प्राप्त की जा सकती है अन्यथा नहीं। हम लोग यथार्थ में विप्लवी थे। सत्यभक्तजी विप्लव के मार्ग पर नहीं चलना चाहते थे। लेकिन उनके पास कम्युनिज्म के विषय की कुछ अच्छी-अच्छी पुस्तकें थीं। उन्हें मैंने पढ़ डाला। कम्युनिज्म को समझने के लिए मुझे 'बुखारिन' लिखित 'ए० बी० सी० आफ कम्युनिज्म' नामक पुस्तक से बड़ी सहायता मिली। लेनिन लिखित तीन-चार पुस्तकें भी पढ़ डालीं। इन सब पुस्तकों में से तीन-चार पुस्तकें विशेष उल्लेख योग्य हैं यथा 'प्रांसिटेरियन रेवल्यूशन', 'स्टेट ऐण्ड रेवल्यूशन', 'फ्राम यूटोपिया टु साइन्स', 'फोर्य एण्ड सिक्सथ रिपोर्ट आफ दी कम्युनिस्ट इण्टर नेशनल कांग्रेस' इत्यादि। इसके अतिरिक्त मानवेन्द्रराय द्वारा सम्पादित बहुत-से पर्चे पढ़ने का भी अवसर मिला। इस प्रकार सन् 1924 में ही कम्युनिज्म के सिद्धान्त के बारे में मैंने बहुत कुछ समझ लिया था। सत्यभक्तजी से मेरा बहुत वार्तालाप भी हुआ, तर्क-वितर्क हुए, एवं भौतिकवाद और आत्मवाद, इतिहास की आयिक व्याख्या एवं श्रेणी संघर्ष इत्यादि प्रश्नों को लेकर दिन-दिनभर तक आलोचनाएँ हुईं।
पंजाब के सरदार गुरुमुखसिंहजी से बातचीत होने के बाद मैंने अपने दल के लिए एक लिखित संगठन और कार्यक्षेत्र की योजना तैयार करना आवश्यक समझा।
और कानपुर में आकर यह योजना तैयार की। इसके बारे में विशद रूप और विस्तार से लिखने की आवश्यकता है। कारण यह कि क्रान्तिकारी आन्दोलन के बारे में भारतवर्ष में बहुत-सी भ्रान्त धारणाएँ फैली हुई हैं। हमारे देश के बहुत से गण्यमान्य लब्ध-प्रतिष्ठ नेतागण भारतीय विप्लव आन्दोलन को बच्चों का खेल समझते आए हैं। भारतवासी प्रायः यह समझते आए हैं कि भारतीय विप्लव आन्दोलन का केवल यही अर्थ है कि समय-समय पर कुछ अंग्रेज़ और पुलिस अफसरों को गोली से मारना अथवा धनी देशवासियों के घरों में डाका डालकर अर्थ संग्रह करना। हमारे देशवासी आज भी नहीं समझ पाए हैं कि क्रान्ति के मार्ग से भारत को स्वाधीन करने की चेष्टा युक्तिसंगत एवं ऐतिहासिक परम्परा के आधार पर समर्थन योग्य है। इस नासमझी के मूल में यथार्थ बात तो यह है कि भारतवासी आज भी सच्चे हृदय से भारत को स्वाधीन करने के लिए कुछ नहीं करना चाहते है। भारत के किसी भी राष्ट्रनेता की मनोवृत्ति मेजिनी, गैरीबाल्डी, डी वलेरा अथवा किसी इतिहास प्रसिद्ध विप्लवी नेता की तरह नहीं है। यही कारण है कि भारत के नेतागण यहाँ के विप्लव आन्दोलन को यथार्थ रूप में नहीं समझ पाए है और दूसरी बात यह भी है कि भारतीय विप्लवी गणों ने स्वयं अपने सिद्धान्तों का प्रचार कुछ नहीं किया। भारत के विप्लवियों ने प्रकाशय आन्दोलन में भाग लेकर ज्वालामुखी प्राण-स्पर्शी भाषा द्वारा एवं अलंध्य युक्ति के मार्ग से जन-साधारण को अपनी ओर आकर्षित करने की यथार्थ चेष्टा नहीं की।
अण्डमान में रहते समय ही मैंने यह अनुभव किया था कि भारत में क्रान्तिकारी आन्दोलन की ओर से ऐसे साहित्य की सृष्टि करने की परम आवश्यकता है। ऐसे साहित्य की सृष्टि तभी हो सकती है जब उपयुक्त शिक्षित वर्ग क्रान्तिकारी आन्दोलन में भाग ले परन्तु भारत के दुर्भाग्य से यहाँ के प्रतिभावान, विचारशील, साहित्यिक रुचि सम्पन्न, मननशील और अध्ययनशील व्यक्तियों में से अधिकांश ने विप्लव आन्दोलन में भाग नहीं लिया। इसी कारण भारतीय क्रान्तिकारी आन्दोलन की ओर से उपयुक्त साहित्य की सृष्टि नहीं हुई। किसी आन्दोलन की सफलता के लिए उसके दृष्टिकोण से उपयुक्त साहित्य की सृष्टि करना सर्वप्रथम एवं परम आवश्यक बात है। परन्तु यह परम दुःख की बात है कि इस देश में भारतीय विप्लव आन्दोलन के सम्बन्ध में किसी भी कहने योग्य साहित्य की सृष्टि नहीं।
क्रान्तिकारी दल और कम्यूनिस्ट
हुई। सन् 1919 ई० से सत्याग्रह आन्दोलन को बीस वर्ष हो गए पर इस बीच में भी साहित्य की सृष्टि नहीं हुई। यूरोप अमेरिका अथवा चीन के किसी भी आन्दोलन को ले लीजिए उन देशों में जितने प्रकार के साहित्यों की सृष्टि हुई है उनका शतांश भी हमारे देश में नहीं हुई। कम्यूनिस्ट आन्दोलन के सम्बन्ध में इतनी पुस्तकें, पुस्तिकाएं एवं सामयिक पत्रिकाएं प्रकाशित हुई हैं कि उनसे संसार भर में विप्लव मचा हुआ है। साम्राज्यवाद राष्ट्रों के निकट कम्यूनिस्टों की एक साधारण पुस्तिका मशीनगन से भी अधिक भीतिप्रद एवं आपत्तिजनक समझी जाती है। उन्नीसवीं शताब्दी के अन्तिम भाग में बंग भाषा में मेजिनी, गैरी बाल्डी इत्यादि प्रसिद्ध राष्ट्र विप्लवियों के जीवन चरित्र लिखे गए थे। बीसवीं शताब्दी के प्रारम्भ से ही बंकिम रवीन्द्रनाथ, नवीनचन्द्र, शरत्चन्द्र इत्यादि प्रतिभाशाली लेखकों ने जिस साहित्य की सृष्टि की है उसकी तुलना आज भी भारत में नहीं मिल सकती। फिर ऐतिहासिक गवेषणा में, वैज्ञानिक अनुसंधान में, काव्य में, कला में, अर्थात् राष्ट्रीय चेतना की प्रत्येक दिशा में प्राणशक्ति का अपूर्व स्फुरण हुआ था। कलकत्ता हाईकोर्ट के न्यायालय में जब पहले पहल राजनीतिक षड्यन्त्र के मामले पर विचार प्रारम्भ हुआ तो युगान्तर पत्र के अनुवाद के सम्बन्ध में जजों के सामने यह कहा गया था कि युगान्तर की भाषा इतनी मौलिक है कि उसका भाषान्तर करना सम्भव नहीं। मिल्टन की भाषा में जो शक्ति है, वर्क की शैली में जो ओजस्विता है, मार्ले की भाषा में जो प्रांजलता और प्रसाद है, युगान्तर की भाषा में मानों इन सब गुणों की अद्भुत व्यंजना व्यक्त हुई है। युगान्तर की तुलना में हिन्दी भाषा में हमें कुछ भी नहीं मिल सकता। नेपोलियन के समय में जर्मन प्रदेश शतधा विभक्त था। सौ मील जाने में तीस टुकड़े-टुकड़े स्वतन्त्र प्रान्तों से होकर जाना पड़ता था। नेपोलियन द्वारा तीव्र रूप से आघात प्राप्त करके जर्मनी में राष्ट्रीय चेतना का नव-उन्मेष हुआ था। उस समय भी जर्मन साहित्य में अद्भुत जागृति दिखाई दी थी। जर्मन विश्वविद्यालय के एक प्रसिद्ध अध्यापक फान् टिट्श्के ने नवीन शैली से अद्भुत प्रेरणा के वशीभूत होकर जो इतिहास लिखा था उसी के प्रभाव से जर्मनी में एक नवीन राष्ट्रीय चेतना का संचार हुआ। भारतवर्ष के राष्ट्रीय आन्दोलन की चर्चा करने पर हमें नितान्त निराश होना पड़ता है। महात्माजी एवं पं० जवाहरलालजी की आत्म-कथाओं तथा सुभाष बाबू की एक-दो पुस्तकों को छोड़कर पिछले बीस वर्षों में कुछ भी साहित्य की सृष्टि
नहीं हुई है। यह कुछ आशा की बात नहीं है। अण्डमन में रहते समय मेरे मानस पटल में ये सब बातें स्थायी रूप से अंकित हो गई थीं। तथापि आज भी मेरे मन में परिताप की सीमा नहीं है कि अपनी अभिलाषा के अनुसार मैं कुछ भी साहित्यिक प्रयत्न नहीं कर पाया। बात यह थी कि विप्लव कार्य में आत्यन्तिक रूप से लिप्त रहने के कारण मुझे साहित्य चर्चा करने का अवसर ही नहीं मिला।
मेरी एक यह इच्छा थी कि क्रान्तिकारी आन्दोलन की उपयोगिता एवं आवश्यकता के विषय में एक परिपूर्ण ग्रन्थ लिख डालूं। क्रान्तिकारी आन्दोलनों के विपक्ष में आज तक जितने आक्षेप किये गए हैं इसे तुच्छ एवं बुद्धिहीनों का व्यर्थ आलापन प्रतिपादित करने के लिए जितनी बातें कही गई हैं इन सबका प्रत्युत्तर देने की मन में प्रबल इच्छा थी। परन्तु परम दुर्भाग्यवश मैं कुछ भी न कर पाया। इस प्रकार के ग्रन्थ लिखने में यथेष्ट समय की आवश्यकता होती है, और मुझे यह समय प्राप्त नहीं है। यदि ग्रन्थ लिखने बैठ जाता हूँ तो इधर संगठन का कार्य पड़ा रहता है और संगठन के कार्य में लग जाता हूँ तो लिखने का समय नहीं मिलता। ऐसी परिस्थिति में ही मैंने अपने दल का एक कार्यक्रम तैयार किया था। मेरी समझ से भारतीय क्रान्तिकारी आन्दोलन के इतिहास में इस कार्यक्रम का एक विशेष महत्त्व है। यह कार्यक्रम आज पुलिस के अधिकार में है। लेकिन काकोरी षड्यन्त्र के मामले के फैसले में इस कार्यक्रम का बहुत-सा अंश उद्धृत है।
उन उद्धृत अंशों से उस कार्यक्रम का कुछ परिचय इस स्थान पर देने का प्रयत्न करूँगा। इस कार्यक्रम से पाठकों को विदित होगा कि उत्तर भारत का क्रान्तिकारी आन्दोलन कितने दृढ़ सिद्धान्तों के आधार पर प्रारम्भ हुआ था।
श्री रासबिहारी के समय उत्तर भारत में जो क्रान्तिकारी दल काम कर रहा था उसका कोई कार्यक्रम न था। यूनाइटेड स्टेट्स और कनाडा में जो विप्लव दल था वह गदर पार्टी के नाम से विख्यात था। बंगाल में जितनी पार्टियां थीं उन सब के अलग-अलग नाम थे। अब की बार मैंने जो दल संगठित किया उसका नाम ‘दि हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन’ रखा। अवध चीफ कोर्ट के फैसले से इस दल के लक्ष्य तथा साधन एवं इसकी संगठन प्रणाली के नियम इत्यादि नीचे उद्धृत हैं :
नाम इस दल का नाम ‘दि हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन’ रहेगा।
क्रान्तिकारी दल और कम्यूनिस्ट
लक्ष्य सुसंगठित एवं सशस्त्र क्रान्ति के द्वारा नियुक्त भारतीय प्रजातन्त्र संघ की स्थापना करना इस दल का ध्येय होगा। इस प्रजातन्त्र के विधान और उसके अन्तिम स्वरूप का निर्माण एवं उसकी घोषणा जनता के प्रतिनिधियों द्वारा ऐसे समय की जायगी जब वे अपने निश्चयों को व्यावहारिक रूप देने में समर्थ होंगे। सार्वजनिक मताधिकार की नींव पर इस प्रजातन्त्र संघ का संगठन होगा। इस प्रजातन्त्र संघ में उन सब व्यवस्थाओं का अन्त कर दिया जायगा जिनसे किसी एक मनुष्य द्वारा दूसरे का शोषण हो सकने का अवसर मिल सकता है।
विधान संचालक समिति—इस दल के समस्त कार्य केन्द्रीय समिति द्वारा संचालित होंगे। इस केन्द्रीय समिति में भारत के प्रत्येक प्रान्त के प्रतिनिधि रहेंगे। केन्द्रीय समिति के सभी निश्चय सब सदस्यों की स्वीकृति से होंगे। केन्द्रीय समिति के हाथ में अखंड अधिकार रहेंगे। विभिन्न प्रान्तों के समस्त कार्यों की जानकारी इस समिति को रहेगी। विभिन्न प्रान्तों के कार्यों को समलक्षीभूत करके अपने उद्देश्य साधन में उन्हें परस्पर सम्बद्ध करना और उन पर नियन्त्रण रखना इस केन्द्रीय समिति का मुख्य कार्य होगा। भारत के बाहर विदेशों में जो कुछ किया जाएगा वह केन्द्रीय समिति के ही तत्वावधान में होगा।
प्रान्तीय संगठन साधारणतया प्रत्येक प्रान्त में दल के पांच विभागों के पांच प्रतिनिधियों को लेकर एक कार्यकारिणी समिति बनेगी। प्रान्त के समस्त कार्य इस समिति के नियन्त्रण में होंगे। इस समिति के समस्त निर्णय सर्व सम्मति से निश्चित होंगे।
दल के पांच विभाग
- प्रचार कार्य, 2. लोक संग्रह, 3. अर्थ संग्रह एवं आतंकबाद, 4. अस्त्र-शस्त्र का संग्रह एवं उन्हें सुरक्षित रखने की व्यवस्था करना, 5. विदेशों से सम्बन्ध स्थापित करना।
- प्रचार कार्य—(क) प्रकाश्य एवं गुप्त मुद्रित पत्रों की सहायता से, (ख)
व्यक्तिगत वार्तालाप की सहायता से, (ग) सार्वजनिक सभा इत्यादि द्वारा, (घ) कथा वार्ता अर्थात् धर्म विषयक व्याख्यानों द्वारा सुनियन्त्रित रूप से अपने उद्देश्य का प्रचार करना, और (छ) मैजिक लैण्टर्न द्वारा । 2. लोक संग्रह का काम जिलों के भार प्राप्त संचालकों द्वारा होगा । 3. साधारणतया स्वेच्छाकृत दान की सहायता से अर्थ-संग्रह किया जायगा परन्तु समय-समय पर बल प्रयोग द्वारा भी । विदेशी सरकार से अत्यन्त उत्पीड़ित होने पर इस दल का कर्तव्य होगा कि वह उसका उचित रूप से प्रतिशोध ले । 4. इस दल के प्रत्येक सदस्य के पास शस्त्र पहुँचाने का भरसक प्रयत्न किया जाएगा परन्तु ये सब शस्त्र विभिन्न केन्द्रों में सुरक्षित रखे जाएँगे एवं प्रान्तीय कमेटी के नियन्त्रण में ही उनसे काम लिया जाएगा । इस विभाग के अधिनायक अथवा जिला संगठन कर्ता की बिना अनुमति एवं बिना जानकारी के कोई भी शस्त्र इधर से उधर नहीं किया जाएगा । 5. विदेशी विभाग—इस विभाग के समस्त कार्य केन्द्रीय समिति के ही नियन्त्रण एवं संचालन में होंगे ।
जिलों के संचालक और उनका कर्तव्य
जिलों के सदस्यों का भार पूर्ण रूप से जिला आर्गनाइजर पर रहेगा । अपने जिले के प्रत्येक अंश में जिला-संचालक इस दल की शाखाएं स्थापित करने की यथाशक्ति चेष्टा करेगा । सफलतापूर्वक लोक-संग्रह के कार्य के लिए प्रत्येक संचालक अपने जिले के विभिन्न सार्वजनिक कामों एवं संस्थाओं के साथ घनिष्ठ रूप से सम्पर्क रखेगा । जिलों के संचालकगण सब प्रकार से प्रान्तीय कमेटी के अधीन रहकर काम करेंगे । प्रान्तीय कमेटी उनके सब कामों पर नियन्त्रण रखेगी एवं इस समिति के संचालन में ही जिलों के ये संचालकगण काम करेंगे । जिले के संचालक अपने सदस्यों को छोटी-छोटी टोलियों में विभाजित कर देंगे एवं इस बात पर ध्यान रखेंगे कि ये सब विभिन्न टोलियाँ एक-दूसरे से परिचित नहीं रहेंगी । जहाँ तक सम्भव हो सके एक प्रान्त के विभिन्न जिला संचालकगण भी आपस में एक-दूसरे के कामों से जानकारी नहीं रखेंगे । एवं यथासम्भव ये संचालकगण आपस में एक-दूसरे की शक्ल से भी परिचित न रहेंगे और न ये एक-दूसरे के नाम
जानेंगे। अपने ऊपर वाले को बिना सूचना दिए किसी भी जिला संचालक को यह अधिकार न होगा कि यह अपने स्थान को छोड़कर कहीं और चला जाय।
जिला संचालक की योग्यता
- विभिन्न स्वभाव एवं प्रकृति वाले मनुष्यों को साथ लेकर चलने और उनसे काम लेने की योग्यता प्रत्येक जिला संचालक में होनी चाहिए।
- प्रत्येक जिला संचालक में यह योग्यता होनी चाहिए कि वह आधुनिक काल की राजनैतिक, सामाजिक एवं आर्थिक समस्याओं को पूर्ण रीति से समझ सके और उन समस्याओं के साथ अपनी मातृभूमि का क्या और कहाँ तक सम्बन्ध है इसका भी उसे ज्ञान होना परमावश्यक है।
- प्रत्येक जिला संचालक में यह योग्यता होनी चाहिए कि भारतीय इतिहास की मर्मकथा को हृदयंगम करते हुए भारतीय सभ्यता की विशेषता को वह भली प्रकार समझ सके।
- मानव सभ्यता को स्वाधीन भारत की भी कुछ देन है इस बात पर जिला संचालकों की परिपूर्ण श्रद्धा होनी चाहिए। प्राच्य और पाश्चात्य सभ्यताओं में मानव की आध्यात्मिक एवं पार्थिव आवश्यकताओं में संगति लाना यह सब स्वाधीन भारत ही कर सकता है। मानव सभ्यता को स्वाधीन भारत की यही देन है।
- जिला संचालकों के लिए यह परमावश्यक है कि वे त्यागी एवं साहसी हों क्योंकि इन गुणों के बिना उनकी और सब प्रतिभाएं व्यर्थ हो जाएंगी।
प्रान्तीय एवं केन्द्रीय कमेटी
इन कमेटियों के सदस्यों को उचित है कि वे इस बात पर विशेष ध्यान रखें कि अपनी संस्था के सदस्यों को इस बात में पूर्ण रीति से विकसित कर पाएं एवं अपनी कार्य-कुशलता का पूर्ण परिचय दे सकें। अन्यथा सम्भव है यह संस्था क्रमशः अधोगति को प्राप्त हो जाय।
कार्यक्रम
इस संस्था के समस्त कार्य दो रीतियों से होंगे, एक प्रकाश्य दूसरी गुप्त।
प्रकाश्य कार्यक्रम
- पुस्तकालय, व्यायामशाला, सेवा-समिति इत्यादि के रूप में विभिन्न संस्थाओं की प्रतिष्ठा करना ।
- किसान एवं मजदूरों का संगठन करना । इस संस्था की ओर से योग्य व्यक्तियों को कारखानों, रेलों एवं कोयले की खानों में भेजा जाय जिससे वहाँ के मजदूरों पर इनका प्रभाव जम जाय और वे मजदूरों के मन में यह बात अच्छी तरह से बैठा सकें कि मजदूर वर्ग क्रान्ति के साधन-मात्र नहीं है वरन् मजदूर वर्ग के मंगल के लिए ही क्रान्ति होगी । मजदूरों की तरह किसानों को भी संगठित करना है ।
- प्रत्येक प्रान्त से एक-एक साप्ताहिक निकाला जाय और उसकी सहायता से स्वाधीनता और प्रजातन्त्र की बातों का प्रचार किया जाय ।
- विदेशों में क्या-क्या हो रहा है और उन देशों में विचार-धाराएं किन दिशाओं की ओर प्रवाहित हो रही हैं इन सब बातों को समझाने के लिए छोटी-छोटी पुस्तकें और पुस्तिकाएं प्रकाशित की जाएं ।
- कांग्रेस तथा अन्य सार्वजनिक कामों पर यथाशक्ति अपनी संस्था का प्रभाव डाला जाय और उनसे यथासम्भव लाभ उठाया जाय ।
गुप्त कार्यक्रम
-
गुप्त रीति से छापेखाने की प्रतिष्ठा की जाय और उसकी सहायता से ऐसे साहित्य की सृष्टि की जाय जिसका प्रकाशन प्रकाश्य रूप से सम्भव नहीं है ।
-
ऐसे साहित्य का प्रचार करना ।
-
समस्त देश में जिलेवार इस संस्था की शाखाएं स्थापित करना होगा ।
-
जैसे भी सम्भव हो अर्थ-संग्रह किया जाय ।
-
विप्लव के अवसर पर अस्त्र-शस्त्रों के कारखानों एवं सेना परिचालन का कार्य-भार ग्रहण करने के योग्य बनने के लिए उपयुक्त व्यक्तियों को विदेशों में सामरिक एवं वैज्ञानिक शिक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से भेजा जाय ।
-
विदेशों से अस्त्र-शस्त्र मंगाना एवं इस देश में उनके निर्माण का प्रयत्न करना ।
-
विदेशों में भारतीय विप्लवियों के साथ घनिष्ठ सम्बन्ध रखना एवं उनके साथ पूर्ण सहयोग से काम करना ।
-
ब्रिटिश सेना में अपनी संस्था के सदस्यों को भरती कराना ।
-
समय-समय पर प्रतिशोध के उद्देश्य से ऐसा काम करना जिससे जनसाधारण की सहानुभूति अपने सिद्धान्त की ओर आकृष्ट हो सके । इस प्रकार देश में एक ऐसे दल की सृष्टि होगी जिसकी सहानुभूति से हम लाभ उठा सकेंगे ।
सदस्यों के बारे में
- सदस्यगण इस संस्था के काम में अपना पूरा समय लगाएँगे, और आवश्यकता पड़ने पर अपने जीवन को संकट में डालने के लिए सदा प्रस्तुत रहेंगे । प्रत्येक प्रान्त के जिला संचालकगण ऐसे सदस्यों की भरती करेंगे ।
- प्रत्येक सदस्य जिला संचालक की आज्ञाओं का निर्विरोध पालन करेगा ।
- प्रत्येक सदस्य अपनी मौलिक कार्य-कुशलता को बढ़ाने का भरसक प्रयत्न करेगा । इस संस्था की सफलता एवं सार्थकता इस बात पर निर्भर है कि इसके सदस्यगण कितने उद्योगी, मौलिक रूप से कार्य-कुशल, एवं कर्तव्य-परायण हैं, प्रत्येक सदस्य इस बात को स्मरण रखेगा ।
- प्रत्येक सदस्य का आचरण ऐसा होना आवश्यक है जिससे इस संस्था के ध्येय पर किसी प्रकार की कालिमा न लग सके एवं उनके कार्यों से साक्षात् अथवा परोक्ष रूप में इस संस्था को कोई हानि न पहुँच सके ।
- जिला संचालक की अनुमति बिना इस संस्था का कोई भी सदस्य दूसरी संस्था का सदस्य नहीं बन सकेगा ।
- जिला संचालक को बिना सूचित किए कोई सदस्य अपना स्थान नहीं छोड़ेगा ।
- प्रत्येक सदस्य इस बात की चेष्टा करेगा कि जनसाधारण अथवा पुलिस की दृष्टि में इस सन्देह की उत्पत्ति न हो कि उसका कान्तिकारियों से कुछ सम्बन्ध है ।
- प्रत्येक सदस्य को इस बात का स्मरण रखना परम आवश्यक है कि उसका व्यक्तिगत व्यवहार या उससे एक भी गलती होने पर समस्त संस्था नष्ट हो सकती है ।
९. कोई भी सदस्य अपने सार्वजनिक कार्य के बारे में जिला संचालक से किसी बात को नही छिपाएगा । १०. विश्वासघात करने पर सदस्य को संस्था से निकाल दिया जायगा या उसे मृत्यु दण्ड दिया जायगा । दण्ड देने का अधिकार पूर्णतया प्रान्तीय कमेटी को होगा ।
हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन अथवा हिन्दुस्तान प्रजातन्त्र संघ की नियमावली एवं कार्यक्रम को यदि कोई विशेष ध्यानपूर्वक पढ़ेगा तो उसे अवश्य प्रतीत हो जायगा कि उत्तर भारत का विप्लव आन्दोलन प्रजातन्त्र एवं समाज-तन्त्र के सिद्धान्तों के आधार पर प्रतिष्ठित था । और यह केवल कल्पनामात्र ही न थी । अपने ध्येय को कार्य में परिणत करने के लिए भारत के चुने हुए युवक-वृन्द घर-गृहस्थी की सुख स्वच्छन्दता को, माता-पिता के स्नेह को, भाई-बहिनों के प्यार और मोह को, दुनियादारी के प्रलोभनों को तिलांजलि देकर अपने उद्देश्य-साधन के लिए फाँसी के तख्ते पर चढ़ने से अथवा आजन्म कालेपानी की काल-कोठरी के डर से कभी पीछे नहीं हटे ।
उस समय रूस में राज्य-क्रान्ति हो चुकी थी । कम्युनिज्म की रक्ताभ अग्नि-शिखा से समस्त संसार के उत्पीड़ितगण एवं बड़े-बड़े साम्राज्यों के संचालकगण त्रस्त और अस्त-व्यस्त हो चुके थे । तब से यूरोप और अमेरिका में कम्युनिज्म के सिद्धान्त के आधार पर तुमुल आन्दोलन हो चुका था और उसका प्रचण्ड रूप दिन पर दिन उग्र से उग्र होता जा रहा था । इन सब परिस्थितियों के प्रति ध्यान रखते हुए यदि हम उत्तर भारत के विप्लव आन्दोलन की आलोचना करें तो यह निश्चित रूप से विदित हो जाएगा कि यह आन्दोलनमात्र नितान्त बाल सुलभ चपलता या अदूरदर्शी उद्दण्ड युवक-वृन्दों की विचारहीन पुष्टतामात्र न था अथवा हताशाग्रस्त कार्यकर्ताओं का व्यर्थ आश्वासन मात्र न था । यदि यह कहा जाय कि बड़े-बड़े शब्दों के व्यवहार से अथवा ऊँचे विचार के सिद्धान्त के उल्लेख-मात्र से ही किसी आन्दोलन की सार्थकता का विचार हम नहीं कर सकते तो इसके उत्तर में केवल इतना ही कहना पर्याप्त होगा कि संसार में जब कभी भी किसी नूतन सिद्धान्त का प्रचार हुआ है तो उसका प्रारम्भ परिमित आकार में एवं प्रधान रूप से विचार के क्षेत्र में ही सर्वप्रथम हुआ है । यहाँ तो इन विप्लवियों ने भीषण प्रतिकूलता का सामना करते हुए संसार की सबसे बड़ी साम्राज्यशाही
के प्रहार को सहते हुए भारतवासियों के शिथिल एवं अवसाद ग्रस्त मन को अपने जीवन के बलिदान से संजीवित किया। सन् 1921 सत्याग्रह आन्दोलन के अवसान होने के बाद से सन् 1930 तक भारत में जो आन्दोलन होता रहा महात्मा गांधी का उसमें कोई हाथ न था। उस समय यह क्रान्तिकारी आन्दोलन ही ऐसा आन्दोलन था जो संसार के सामने उच्च स्वर से यह घोषित कर रहा था कि भारत को स्वाधीन करने के लिए वहाँ के नवयुवकगण प्राणों की आहुति दे सकते हैं। सन् 1929 की लाहौर कांग्रेस के सभापति पं॰ जवाहरलालजी नेहरू के अभिभाषण को ध्यानपूर्वक पढ़ने से सबको यह स्पष्ट विदित हो जायगा कि भारतीय क्रान्तिकारी आन्दोलन का प्रभाव भारत के राष्ट्र नायकों पर कितने प्रबल रूप से पड़ रहा था। यदि मैं भूल नहीं रहा हूँ तो पंडितजी ने अपने अभिभाषण में यह भी कहने का साहस किया था कि भारत के युवक-वृन्दों के क्रान्तिकारी कार्यों ने ही भारत के राष्ट्रीय आन्दोलन को जीवित रक्खा है।
यह बात सत्य हो सकती है कि हमारी संस्था के इस कार्यक्रम की सब बातें सब सदस्यों की समझ में पूर्ण रूप से न आई हों। इस कार्यक्रम को पूर्ण रूप से समझने के लिए दो बातों को जान लेने की विशेष आवश्यकता है। जिसने भारतीय सभ्यता की मर्म-कथा को भली-भाँति नहीं समझा उसके लिए यह सम्भव नहीं कि कम्युनिज्म के दोष को वह ठीक-ठीक समझ सके। इसलिए भारतीय सभ्यता के प्रति जिसका प्रेम नहीं है और इस बात पर कि मानव-सभ्यता की उन्नति के लिए भारतीय सभ्यता की विशेष उपयोगिता है जिसकी श्रद्धा नहीं है वह इस कार्यक्रम को ठीक-ठीक नहीं समझ सकता तथा यह भी जिसने यह मान ही लिया है कि कम्युनिज्म का सिद्धान्त एक परिपूर्ण अविभाज्य त्रुटिरहित समूचे तौर पर अभ्रान्त है, वह भी हमारी संस्था के इस कार्यक्रम को पूर्ण रीति से नहीं ही समझ सकता। कारण यह है कि उसको ऐसा प्रतीत होगा कि कम्युनिज्म के पूरे सिद्धान्त को इस कार्यक्रम में ज्यों-का-त्यों नहीं लिया गया है और इसलिए यह समझेगा कि इसके बनाने वाले कम्युनिज्म के सिद्धान्त को ठीक-ठीक नहीं समझे हैं। जिस प्रकार एक ओर पण्डित जवाहरलालजी जैसे व्यक्ति ने क्रान्तिकारियों को फाँसिस्ट कहा है उसी प्रकार दूसरी ओर कुछ नवीन मार्क्सवादी इस कार्यक्रम की आलोचना करते हुए आज यह कहते हैं कि इस कार्यक्रम के निर्माता ने कम्युनिज्म के सिद्धान्त को पूर्ण रूप से नहीं समझा था इसलिए श्रेणी संघर्ष के
बारे में यह कुछ नहीं लिख रहा है। इस प्रकार की टिप्पणी करने वालों में से मेरे एक साथी श्री मन्मथनाथजी गुप्त भी हैं। आपने अपने कई लेखों में ऐसा लिखा है कि श्री सान्यालजी ने हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन के कार्यक्रम को तैयार किया था और उसमें कुछ साम्यवादी सिद्धान्तों को भी रखा था। लेकिन सान्यालजी श्रेणी-संघर्ष के मर्म को समझ नहीं पाए थे। श्री मन्मथनाथजी अपने को कामरेड कहते हैं। इसलिए उचित है कि मैं भी उन्हें कामरेड ही लिखूँ। कामरेड मन्मथनाथजी समझते हैं कि हमारी संस्था के कार्यक्रम में श्रेणियों के स्वार्थ के विषय में कुछ नहीं कहा गया है। इसलिए वह समझते हैं कि इस कार्यक्रम के रचयिता के मन में श्रेणी-संघर्ष एवं श्रेणी-स्वार्थ के बारे में कोई धारणा ही न थी।
लोगों की गिरफ्तारी के पहले मन्मथनाथजी ने इस बात के प्रति कभी भी हमारी दृष्टि आकर्षित नहीं की। इसका कारण यह है कि इस समय मन्मथनाथजी इस कार्यक्रम को भलीभाँति समझे नहीं थे। कम्युनिज्म को बिना समझे इस कार्यक्रम की विशेषता को समझना किसी के लिए सम्भव भी नहीं है। मन्मथनाथजी उस समय कम्युनिज्म के सिद्धान्त से विशेष परिचित न थे। आज कामरेड मन्मथनाथ कम्युनिज्म को जिस प्रकार समझते हैं सम्भव है भविष्य में ठीक ऐसा ही न समझें।
अपने पक्ष के समर्थन के लिए इस स्थान पर मैं दो-एक बातों के प्रति पाठकों का ध्यान दिलाना चाहता हूँ। कम्युनिज्म के सिद्धान्त में इतिहास की आर्थिक व्याख्या का एक विशेष महत्वपूर्ण स्थान है। और इतिहास की आर्थिक व्याख्या के मूल में श्रेणी-संघर्ष की धारणा प्राणस्वरूप वर्तमान है। जो इन सिद्धान्तों को स्वीकार नहीं करता वह कट्टर पंथियों की दृष्टि में कम्युनिस्ट नहीं हो सकता। मैंने विशेष ध्यानपूर्वक इन सब सिद्धान्तों को पढ़ा और इन पर गम्भीर रूप से मनन किया लेकिन आज भी मैं इन सिद्धान्तों को ग्रहण नहीं कर पाया, तथापि इस बात को मैंने स्वीकार कर लिया था कि स्वाधीन भारत के प्रजातन्त्र राज्य में मज़दूर एवं किसान वर्ग के स्वार्थ की उपयुक्त रीति से रक्षा होनी चाहिए। इतिहास में बार-बार यह देखा गया है कि मज़दूर तथा किसान वर्ग की ही सहायता से राज्य क्रांतियाँ हुईं परन्तु क्रांति के बाद उसकी उपेक्षा हुई अतः क्रांति के बाद राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के समय बार-बार उनके स्वार्थ की रक्षा पूरे तौर पर करनी होगी। लेकिन इसके लिए यह आवश्यक नहीं है कि श्रेणी संघर्ष के मार्ग से ही हमें
आगे बढ़ना पड़े अथवा इतिहास की आर्थिक व्याख्या को हमें स्वीकार करना पड़े।
गिरफ्तारी के समय मेरे पास एक छोटा-सा परचा पाया गया था जिसमें इतिहास की आर्थिक व्याख्या की अपूर्णता को प्रमाणित करने के लिए मैंने कुछ बातें संग्रह करके लिख रखी थीं। यह परचा काकोरी षड्यन्त्र के मामले में एक्जिबिट है। इतिहास की आर्थिक व्याख्या का खंडन करते हुए मैं इस समय एक ग्रन्थ लिख रहा हूँ। विचारविनिमय नामक मेरी एक पुस्तक के 'व्यक्ति, समाज और मार्क्सवादी' शीर्षक लेख में 23 पृष्ठों में मैंने इतिहास की आर्थिक व्याख्या के कुछ अंशों का खंडन किया है। और कुछ परिचित कम्युनिस्टों से इस बात की भी प्रार्थना की है कि वे इसका प्रत्युत्तर दें। लेकिन अभी तक इसका किसी ने कुछ भी उत्तर नहीं दिया है। इसके अतिरिक्त अपनी संस्था के कार्यक्रम से भी कुछ अंश उद्धृत करके ही मैं यह दिखाने का प्रयत्न करूँगा कि वर्ग-ज्ञान की धारणा भी इस कार्यक्रम में विद्यमान है। देखिए इस कार्यक्रम के प्रकाश्य अंश का दूसरा नियम। इस नियम से सबको विदित हो जाएगा कि मजदूर और किसान वर्ग के स्वार्थ के ही लिए क्रान्ति की आयोजना की गई थी। इस स्थान पर श्रेणी-संघर्ष की नीति पर विशद रूप से आलोचना करने की इच्छा नहीं है। इस विषय में मैंने कानपुर के साप्ताहिक प्रताप में एक काफी बड़ा निबन्ध लिखा है। इस निबन्ध का शीर्षक है 'कम्युनिस्ट दृष्टिकोण में परिवर्तन।' मैं समझता हूँ कि विप्लव आन्दोलन के इतिहास में कम्युनिस्ट सिद्धान्त पर आलोचनात्मक विचार करने का यहाँ उपयुक्त स्थान नहीं है, इसके लिए एक स्वतन्त्र ग्रन्थ ही लिखने की आवश्यकता है और वह मैं लिख रहा हूँ। यहाँ पर यह स्पष्ट निर्देश कर देना आवश्यक है कि हमारी संस्था के कार्यक्रम में कम्युनिज्म के बहुत-से सिद्धान्त ग्रहण कर लिये गये थे और जिन सिद्धान्तों को नहीं ग्रहण किया गया था यह इसलिए नहीं कि वे सब हमारी समझ में न आए थे बल्कि इसलिए कि उन्हें हमने जान-बूझकर अच्छी तरह से सोच-विचारकर ही नहीं ग्रहण किया था। एक विशेष बात इस कार्यक्रम में यह पाई जाएगी कि कम्युनिस्ट दृष्टिकोण से इस कार्यक्रम को बनाए जाने पर भी हमारी संस्था के नाम के साथ कम्युनिज्म अथवा सोशलिज्म का नाम नहीं जोड़ा गया था। इस बात से यदि कोई यह समझे कि हम लोग सोशलिज्म से परिचित न थे अथवा उसके सिद्धान्त को ग्रहण नहीं कर पाए थे तो वह भी उसकी भूल होगी। हमने यह सोचा था कि सोशलिज्म के नाम से सम्भव है बहुत-से धनी व्यक्ति जो
उस समय हमारी सहायता कर रहे थे हमसे विमुख हो जाएँ। केवल इसी विचार से हमने अपनी संस्था के नाम के साथ सोशलिज्म नाम नहीं लगाया था। पंजाब के सरदार गुरुमुखसिंह के दल को देखकर मैंने भी यह चाहा था कि अपनी संस्था का नाम सोशलिज्म से युक्त रखें। परन्तु मेरे परम मित्र अध्यापक जयचन्द्रजी के परामर्श से ऐसा नहीं किया गया। हम लोगों की गिरफ्तारी के बाद सरदार भगतसिंह ने इस संस्था के साथ सोशलिज्म का नाम भी लगा दिया था। लेकिन फिर भी लक्ष्य करने की बात यह है कि इस नाम के अतिरिक्त इस कार्यक्रम में और कोई परिवर्तन नहीं किया गया था। हमारी संस्था के ध्येय का वर्णन करते समय स्पष्ट शब्दों में कहा गया था कि हम भविष्य में भारत की समाज व्यवस्था ऐसी बनाने चाहते हैं जिसमें मनुष्य द्वारा मनुष्य पर किसी प्रकार का भी शोषण सम्भव न हो सके। फिर इस संस्था की ओर से जो घोषणा-पत्र निकाला गया था उसमें यह भी कहा गया था कि भारत की भावी राष्ट्र व्यवस्था में बड़े-बड़े कारखाने और उद्योग-धन्धों के व्यापार व्यक्ति के अधीन न रहकर राष्ट्र के अधीन रहेंगे जैसे रेलवे, कोयले इत्यादि की खानें। जहाजों का बनाना अथवा चलाना इत्यादि की व्यवस्था समाज के हाथ में रहेगी। इस ध्येय के साथ यदि प्रकाश्य कार्यक्रम के दूसरे नियम को देखें, तो निष्पक्ष पाठकों को निसन्देह यह बात विदित हो जाएगी कि कम्युनिज्म के मूल सिद्धान्तों को हमने बहुत अंश में ग्रहण कर लिया था। प्रकाश्य आन्दोलन के दूसरे नियम को यदि ध्यानपूर्वक पढ़ा जाय तो किसी के मन में सन्देह का अवकाश नहीं रहेगा कि कम्युनिस्ट सिद्धान्त के अन्तर्गत वर्ग-बुद्धि की धारणा हमारी कल्पना एवं संकल्प में सक्रिय रूप से वर्तमान थी। यह नियम यह है: 'किसान एवं मजदूरों का संगठन करना। इस संस्था की ओर से योग्य व्यक्तियों को कारखानों, रेलों एवं कोयले की खानों में भेजा जाय जिससे वहाँ के मजदूरों पर इनका प्रभाव जम जाय और वे मजदूरों के मन में यह बात अच्छी तरह से बैठा सकें कि मजदूर वर्ग क्रान्ति के साधन मात्र नहीं हैं वरन् मजदूर वर्ग के मंगल के लिए ही क्रान्ति होगी।' मजदूरों की तरह किसानों को भी संगठित करना है। इस स्थान पर मैं पाठकों की दृष्टि दो वाक्यों पर विशेष रूप से आकर्षित करना चाहता हूँ। 'मजदूर वर्ग क्रान्ति के साधन मात्र नहीं है वरन् मजदूर वर्ग के मंगल के लिए ही क्रान्ति होगी।' मेरी समझ में समग्र इतिहास की मर्म कथा जो कम्युनिस्ट सिद्धान्त की प्राण-स्वरूपा है इन दो वाक्यों में व्यञ्जित हो
क्रान्तिकारी दल और कम्युनिस्ट
गई है। इसके अतिरिक्त हमारी संस्था की ओर से जो घोषणा-पत्र प्रकाशित किया गया था उसमें दो-तीन ऐसे और वाक्य भी थे जिनसे साम्यवादी दृष्टिकोण का स्पष्टीकरण होता है जैसे स्वाधीन भारत के भावी राज्य संविधान में विचारालयों (न्यायालयों) की व्यवस्था निःशुल्क की जाएगी। सार्वजनिक मताधिकार होगा। प्रतियोगिता के स्थान पर सहयोगिता के आदर्श को ग्रहण किया जाएगा क्योंकि इसीमें संसार का कल्याण है प्रतियोगिता में नहीं। इस क्रान्तिकारी दल का ध्येय जितना राष्ट्रीय है उससे अधिक अन्तर्राष्ट्रीय होगा और इस हिसाब से यह दल अतीत काल के गौरवमय युग के भारतीय ऋषिवृन्दों एवं आधुनिक काल के बोलशेविक रूस के पदांक का अनुसरण करेगा। इस स्थान पर एक और बात का कहना अप्रासंगिक न होगा। हमारे आज के नवीन आलोक प्राप्त कुछ बन्धुगण प्राचीन गौरवमय युग के भारतीय ऋषिवृन्दों के उल्लेख से नाक-भौं सिकोड़ते हैं और कहते हैं कि आधुनिक रूस के साथ प्राचीन ऋषियों का उल्लेख करना बुद्धि-भ्रंश का परिचय देना है, मानो विश्व-प्रीति का आदर्श बोलशेविक रूस की ही देन है, मानो प्राचीन भारतीय आदर्श में विश्व प्रीति की कोई कल्पना ही न थी। पाठकगण स्वयं विचार करेंगे कि किसे बुद्धि-भ्रम हुआ है।
पं० जवाहरलालजी का यह कहना कि भारतीय क्रान्तिकारी गण फॉसिस्ट थे यह भी नितान्त भ्रामक है। इस स्थान पर इस बात की भी आलोचना करना अनावश्यक समझता हूँ।